News18 India के प्राइम टाइम में भी नजर आएंगी, जून में Times Now Navbharat से जुड़ी थीं और सितंबर में छोड़ा संस्थान
नई दिल्ली। सत्ता की तारीफ़ करने वाले पत्रकारों को भला नौकरी की कैसे कमी हो सकती है। न्यूज एंकर रुबिका लियाकत की Network18 में दमदार वापसी हो गई है। इस बार वे डबल इंजन का दायित्व निभायेंगी। वह News18 India के प्राइम टाइम में तो एंकरिंग करेंगी, साथ ही News18 Rajasthan की Managing Editor के तौर पर चैनल की संपादकीय जिम्मेदारी संभालेंगी। मतलब रुबिका लियाकत News18 India के प्राइम टाइम शो के जरिए एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर स्क्रीन पर दिखाई देंगी। वहीं News18 Rajasthan में उनकी भूमिका सिर्फ एंकरिंग तक सीमित नहीं होगी। वह चैनल के संपादकीय कामकाज और कंटेंट स्ट्रैटेजी को लीड करेंगी।
Network18 में यह रुबिका लियाकत की दूसरी पारी है। इससे पहले वह News18 India में Consulting Editor और Prime-Time Anchor के तौर पर काम कर चुकी हैं। उस दौरान उन्होंने राजनीतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर कई कार्यक्रमों और विशेष कवरेज का नेतृत्व किया था।
रुबिका मूल रूप से राजस्थान के उदयपुर की रहने वाली हैं। करीब दो दशक के अपने पत्रकारिता करियर में उन्होंने हिंदी टेलीविजन न्यूज में एंकरिंग के साथ-साथ संपादकीय जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। अब अपने गृह राज्य से जुड़े News18 Rajasthan की संपादकीय कमान संभालना उनके करियर में एक नया अध्याय है।
Times Now Navbharat में तीन महीने से कुछ ज्यादा की पारी
Network18 में वापसी से पहले रुबिका लियाकत ने Times Now Navbharat में काम किया। वह जून 2026 में Senior Executive Editor के पद पर वहां पहुंची थीं। इसके साथ उन्हें Vice President–Special Projects की जिम्मेदारी भी दी गई थी और वह प्राइम टाइम कार्यक्रम ‘News Ki Pathshala’ से जुड़ी थीं।
हालांकि उनकी यह पारी ज्यादा लंबी नहीं चली। सितंबर 2026 में उन्होंने Times Now Navbharat से विदाई ले ली। इसके बाद उनके अगले कदम को लेकर मीडिया इंडस्ट्री में चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अब उनकी Network18 में वापसी के साथ तस्वीर साफ हो गई है।
रुबिका लियाकत ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Live India से की थी। इसके बाद वह News24, Zee News, ABP News, Bharat24 और News18 India जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में रहीं। ABP News में उनका प्राइम टाइम कार्यक्रम ‘Master Stroke’ भी काफी चर्चित रहा। 2022 में वह Bharat24 से Vice President और Anchor के तौर पर जुड़ी थीं। जनवरी 2024 में उन्होंने News18 India का रुख किया था।
अब Network18 ने उन्हें राष्ट्रीय चैनल की प्राइम टाइम स्क्रीन के साथ-साथ News18 Rajasthan की संपादकीय जिम्मेदारी भी सौंप दी है। यानी इस बार रुबिका लियाकत की भूमिका सिर्फ टीवी एंकर की नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दोनों स्तरों पर संपादकीय नेतृत्व की होगी।

