न्यूज एंकर अमिश देवगन ने करीब एक दशक से ज्यादा समय तक जुड़े रहने के बाद News18 India से फाइनली विदाई ले ली है। वह अपने चर्चित प्राइम टाइम शो ‘आर-पार’ में आखिरी बार नजर आएंगे। इसके साथ ही नेटवर्क18 के साथ उनकी लंबी पारी समाप्त हो जाएगी।
सूत्रों की माने तो, अमिश देवगन जल्द ही Times Network से अपनी नई पारी शुरू कर सकते हैं। हालांकि उनकी नई भूमिका को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
अमिश देवगन ने करीब 24 साल के पत्रकारिता करियर में प्रिंट, बिजनेस जर्नलिज्म, रिपोर्टिंग, एंकरिंग और एडिटोरियल मैनेजमेंट में काम किया है। उन्होंने वर्ष 2002 में Hindustan Times से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद वह Zee Media से जुड़े और 2005 में Zee Business पहुंचे।
Zee Media में करीब 13 साल के दौरान उन्होंने डिप्टी एडिटर, एडिटर (आउटपुट), एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) और बाद में चीफ एडिटर की जिम्मेदारी संभाली। ‘Mandi Live’ और ‘Big Story Big Debate’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए उन्होंने बिजनेस, अर्थव्यवस्था, बाजार और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी पहचान बनाई।
वर्ष 2016 में अमिश देवगन Network18 से जुड़े। उस समय उन्हें IBN7 (अब News18 India) में एग्जिक्यूटिव एडिटर और एंकर की जिम्मेदारी मिली। बाद में उन्होंने ‘आर-पार’ के जरिए प्राइम टाइम एंकर के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई। वर्ष 2019 में उन्हें News18 के उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान का मैनेजिंग एडिटर भी बनाया गया।
रिपोर्टिंग के दौरान अमिश देवगन ने कोयला घोटाला, ओडिशा माइनिंग स्कैम और हवाला कारोबारी मोईन कुरैशी से जुड़े मामलों सहित कई प्रमुख विषयों पर रिपोर्टिंग की।
News18 India से विदाई के बाद अब उनकी अगली पारी को लेकर Times Network का नाम सामने आ रहा है। उनकी नई जिम्मेदारी और पद को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।




