Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

आज के अखबार : विदेशी पत्रकार का वीजा रद्द करने की खबर नहीं, दीपावली मिलन में PM से सवाल भी नहीं!

Hindi newspaper clipping image with a bold headline about an Indian organization expressing concern; body text consists of multiple paragraphs, indicating a news report or editorial.

संजय कुमार सिंह

आज मेरे दस अखबारों में ज्यादातर में खबरों के पहले पन्ने पर विज्ञापन नहीं है। दैनिक भास्कर और द टेलीग्राफ में आधे पन्ने का विज्ञापन है। नवोदय टाइम्स में तीन कॉलम का छोटा सा विज्ञापन है। हालांकि, नवोदय टाइम्स में पहले पन्ने का एक शीर्षक सरकार का बचाव करने वाला है और द टेलीग्राफ में सरकार की राजनीति बताने वाली दो खबरें हैं। इसलिए मुझे लगता है कि पहले पन्ने की हर खबर का महत्व है और चयन संपादकीय नीति से प्रभावित होता हो या नहीं चयन करने वालों की पसंद-नापसंद का मामला जरूर होता है। मेरा मानना है कि मीडिया में ज्यादातर लोग सरकार के प्रचारक हैं। किसी बड़े लाभ के लिए न भी हों तो प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी खिंचवाने का मौका कौन छोड़ना चाहेगा? यहां मैं यही बताउंगा कि आज जब एक विदेशी पत्रकार का भारतीय वीजा अचानक रद्द कर दिए जाने की खबर है तो पत्रकारों ने सरकार से इसका कारण नहीं पूछा। सरकार ने अपनी ओर से जवाब नहीं दिया। चुनाव आयोग ने अपने खिलाफ एक खबर को जरूर गलत बताया है। यह खबर भी आज पहले पन्ने पर नहीं है।

राजधानी दिल्ली के बड़े पत्रकार जब प्रधानमंत्री से मिल रहे थे तब यह खबर आ चुकी थी कि भारत सरकार ने नॉर्वे की महिला पत्रकार हेले लिंग का भारत आने का वीजा अंतिम समय में रद्द कर दिया। देशबन्धु, द टेलीग्राफ और टाइम्स ऑफ इंडिया में इससे संबंधित खबर है। लेकिन यह खबर नहीं है कि सरकार ने इसपर क्या कहा या इस खबर पर सरकारी पक्ष क्या है। देशबन्धु में प्रकाशित एजेंसियों की  खबर के अनुसार, इस साल मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओस्लो यात्रा के दौरान उनसे सवाल पूछने को लेकर चर्चा में आई नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग ने आरोप लगाया है कि भारत सरकार ने ‘भारत समिट’ में शामिल होने के लिए हैदराबाद रवाना होने से कुछ घंटे पहले उनका वीजा रद्द कर दिया। हेले लिंग का दावा है कि यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से आया है, लेकिन वीजा रद्द करने के संबंध में उन्हें कोई ठोस कारण नहीं बताया गया। इस घटना के बाद कांग्रेस की ओर से तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है, जो 13 14 नवंबर को हैदराबाद में इस कार्यक्रम की मेजबानी कर रही है।

हेले लिंग ने बताया कि उन्हें मीडिया के भविष्य, प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतंत्र जैसे विषयों पर एक पैनलिस्ट और वक्ता के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वीजा और राजनीतिक मंजूरी दोनों मिल चुके थे। अब उन्हें भारत बुलाया गया था, अनुमति और वीजा दोनों मिल गया था लेकिन अंतिम समय में रद्द हो गया। यह बेहद असामान्य है और विदेश में राहुल गांधी के कुछ बोलने से अगर देश (या सरकार या भाजपा या आरएसएस) की बदनामी होती है तो ऐसे कार्यों से भी देश की बदनामी होती है। गृह मंत्रालय को इसका कारण तो बताना ही चाहिए था और नहीं बताया तो पत्रकारों को पूछना चाहिए था। उनकी जिम्मेदारी है कि देश दुनिया को बताएं कि सरकार इस बारे में क्या कह रही है या कुछ नहीं कह रही है। देशबन्धु ने लिखा है लेकिन मिलने वाले पत्रकारों ने पूछा या नहीं, लिखा या नहीं – मेरे 10 अखबारों में पहले पन्ने पर नहीं है।

इस तथ्य के बावजूद नहीं है कि एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने इसपर गहरी चिन्ता जताई चिंता है और देशबन्धु में पहले पन्ने पर एक खबर (पांच कॉलम के एंकर) का शीर्षक है – भारत ने वीजा व्यवस्था को किया और सरल। आप जानते हैं कि भारत के नागरिकों को भारत आने के लिए वीजा लेने की जरूरत नहीं है और यह खबर विदेशियों के लिए है फिर भी पहले पन्ने पर है और किसी विदेशी पत्रकार को भारत सरकार ने वीजा देकर आने से रोका क्यों? इसपर कुछ नहीं है। दि एशियन एज जैसे अखबार की लीड का शीर्षक प्रधानमंत्री का प्रवचन है,  मीडिया भारत के लोकतंत्र को जीवन्त रखने की कुंजी है। लेकिन लोकतंत्र में पत्रकारिता की स्थिति यह है कि नवोदय टाइम्स में एक खबर का शीर्षक है, लॉरेंस से नहीं, रोहतक से आई थी केजरीवाल को धमकी। ऐसा तब जब दि एशियन एज के साथ दैनिक भास्कर की खबर में भी लॉरेंस बिश्वनोई गैंग का नाम है।

दि एशियन एज में यह तीन कॉलम की खबर है। उपशीर्षक है – आप विधायक ने विश्नोई गैंग से लिंक का दावा किया। दैनिक भास्कर (आधे पन्ने का विज्ञापन है) में सूत्र बताए बगैर मोहाली डेटलाइन से सिंगल कॉलम की खबर है, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को लॉरेंस गैंग ने धमकी दी है। धमकी में 7 करोड़ रुपए की फिरौती न देने पर जान से मारने की बात कही गई है। पंजाब पुलिस ने दिल्ली के आप विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है। विधायक जरनैल ने मोहाली के एसएसपी को बताया कि 6 नवंबर को उनके मोबाइल पर कॉल और वॉट्सएप मैसेज आया था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया। यह खबर इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जेल में बंद गैंगस्टर्स को संरक्षण देने का आरोप लगाया था। एक रैली में राहुल गांधी ने देश की कानून-व्यवस्था और नशीले पदार्थों की तस्करी के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना की और कहा, एक तरफ तो गृह मंत्री कानून-व्यवस्था की बात करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ उन्होंने जेल में गैंगस्टर्स को पाल रखा है। दुनिया जानती है कि यह अमित विश्नोई के लिए था।

सोनिया गांधी की आत्मकथा में राजीव गांधी की सुरक्षा और हत्या का जिक्र है। पुस्तक के अनुसार, मार्च 1991 में अमेरिका लौटने से पहले राहुल गांधी ने कहा था, “मां, अगर पापा की सुरक्षा को लेकर कुछ नहीं किया गया, तो मुझे जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ेगा।” 21 मई 1991 को जब राजीव गांधी की हत्या हुई तो राहुल गांधी को एक दोस्त ने फोन किया कि बुरी खबर है, तो राहुल का कहना था “पापा मर गए हैं, है न?” (यह बात चीत अंग्रेजी में हुई होगी। किताब में वर्णन भी अंग्रेजी में है और विस्तार से है। इसलिए पाठक बिल्कुल यही न समझें तथ्य समझने की कोशिश करें)। अमर उजाला में आज केजरीवाल से फिरौती मांगने की खबर नहीं है लेकिन अमिताभ बच्चन के बंगले और मेयर के दफ्तर को उड़ाने की धमकी – दो कॉलम की खबर है। नरेन्द्र मोदी की सरकार विरोधियों को बेअसर और अपने पाले में करने के लिए जो सब करती रही है उससे संबंधित एक और खबर आज अखबारों में है।

अमर उजाला के साथ यह द टेलीग्राफ में भी है। अमर उजाला में यह रूटीन खबर की तरह है, पित्रोदा ने की तारीफ तो पीएम मोदी ने दी दीवाली की बधाई। द टेलीग्राफ में इसका शीर्षक है,  आत्मकथा में नहीं होना, मोदी का लाभ। जेपी यादव ने नई दिल्ली डेटलाइन से लिखा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सैम पित्रोदा और उनकी पत्नी को दिवाली और गुजराती नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। यह तब हुआ जब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख ने मोदी को अपना “गुजराती दोस्त” बताया और कहा कि उनके साथ उनके अच्छे संबंध रहे हैं। नेहरू-गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले व्यक्ति के प्रति मोदी का यह कदम कांग्रेस के खिलाफ एक राजनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है। यह सोनिया गांधी के संस्मरण के ठीक बाद आया है। इसमें उन्होंने दावा किया है कि प्रधानमंत्री के साथ उनका “कोई वास्तविक संपर्क” नहीं रहा है। सोनिया ने लिखा है कि संसद में जब सामने पड़ते हैं, तो मोदी “नजरें फेर लेते हैं” और “आंखें मिलाने से बचते हैं”।

प्रधानमंत्री ने गुरुवार को ‘एक्स’ (ट्विटर) पर लिखा, “सैम भाई और अंजना बेन, आपको दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन। आने वाला साल आपके लिए सुखद और स्वस्थ हो, यही कामना है। जय जगन्नाथ!” उन्होंने यह बात एक वीडियो के जवाब में लिखी, जिसमें पित्रोदा उनके बारे में बहुत आत्मीयता से बात करते नजर आ रहे हैं। दिल्ली के राजनीतिक हलकों में कई लोगों का मानना ​​है कि पित्रोदा की इन बातों के पीछे शायद थोड़ी नाराजगी है। हो सकता है कि उन्हें इस बात का बुरा लगा हो कि सोनिया गांधी ने हाल ही में जो संस्मरण लिखा है, उसमें नेहरू-गांधी परिवार के साथ उनके लंबे जुड़ाव का कोई जिक्र नहीं किया गया।

दि इंडियन एक्सप्रेस के पहले पन्ने की एक्सप्रेस पड़ताल और एक्सप्रेस एक्सक्लूसिव के अलावा आज हिन्दुस्तान टाइम्स और टाइम्स ऑफ इंडिया की सकेंड लीड, द हिन्दू की लीड और एक अन्य खबर आज भारतीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है लेकिन दूसरे अखबारों में नहीं है या कम महत्व दिया गया है। इंडियन एक्सप्रेस की एक्सक्लूसिव खबरों के अलावा इसमें हिन्दुस्तान टाइम्स की सेकेंड लीड भी प्रमुखता से है। खबर है कि जम्मू व कश्मीर पुलिस के दो विशेष पुलिस अधिकारियों के गोलियों से छलनी शव किश्वतवाड में मिले हैं। आप जानते हैं कि 2019 में अनुच्छेद 370 खत्म करने के बाद केंद्र सरकार ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है और खबरें रोकने के तमाम उपाय किए थे। विधानसभा चुनाव से पहले आतंकवाद मुक्त होने का दावा भी किया गया और कल मैंने लिखा था कि उसके बावजूद हुए आतंकी वारदात को अखबारों में वैसी प्रमुखता नहीं मिली जैसी मिलनी चाहिए थी। आज भी विदेशी खबर को लीड बनाया गया है लेकिन इसे लीड नहीं बनाया गया है। 

टाइम्स ऑफ इंडिया की सेकेंड लीड राजस्थान में एसआईआर के बाद स्पेशल समरी ड्राफ्ट में आंकड़ों की नई पहेली है। खबर के अनुसार राज्य की मतदाता सूची में अब एसआईआर के मुकाबले 11 लाख ज्यादा वोटर हैं। आप इससे समझ सकते हैं कि एसआईआर के नाम पर देश भर में क्या कुछ हो रहा है। मुद्दा यह है कि इन खबरों को रोका जा रहा है, महत्व नहीं दिया जा रहा है और सरकार इन सूचनाओं को आप तक पहुंचने से रोकने के लिए हर संभव उपाय कर रही है। इसीलिए आज इस  और चुनाव आयोग से संबंधित दूसरी खबरों को प्रमुखता नहीं मिली है। आज इसे मिली है तो कल किसी और को मिलेगी। लेकिन आज की एक खबर यह भी है। मोटा-मोटी जो सरकार 370 हटाने का लाभ यह बताती है कि कश्मीर में हिंसा कम हो गई है वह खबरें नहीं छपने देती है। आज चुनाव आयोग के कारनामों की खबर अलग है। मुख्य धारा के मेरे इन अखबारों में पहले पन्ने पर तो नहीं ही है।

देशबन्धु और द हिन्दू की लीड आज एक ही खबर है। शीर्षक है, अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक की सीमा को पार कर 6.1% पर पहुंच गई। उपशीर्षक है, दो साल में पहली बार महंगाई दर तय सीमा (कंफर्ट बैंड) से बाहर निकल गई है और इंडेक्स में शामिल लगभग सभी श्रेणियों ने अब तक का उच्चतम स्तर छू लिया है; खाद्य और पेय पदार्थों में महंगाई दर बढ़कर 8.5% हो गई है, जबकि परिवहन क्षेत्र में यह 5.8% है। द हिन्दू में आज एक और खबर है जो दूसरे अखबारों में पहले पन्ने पर नहीं दिखी। निश्चित रूप से यह खबर भाजपा की राजनीति का परिणाम है और संभव है भाजपा की मुश्किल भी हो। शायद इसीलिए इस खबर को आज महत्व नहीं मिला है। खबर का शीर्षक है – मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजने से विवाद; एमएनएस ने आंदोलन की धमकी दी। खबर के अनुसार, छठ पूजा से पहले मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने को लेकर गुरुवार को विवाद खड़ा हो गया। जहां कुछ विपक्षी दलों ने रेलवे के इस कदम पर सवाल उठाए, वहीं भारतीय जनता पार्टी के एक कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों में भी महाराष्ट्र दिवस और दूसरे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास