उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र में खेत पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। भेजी गई जानकारी के अनुसार, आरोपियों में हिंदी दैनिक पायनियर के उन्नाव संवाददाता रवीन्द्र बहादुर सिंह और हिंदी खबर न्यूज़ चैनल के लखनऊ प्रभारी विक्रम सिंह भी शामिल हैं।
एफआईआर के मुताबिक, ग्राम देवीखेड़ा मजरा सहिला निवासी नवनीत सिंह पुत्र शिवभद्र सिंह ने तहरीर दी है कि 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे वह, आशीष कुमार सिंह और मिथलेश सिंह गांव के दक्षिण में स्थित अपने खेत पर काम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रवीन्द्र बहादुर सिंह, कमल कुमार सिंह, विक्रम सिंह समेत 16 लोग एक साथ वहां पहुंचे और जमीन उन्हें सौंप देने को कहा। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने जेसीबी से खेत में लगे आरसीसी के पिलर और आम का पेड़ उखाड़ दिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रवीन्द्र बहादुर सिंह ने जान से मारने की नीयत से आशीष कुमार सिंह पर तीन राउंड फायर किए। जान बचाकर भागते समय अनूप सिंह और विक्रम सिंह ने आशीष के सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद अन्य आरोपियों ने ईंट और लाठी-डंडों से उन पर हमला किया। बचाने पहुंचे नवनीत सिंह को भी लाठी-डंडों से पीटे जाने का आरोप है।
शिकायत के मुताबिक, शोर सुनकर आशीष की पत्नी प्रियंका सिंह मौके पर पहुंचीं तो उनसे भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई और उन पर रिवाल्वर तानकर अभद्रता के लिए उकसाया गया। हमले में आशीष कुमार सिंह और प्रियंका सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने 9 नवंबर की रात 8:50 बजे अपराध संख्या 0334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 49, 190, 191(2), 191(3), 115(2), 324(4) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सीओ बीघापुर को सौंपी गई है।
एफआईआर में नामजद अन्य आरोपी कृष्ण कुमार सिंह, राजेन्द्र बहादुर सिंह, विमल कुमार सिंह, प्रद्युम्न कुमार सिंह, ज्ञानेन्द्र सिंह, जितेन्द्र कुमार सिंह, तेज सिंह, अनुज सिंह, आशीष कुमार सिंह (पुत्र देव सिंह), अंकित सिंह, अनूप सिंह, शौर्य सिंह और अभिषेक सिंह हैं। सभी आरोपी इसी गांव के निवासी हैं।
भेजी गई जानकारी के अनुसार, विवाद पुश्तैनी जमीन के हिस्से को लेकर है और घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उल्टे उनके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज करा दिए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
इस मामले में आरोपी पक्ष का कहना फिलहाल सामने नहीं आया है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।


