आकाशवाणी, देहरादून ने उत्तराखंड के पौड़ी जिले में अंशकालिक संवाददाता (PTC) की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति अनुबंध के आधार पर होगी। इच्छुक उम्मीदवार 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस पद के लिए पत्रकारिता या जनसंचार में स्नातकोत्तर डिप्लोमा अथवा डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। किसी अन्य विषय में स्नातक की डिग्री रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए पत्रकारिता में कम से कम दो साल का अनुभव अनिवार्य है। आवेदन करने वालों की उम्र 24 से 50 साल के बीच होनी चाहिए।
उम्मीदवार का पौड़ी जिले के मुख्यालय या उसके 10 किलोमीटर के दायरे में रहना जरूरी है। इसके अलावा, कंप्यूटर और वर्ड प्रोसेसिंग की जानकारी होनी चाहिए। समाचार जुटाने के लिए आवश्यक उपकरण भी उम्मीदवार के पास होने चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आकाशवाणी के अनुसार, इस पद पर औसतन 10,000 रुपये प्रतिमाह का भुगतान किया जाएगा। इसमें यात्रा और टेलीफोन का खर्च भी शामिल है। भुगतान निर्धारित नियमों और काम के संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर होगा। यह नियमित सरकारी नौकरी नहीं है।
उम्मीदवारों का चयन साक्षात्कार के जरिए किया जाएगा। इसमें उनकी शैक्षणिक योग्यता, पत्रकारिता के अनुभव, पौड़ी जिले और उत्तराखंड की जानकारी, समसामयिक घटनाओं की समझ, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित होने और समाचार लेखन की क्षमता का आकलन किया जाएगा।
चयन के बाद शुरुआती तीन महीने तक उम्मीदवार के काम की निगरानी होगी। इस दौरान अनुबंध हर महीने नवीनीकृत किया जाएगा। प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर सालाना अनुबंध दिया जा सकता है, जिसे निर्धारित शर्तों के तहत 60 वर्ष की उम्र तक जारी रखा जा सकता है।
केंद्र या राज्य सरकार, केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) में कार्यरत कर्मचारी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे। राजनीतिक दलों के सदस्य भी आवेदन नहीं कर सकते।
आवेदन के लिए निर्धारित फॉर्म के साथ उम्र और पते के प्रमाण, शैक्षणिक योग्यता, पत्रकारिता की डिग्री या डिप्लोमा और कार्य अनुभव से जुड़े दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां लगानी होंगी। हाल की एक तस्वीर भी भेजनी होगी।
भरे हुए आवेदन को रजिस्टर्ड डाक से प्रमुख, आकाशवाणी, डाकघर अजाबपुर कलां, देहरादून- 248001 के पते पर भेजना होगा। आवेदन फॉर्म प्रसार भारती की आधिकारिक वेबसाइट के रिक्तियों वाले पेज पर उपलब्ध है।
भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए आकाशवाणी, देहरादून के फोन नंबर 0135-2974454, मोबाइल नंबर 7037888643 या ईमेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यालय में सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जानकारी ली जा सकती है।
आवेदन फार्म यहां है- आकाशवाणी


