विजय पाठक-
प्रभात खबर के साथ अपने सफर में कुछ ऐसे तथ्य भी आपके समक्ष रखूंगा, जो शायद कोई दूसरा न जानता हो… आज की कड़ी में आप मेरी यात्रा की ऐसी ही कहानी पढ़ें और अपनी टिप्पणी दें। आप मेरे ब्लॉग Vijaypathak.com से भी जुड़े रह सकते हैं।
प्रभात खबर में काम शुरू करने के शुरुआती वर्षों की कुछ यादें आज भी जेहन में बिल्कुल ताजा हैं। 1990 से रांची मुख्यालय में काम शुरू किया था। उस समय अखबार का माहौल अलग था। नयी टीम बन रही थी। वरिष्ठ साथियों से सीखने और खुद को पत्रकारिता की बारीकियों के अनुरूप ढालने का दौर था। हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता था।
तब अपने प्रधान संपादक हरिवंश सर से हम लोगों की रोज-रोज मुलाकात नहीं होती थी। उनका कोई संदेश हरि भाई (हरिनारायण सिंह), अविनाश ठाकुर सर, अनुज भैया जैसे सीनियर्स के माध्यम से ही हम लोगों तक पहुंचता था।
हरिवंश सर प्रधान संपादक थे और स्वाभाविक रूप से उनकी जिम्मेदारियां भी काफी अधिक थीं। तब संस्थान भी गढ़ा जा रहा था। प्रभात खबर के हर काम पर हरिवंश सर की नजर रहती थी, स्वाभाविक है इसमें संपादकीय विभाग भी था, पर हर कर्मचारी से रोज मिलना संभव नहीं था। हालांकि, वह बतौर टीम लीडर पूरी टीम पर नजर रखते थे। कौन क्या काम कर रहा है, किसकी क्या क्षमता है और किसे किस तरह आगे बढ़ाया जा सकता है, इन बातों की जानकारी उन्हें रहती थी।
इसी दौरान एक दिन अचानक उन्होंने मुझे अपने पास बुलाया। मैं उनके पास पहुंचा, तो उन्होंने एक अखबार की कटिंग मेरे हाथ में दी। वह पीटीआइ (प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया) में निकली नौकरी की वेकेंसी का विज्ञापन था। उन्होंने कहा, इसमें अप्लाई करो। लिखित परीक्षा निकाल लो, इंटरव्यू में मैं मदद कर दूंगा।
उनकी यह बात मेरे लिए अप्रत्याशित थी। एक प्रधान संपादक का किसी अपेक्षाकृत नये पत्रकार को इस तरह आगे बढ़ने का अवसर सुझाना अपने आप में बड़ी बात थी। वह चाहते थे कि मैं एक बेहतर संस्थान में जाने की संभावना तलाशूं। उन्होंने रास्ता भी बताया और हौसला भी दिया। अब पीछे मुड़कर देखता हूं, तो महसूस होता है कि उस समय उन्होंने मेरे भीतर कुछ संभावनाएं देखी होंगी। शायद उन्हें लगा होगा कि मैं पीटीआइ जैसी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी में काम करने की क्षमता रखता हूं।
पर मुझसे चूक हो गयी। मैं उस वेकेंसी के लिए आवेदन ही नहीं कर सका। आज सोचता हूं, तो लगता है कि अगर उस समय आवेदन कर दिया होता और चयन हो जाता, तो शायद जिंदगी की दिशा कुछ और होती। पीटीआइ में काम करने का अवसर मिलता, देश के अलग-अलग हिस्सों की पत्रकारिता को करीब से जानने का मौका मिलता।
अब इसे मेरी लापरवाही कहें, परिस्थितियों का संयोग कहें या नियति का कोई संकेत, मैं उस अवसर तक पहुंच ही नहीं पाया। उस समय शायद इस चूक का उतना अहसास भी नहीं हुआ होगा, जितना आज होता है। जिंदगी अपनी गति से आगे बढ़ती रही। मैं प्रभात खबर में काम करता रहा और धीरे-धीरे यह संस्थान मेरी जिंदगी का अभिन्न हिस्सा बनता चला गया।
कभी-कभी मन में यह ख्याल आता है कि शायद मैं प्रभात खबर के लिए ही बना था। जिस संस्थान में एक नयी शुरुआत की थी, उसी के साथ करीब 40 साल का सफर पूरा हो गया। नौकरी के लिहाज से यह बहुत लंबा समय है। इस दौरान कई पीढ़ियां आयीं और गयीं। संस्थान बदला, अखबार बदला, पत्रकारिता का स्वरूप बदला, तकनीक बदली, काम करने के तरीके बदले, लेकिन प्रभात खबर से मेरा रिश्ता बना रहा।
हरिवंश सर की एक दूसरी सलाह भी मुझे आज तक याद है
उसी मुलाकात में उन्होंने यह भी कहा था, अभी उम्र कम है। कोई बड़ी लायबिलिटी भी नहीं है तुम्हारी। कोशिश करना कि एक संस्थान में तीन साल से अधिक नहीं रहना। इससे ग्रोथ होगा।
उनकी इस सलाह के पीछे एक स्पष्ट सोच थी। वह चाहते थे कि युवा पत्रकार एक ही जगह ठहर कर न रह जाएं। अलग-अलग संस्थानों में काम करने से अनुभव बढ़ता है, काम करने के तरीके समझ में आते हैं, नये लोगों से मिलने का अवसर मिलता है और पेशेवर विकास के रास्ते खुलते हैं। पत्रकारिता में अलग-अलग संस्थानों का अनुभव व्यक्ति को व्यापक दृष्टि देता है। एक जगह बहुत लंबे समय तक काम करने से कई बार व्यक्ति एक खास कार्यशैली का अभ्यस्त हो जाता है। बदलाव उसे नयी चुनौतियों और नये अनुभवों से जोड़ता है।
उनकी बात में दम था। आज भी मानता हूं कि युवा पत्रकारों को अपने करियर को लेकर यह दृष्टिकोण रखना चाहिए, लेकिन मेरे मामले में ईश्वर को शायद कुछ और ही मंजूर था। जिस व्यक्ति को हरिवंश सर ने तीन साल से अधिक एक संस्थान में नहीं रहने की सलाह दी थी, वह उसी संस्थान में करीब चार दशक तक काम करता रहा। न पीटीआइ की नौकरी के लिए आवेदन कर सका और न ही तीन साल बाद किसी दूसरे संस्थान की ओर कदम बढ़ा सका। प्रभात खबर में ही काम करते हुए पत्रकारिता के कई पड़ाव पार किये।
इस लंबे सफर में एक दिलचस्प बात यह भी रही कि शुरुआत में हरिवंश सर से रोज मुलाकात नहीं हो पाती थी, पर आगे चलकर उनके साथ काम करने का अवसर लगातार मिलता गया। संपादकीय विभाग में संभवत: मैं उन कुछेक लोगों में शामिल रहा, जिन्होंने रांची मुख्यालय में हरिवंश सर के साथ सबसे अधिक समय बिताया।
यह भी अपने आप में एक अनुभव रहा। हरिवंश सर जैसे प्रधान संपादक को करीब से देखने, उनके काम करने के तरीके को समझने, उनकी प्राथमिकताओं को जानने और समय के साथ उनके भीतर के पत्रकार को महसूस करने का अवसर मिला। उनके साथ काम करते हुए यह समझने का मौका मिला कि किसी संस्थान को खड़ा करना केवल खबरें प्रकाशित करने का काम नहीं है। इसके लिए दूरदृष्टि, टीम बनाने की क्षमता, लोगों को पहचानने की समझ और कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाये रखने की जरूरत होती है।
हरिवंश सर की कार्यशैली में एक खास बात मुझे हमेशा प्रभावित करती रही। वह लोगों की क्षमता को पहचानते थे। किसी को आगे बढ़ने का अवसर देना, किसी को नयी जिम्मेदारी सौंपना और किसी को उसकी सीमा से बाहर जाकर काम करने के लिए प्रेरित करना, उनकी कार्यशैली का हिस्सा था। पीटीआइ की कटिंग वाला वह प्रसंग भी इसी का एक उदाहरण था। उन्होंने मेरे लिए एक संभावना का दरवाजा खोला था। यह अलग बात है कि मैं उस दरवाजे तक पहुंच नहीं पाया।
जब अपने पुराने दिनों को याद करता हूं, तो उस छोटी-सी घटना का महत्व और बढ़ जाता है। एक तरफ पीटीआइ की नौकरी के लिए आवेदन करने का छूट गया अवसर है, दूसरी तरफ प्रभात खबर में बीते करीब 40 वर्षों का लंबा सफर। उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह नौजवान इतने लंबे समय तक इसी संस्थान से जुड़ा रहेगा।
पत्रकारिता के इस सफर में बहुत कुछ मिला। सीखने के अवसर मिले, वरिष्ठों का मार्गदर्शन मिला, साथियों का स्नेह मिला और पाठकों से एक रिश्ता बना। इस दौरान कई उतार-चढ़ाव भी आये। संस्थान के संघर्ष के दिन भी देखे और उसके विस्तार के दौर के भी साक्षी रहे। एक छोटे से अखबार को आगे बढ़ते हुए देखने का अपना अलग आनंद रहा।
मुझे लगता है कि जिंदगी में हर अवसर का इस्तेमाल करना जरूरी नहीं कि हमारे हाथ में हो। कुछ अवसर छूट जाते हैं और कुछ रास्ते अनजाने में ही हमारी मंजिल बन जाते हैं। हरिवंश सर की वह सलाह आज भी एक याद की तरह मन में है। मैं उनकी सलाह पर अमल नहीं कर सका, लेकिन शायद इसी वजह से प्रभात खबर के साथ मेरा रिश्ता इतना गहरा हो पाया। करीब चार दशक का यह सफर अब नौकरी के लिहाज से भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन पत्रकारिता से रिश्ता खत्म नहीं हुआ है।
कभी-कभी लगता है, उस दिन पीटीआइ की कटिंग के साथ एक दूसरा रास्ता मेरे सामने रखा गया था। मैंने उस रास्ते पर कदम नहीं बढ़ाया। शायद इसलिए कि मेरी मंजिल कहीं और नहीं, यहीं थी। प्रभात खबर में। और शायद यही जिंदगी का सबसे खूबसूरत संयोग है।
पिछली कड़ियां:
प्रभात खबर के साथ मेरी यात्रा (पार्ट-1) : जब गुमला में अखबार की सिर्फ़ पांच कॉपियां आती थीं
प्रभात खबर के साथ मेरी यात्रा (पार्ट-2) : महज 900 रुपये से शुरू हुआ था करियर
प्रभात खबर के साथ मेरी यात्रा (पार्ट-3) : जब आधी रात को दूसरे अखबार से रिजल्ट चुराया?


