दिलीप ख़ान-
सोशल मीडिया छोटे मुद्दों में उलझ जाता है। मनीला में क्वाड के फ़ोटोसेशन में मोदी ने ज़मीन से मार्कर उठाकर जेब में रख लिया और इसके बाद लोग इसी में उलझ गए। टीवी चैनलों ने हमेशा की तरह यह ऐलान कर दिया कि वह तिरंगा था, कुछ अख़बारों ने यह भी लिखा कि वह मामूली सफ़ेद कार्ड यानी मार्कर था।

लेकिन इसमें असली ख़बर दब गई। फ़ोटो सेशन के दौरान पत्रकार ट्रंप से सवाल पूछने लगे। एनवीडिया, ड्यूश बैंक, शी जिनपिंग, ईरान वग़ैरह पर। ट्रंप एक के बाद एक जवाब देते रहे। सवाल शुरू होते ही मोदी ने बेचैनी से हाथ का इशारा किया, यह आदमी पहले जापानी प्रधानमंत्री ताकाइची और फिर ट्रंप की ओर मुड़ा और बोला, ‘शैल वी मूव?’ यानी, ‘चलें?’
उस वक़्त एक पत्रकार अपना सवाल पूरा भी नहीं कर पाया था।
किसी ने मोदी की बात नहीं सुनी। ट्रंप क़रीब तीन मिनट और सवालों के जवाब देता रहा और मोदी पूरे सेशन चुपचाप बुत की मानिंद खड़ा रहा। हलाल होने से पहले बकरे की जो सूरत होती है, मोदी की बेचैनी वैसी ही थी।
इसी बीच ट्रंप ने मोदी और ताकाइची की ओर मुड़कर कहा, ‘देखिए, मुझसे कैसे सवाल पूछे जाते हैं? बहुत टफ़।’
ब्लूमबर्ग में यह पूरा फ़ुटेज चला और वायरल हो गया। भारतीय मीडिया इस हिस्से को छोड़कर बाक़ी सब दिखा गया। मोदी के बारे में पूरी दुनिया के नेता जानते हैं कि यह आदमी सवाल का जवाब नहीं दे सकता। यह टेलीप्रॉम्पटर वाला नेता है। पत्रकार देखते ही पीठ का पसीना पता नहीं कहां से टपकने लगता है।
यह स्क्रिप्टेड इंटरव्यू दे सकता है। 2023 में व्हाइट हाउस में दो सवाल झेलने पड़े थे, तो वहीं से पसीना छूटा था, जहां से आप समझ रहे हैं। इसी साल ओस्लो में एक नॉर्वेजियन पत्रकार के सवाल को अनसुना करके यह आदमी मंच से भाग गया था। मनीला में भी मोदी ने अपना ट्रैक रिकॉर्ड क़ायम रखा। सवाल आए, तो मंच छोड़ने का रास्ता खोजने लगा।
ऊपर से ट्रंप ने मोदी के ज़ख़्म पर यह कहकर नमक रगड़ दिया कि ‘देखिए, कितने टफ़ सवाल पूछे जाते हैं।’ ट्रंप से आप कितनी भी असहमति रखें, वह उस वक़्त सवालों का सामना कर रहा था। मोदी उनसे भाग रहा था। एक देश का मुखिया हर सवाल का जवाब नहीं दे सकता, यह समझ में आता है।
लेकिन जो मुखिया सवाल सुनते ही बेचैन हो जाए, वह 140 करोड़ लोगों की ओर से दुनिया से आंख मिलाकर बात कैसे करेगा? यह आदमी हाल ही में दिवाली पार्टी में दिवाली की शुभकामना तक मुंहज़ुबानी नहीं दे पाया। इसके लिए भी मोदी को टेलीप्रॉम्पटर पढ़ना पड़ा था।
यह बात मार्कर वाली बहस से ज़्यादा गंभीर है।
दीपक गोस्वामी-
मीडिया के सवालों से इतना भी क्या डरना तन्नू (तानाशाह) जी, कि आप वैश्विक मंच पर भारत की बेइज़्ज़ती कराने लगें। कल आपने यही किया। ट्रंप से जैसे ही मीडिया ने सवाल किया, आप सकपकाने लगे कि कहीं कोई आपसे भी सवाल न कर ले।
आपकी सकपकाहट ठीक वैसी ही थी, जैसे क्लास का शैतान बच्चा होमवर्क करके नहीं लाता और उसका ‘माय डियर फ्रेंड’ टीचर के सामने टेस्ट देने के लिए तैयार खड़ा हो जाता है। तब शैतान बच्चा कुछ भी करके टीचर के सवालों और उसकी नज़रों से बचना चाहता है। उसके चेहरे पर डर और दहशत से 12 बजे होते हैं।
इसी डर और दहशत में आप इतना शिष्टाचार भी भूल गए कि ट्रंप जब सवालों के जवाब दे रहे थे, तो आप बीच में ही बोल पड़े, ‘Shall we move?’
जब आपने ऐसा बोला तो मुझे उन पत्नियों की याद आ गई, जो अपने पति के साथ ऑफ़िस की पार्टी में तो चली जाती हैं, लेकिन जब पति अपने कलीग्स से रूबरू होता है और वे बगल में खड़ी होती हैं, तो असहज हो जाती हैं और अचानक पति को बीच में टोकते हुए कहती हैं, ‘चलें क्या?’ यानी ‘Shall we move?’
तब पति का जो व्यवहार होता है, ठीक वैसा ही व्यवहार ट्रंप का था। पति तब पत्नी की तारीफ़ में दो शब्द कहता है, लेकिन वह बस पत्नी को सहज महसूस कराने के लिए जबरन की गई तारीफ़ होती है। इसके बाद वह पत्नी के सामने तंज भी कसता है कि देखो, मुझे ऑफ़िस में किन-किन लोगों से डील करना पड़ता है।
ट्रंप ने वही किया। पहले तो अपने मीडिया के साथियों से कहा, ‘तन्नू बहुत Tough Man हैं।’ फिर अगले ही पल तंज भी कस दिया और कहा, ‘See how I get these questions? Very tough.’ इसके बाद ट्रंप हंसने लगे और तन्नू जी संस्कारी पत्नी की तरह चुपचाप बगलें झांकते रहे।
ट्रंप का उन्हें Tough Man कहना और फिर यह कहना कि ‘देखो, मैं कैसे-कैसे मुश्किल सवालों को लेता हूं’, सीधे तौर पर तंज था कि तन्नू जी मीडिया के सवालों से डरते हैं।
वास्तव में वे डरते भी हैं और इस बात की पुष्टि उनकी बॉडी लैंग्वेज और बीच बातचीत में ‘Shall we move?’ कहने से हो जाती है।
डॉ. नदीम अख़्तर-
तिरंगा था या मार्कर था या नाम की पर्ची थी, जिसे पीएम ने उठाकर जेब में रख लिया, मीडिया को इसे ही जस्टिफ़ाई करने में पसीने छूट रहे हैं। पब्लिक गाली दे रही है, सो अलग।

अरे भाई! आयोजकों से पूछ लो। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से पूछ लो। बिना फ़ैक्ट चेक किए ख़बर चलाकर क्यों अपनी धूल-धूसरित साख पर तेज़ाब डाल रहे हो?
भारत का मीडिया उड़ता तीर लेता है। अगर ज़मीन पर तिरंगा था, तो पीएम कभी उस तिरंगे को उठाने के बाद ज़ोर से उंगलियां उस पर नहीं मारते। ज़ाहिर है, वह एक नामपट्टी या मार्कर टाइप ही कुछ रहा होगा।
अगर उसे उठा लिया, तो भी हाय-तौबा की ज़रूरत नहीं। लेकिन वह तिरंगा था, यह कहकर मीडिया अपनी भद्द ही पिटवा रहा है। वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि वह सादे रंग का कार्ड है। दोनों तरफ़ से।


