इंडिया टुडे ने वरिष्ठ पत्रकार गीता मोहन को प्रमोट करते हुए ग्रुप एडिटर-फॉरेन अफेयर्स नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी में वह समूह की अंतरराष्ट्रीय मामलों, कूटनीति और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों से जुड़ी एडिटोरियल कवरेज का नेतृत्व करेंगी।
गीता मोहन इंडिया टुडे की मल्टीप्लेटफॉर्म पहल इंडिया टुडे ग्लोबल से भी जुड़ी रहेंगी। यह प्लेटफॉर्म अंतरराष्ट्रीय राजनीति और वैश्विक मामलों पर केंद्रित है।
गीता मोहन लंबे समय से इंडिया टुडे के साथ काम कर रही हैं और ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अफगानिस्तान, यूक्रेन और ईरान सहित कई संवेदनशील और संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है। इस दौरान उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत कई प्रमुख वैश्विक नेताओं और नीति-निर्माताओं के इंटरव्यू किए हैं।
नई भूमिका के साथ गीता मोहन इंडिया टुडे के अंतरराष्ट्रीय समाचार और भू-राजनीतिक विश्लेषण पर आधारित कार्यक्रम वर्ल्ड टुडे को भी एंकर करती रहेंगी। कार्यक्रम में वह वैश्विक संघर्षों, कूटनीतिक गतिविधियों, चुनावों और बदलते वैश्विक शक्ति संतुलन से जुड़े मुद्दों को कवर करती हैं।
गीता मोहन ‘हामिद: द स्टोरी ऑफ माई कैप्टिविटी, सर्वाइवल एंड फ्रीडम’ की सह-लेखिका भी हैं। पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया की ओर से प्रकाशित यह किताब पाकिस्तान में हामिद अंसारी की कैद और भारत लौटने की कहानी पर आधारित है।
इंडिया टुडे टीवी ने अक्षिता नंदगोपाल को प्रमोट करते हुए एग्जिक्यूटिव एडिटर-आउटपुट नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी के साथ चैनल की एडिटोरियल लीडरशिप टीम में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं।
अक्षिता नंदगोपाल अप्रैल 2019 से इंडिया टुडे के साथ अपनी मौजूदा पारी में काम कर रही हैं। इससे पहले वह चैनल में सीनियर एडिटर के पद पर थीं। न्यूजरूम ऑपरेशन, एडिटोरियल प्लानिंग और ऑन-एयर जर्नलिज्म उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने चैनल के न्यूज प्रोग्राम, एक्सप्लेनर और राजनीतिक चर्चाओं को भी एंकर किया है।
जनवरी 2026 में उन्होंने इंडिया टुडे की एक डिबेट को होस्ट किया था, जिसमें दक्षिण भारत में भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई थी।
इंडिया टुडे के साथ अक्षिता की यह दूसरी पारी है। इससे पहले वह मार्च 2016 से जून 2017 तक सीनियर एसोसिएट प्रोड्यूसर के तौर पर चैनल से जुड़ी थीं। इसके बाद जुलाई 2017 से फरवरी 2019 तक मुंबई में रिपब्लिक वर्ल्ड में प्रिंसिपल कॉरेस्पोंडेंट के तौर पर काम किया।
इससे पहले अप्रैल 2015 से मार्च 2016 तक वह आईएनएक्स न्यूज में सीनियर एसोसिएट प्रोड्यूसर थीं। अपने शुरुआती करियर में उन्होंने टीवी9 और न्यूज9 में एसोसिएट प्रोड्यूसर और एंकर के तौर पर काम किया। बेंगलुरु में उन्होंने जून 2012 से दिसंबर 2014 तक काम किया।
अक्षिता नंदगोपाल ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 2011 में चेन्नई में प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) के साथ एक संक्षिप्त रिपोर्टिंग असाइनमेंट से की थी।


