अशोक झा
दिल्ली में छठ महापर्व के ठीक बीच में यमुना मैया को लेकर सोशल मीडिया पर जो सियासी नौटंकी चल रही है, उसकी असलियत को ताजा मीडिया रिपोर्ट्स और घाटों की तस्वीरों ने बेनकाब कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से बीजेपी के बड़े नेताओं से लेकर छुटभैया कार्यकर्ताओं तक ने सोशल मीडिया पर केजरीवाल के समय की यमुना बनाम बीजेपी राज की यमुना के पोस्टरों की बाढ़ ला दी है। कुछ दिन पहले ही सांसद मनोज तिवारी सोनिया विहार में यमुना में डुबकी लगाते और पानी का आचमन करते नजर आए। उन्होंने यहां तक दावा कर दिया कि डेढ़ साल में आधी यमुना साफ हो गई है और पानी इतना निर्मल है कि अब इसमें प्रवासी पक्षी और मगरमच्छ तक आने लगे हैं। इसी पीआर को आगे बढ़ाते हुए छठ से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रियों के साथ सोनिया विहार से जगतपुर के बीच 6 किलोमीटर की नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा और भव्य लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन कर दिया, ताकि रील्स और कैमरों में यमुना चमकती हुई दिखे।
लेकिन कैमरे का एंगल बदलते ही छठ घाटों से आई जमीनी रिपोर्ट्स और वहां पहुंचे श्रद्धालुओं की बातों ने इस पूरे प्रचार तंत्र की हवा निकाल दी है। जिस सोनिया विहार में मनोज तिवारी ने पानी पीकर दिखाया और जहां क्रूज चलाया गया, ठीक उसी सोनिया विहार और बुराड़ी के घाटों पर छठ के सांध्य अर्घ्य से ठीक पहले हजारों मरी हुई मछलियों का अंबार तैरता मिला है। यही नहीं, दिल्ली जल बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक यमुना में अमोनिया और जहरीले प्रदूषण का स्तर अचानक इतना बढ़ गया कि सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी का उत्पादन तक घटाना पड़ा। उधर वजीराबाद से आगे सूरघाट, कालिंदी कुंज और ओखला बैराज की तरफ बढ़ें तो नजफगढ़ नाले का बिना ट्रीट किया हुआ सीवर आज भी सीधे यमुना में गिर रहा है और नदी के ऊपर जहरीले सफेद झाग की मोटी चादर तैर रही है।
सबसे शर्मनाक बात यह है कि जब छठ घाटों पर सड़ती हुई मछलियों और बदबूदार काले पानी को देखकर श्रद्धालुओं का गुस्सा फूटा, तो जिम्मेदारी लेने के बजाय दोनों पार्टियां अपनी पुरानी बेशर्म बयानबाजी पर उतर आईं। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा और सरकारी विभाग अपनी नाकामी छुपाने के लिए सोनिया विहार थाने में शिकायत दर्ज करवा रहे हैं कि किसी ने सरकार की छवि खराब करने के लिए जानबूझकर मरी हुई मछलियां यमुना में फेंक दी हैं, तो दूसरी तरफ दस साल तक यमुना के नाम पर सिर्फ तारीखें देने वाली आम आदमी पार्टी के नेता अब घाटों पर जाकर बोतलों में काला पानी भरकर वीडियो बना रहे हैं।
कितने दुर्भाग्य की बात है कि जिस सनातन संस्कृति में गंगा और यमुना को केवल नदी नहीं बल्कि साक्षात देवी और मां मानकर पूजा जाता है, जहां भगवान श्रीकृष्ण की पटरानी कालिंदी और छठी मैया के महापर्व पर करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है, उस देश की राजधानी में आस्था के साथ ऐसा भद्दा मजाक हो रहा है। सरकारें बदल गईं, करोड़ों रुपये क्रूज और लाइट शो के इवेंट पर फूंक दिए गए, लेकिन छठ व्रतियों के हिस्से में आज भी वही जहरीला झाग, अमोनिया वाला काला पानी और नेताओं की सियासी रीलें ही आई हैं।
