भारत24 पर प्रसारित ‘The JC Show’ के नवीनतम एपिसोड में सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ डॉ. जगदीश चंद्र ने नई दिल्ली में आयोजित ऐतिहासिक ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन, भारत के अभूतपूर्व वैश्विक उदय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कूटनीतिक प्रभाव का गहन और बेबाक विश्लेषण किया।
डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि दिल्ली में आयोजित यह ऐतिहासिक ब्रिक्स सम्मेलन एक तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए उनके जन्मदिन का शानदार तोहफ़ा है और आने वाले समय में इसका सीधा राजनीतिक व चुनावी लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा। उन्होंने रेखांकित किया कि सम्मेलन की शुरुआत से लेकर समापन तक केवल नरेंद्र मोदी ही केंद्र बिंदु रहे, पूरा आयोजन उनके इर्द-गिर्द दिखा, इसलिए निर्विवाद रूप से वे ही इस दो दिवसीय सम्मेलन के ‘मैन ऑफ द मैच’ हैं।
डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक उभार अद्वितीय और ऐतिहासिक है। आज 140 करोड़ देशवासी उन पर अटूट विश्वास करते हैं और दुनिया के विभिन्न देशों से मिले 36 सर्वोच्च नागरिक सम्मान उनकी वैश्विक विश्वसनीयता और साख का जीवंत प्रमाण हैं। मोदी जी जो कहते हैं, पूरी संजीदगी से कहते हैं और उसे पूरा करके दिखाते हैं; यही कारण है कि आज पूरी दुनिया उन्हें आदर से सुनती है। डॉ. जगदीश चंद्र ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिमी देशों के उस नैरेटिव को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया कि ब्रिक्स कोई ‘एंटी-वेस्ट’ मंच है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्रिक्स किसी के विरोध में नहीं, बल्कि यह ‘ग्लोबल साउथ’ की सशक्त आवाज़ है। पीएम मोदी ने सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी को पूरी ताकत से रखा, जिसका रूस और चीन दोनों ने पुरजोर समर्थन किया। इसके साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य में स्वतंत्र नौवहन और सुरक्षित समुद्री आवाजाही का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
इसके साथ ही सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ डॉ. जगदीश चंद्र ने पुतिन और शी जिनपिंग के साथ पीएम मोदी की बैठकों के सामरिक व आर्थिक प्रभावों की विस्तृत समीक्षा की। पुतिन और मोदी का एक ही बख्तरबंद कार (आर्मर्ड कार) में साथ निकलना उनकी गहरी व्यक्तिगत मित्रता और दोनों देशों के बीच अटूट भरोसे की अनूठी मिसाल है। दोनों देशों ने 2030 तक आपसी व्यापार को 100 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है, जिसमें स्पेस, क्रिटिकल मिनरल्स और यूपीआई का विस्तार शामिल है। वहीं चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई महत्वपूर्ण वार्ता पर प्रकाश डालते हुए डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि दोनों नेताओं में इस बात पर पूर्ण सहमति बनी कि सीमा पर शांति ही द्विपक्षीय संबंधों की पहली और अनिवार्य शर्त है। जब तक बॉर्डर पर शांति नहीं होगी, तब तक अन्य क्षेत्रों में विकास की बात बेमानी है। इसके साथ ही व्यापारिक बाधाओं को दूर करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को ओपन-सोर्स प्लेटफॉर्म पर लाने पर भी सार्थक चर्चा हुई।
गौरतलब है कि ‘The JC Show’ अपनी प्रामाणिक और सटीक राजनीतिक-कूटनीतिक समीक्षा के चलते दर्शकों के बीच लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सम्मेलन में मोदी, पुतिन और जिनपिंग के एकजुट रुख, पुतिन के साथ कार डिप्लोमेसी और “ब्रिक्स की शुरुआत और अंत मोदी पर” जैसे डॉ. जगदीश चंद्र के दमदार और बेबाक बयानों पर आधारित क्लिप्स को सोशल मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अपार जनसमर्थन मिल रहा है। शो के लाइव के दौरान भी लगभग 1 लाख दर्शक लाइव देख रहे थे,पूरा शो देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:


