Connect with us

Hi, what are you looking for?

सियासत

भारत के 4 रफ़ाएल कहाँ ग़ायब हो गए!

फ़्लाइटग्लोबल की 2027 की ‘वर्ल्ड एयर फ़ोर्सेज़’ डायरेक्टरी में भारतीय वायुसेना के सक्रिय रफ़ाएल 32 बताए गए हैं, जबकि भारत ने 36 ख़रीदे थे। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं। वरिष्ठ पत्रकार दिलीप ख़ान ने पूछा है कि सरकार डेढ़ साल से चुप क्यों है।

क्वाड फोटो सेशन में अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के झंडों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ब्रिटिश एविएशन प्रकाशन फ़्लाइटग्लोबल की 2027 की ‘वर्ल्ड एयर फ़ोर्सेज़’ डायरेक्टरी में भारतीय वायुसेना के सक्रिय रफ़ाएल लड़ाकू विमानों की संख्या 32 बताई गई है। भारत ने फ़्रांस से कुल 36 रफ़ाएल ख़रीदे थे। 10 नवंबर को जारी इस डायरेक्टरी के सामने आने के बाद ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए नुक़सान को लेकर बहस एक बार फिर तेज़ हो गई है।

फ़्लाइटग्लोबल यह डायरेक्टरी हर साल प्रकाशित करता है, जिसमें क़रीब 160 देशों की वायुसेनाओं के बेड़े का ब्योरा होता है। इस बार के आंकड़े एयरक्राफ़्ट इंटेलिजेंस और फ़्लीट ट्रैकिंग फ़र्म सिरियम (Cirium) के सैन्य बेड़े के डेटाबेस के आधार पर तैयार किए गए हैं।

मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के बाद आए डायरेक्टरी के 2026 संस्करण में भारत के सक्रिय रफ़ाएल 36 से घटाकर 35 कर दिए गए थे। तब यह कटौती एक ऐसे नुक़सान के आधार पर की गई थी जिसकी तस्वीरों से पुष्टि हुई थी, जबकि पाकिस्तान के बड़े दावों को अपुष्ट माना गया था। नए संस्करण में यह संख्या घटकर 32 हो गई है। डायरेक्टरी यह नहीं बताती कि ये विमान किस वजह से सक्रिय सूची से बाहर हैं या एक साल में संख्या क्यों बदली।

रक्षा मंत्रालय ने इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के मुताबिक़ मंत्रालय के सूत्रों ने इन आंकड़ों की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह जानकारी न मंत्रालय ने दी है, न वायुसेना ने। अधिकारियों ने जून 2026 में वायुसेना मुख्यालय के उस टेंडर का हवाला भी दिया है, जिसमें सभी 36 रफ़ाएल विमानों के लिए ‘ब्रिज सपोर्ट’ पैकेज मांगा गया था।

द हिंदू का एक्स पोस्ट: फ़्लाइटग्लोबल की वर्ल्ड एयर फ़ोर्सेज़ डायरेक्टरी में भारतीय वायुसेना के सक्रिय रफ़ाएल 35 से घटकर 32, साथ में उड़ते रफ़ाएल विमानों की तस्वीर
द हिंदू का एक्स पोस्ट

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वायुसेना के उप प्रमुख रहे सेवानिवृत्त एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने डायरेक्टरी के दावे को सरासर ग़लत बताया है और प्रकाशन को अपने स्रोतों की दोबारा जांच करने की सलाह दी है। कुछ विश्लेषकों का कहना है कि ऐसी डायरेक्टरी सार्वजनिक और इंडस्ट्री स्रोतों पर आधारित अनुमान होती हैं, आधिकारिक ऑडिट नहीं, और लंबे मेंटेनेंस या ओवरहॉल में गए विमान भी ‘सक्रिय’ गिनती से बाहर रह सकते हैं।

दूसरी तरफ़, पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर ने पिछले साल दावा किया था कि उसने भारत के पांच विमान गिराए, जिनमें तीन रफ़ाएल थे। ऑपरेशन के कुछ दिन बाद एक वरिष्ठ फ़्रांसीसी ख़ुफ़िया अधिकारी ने सीएनएन से कहा था कि एक भारतीय रफ़ाएल गिराया गया था। भारत सरकार ने अब तक नुक़सान की कोई संख्या सार्वजनिक नहीं की है।

भारत ने 2016 के समझौते के तहत 36 रफ़ाएल ख़रीदे थे, जिनमें 28 सिंगल-सीट और 8 ट्विन-सीट विमान हैं। 2025 में नौसेना के लिए 26 रफ़ाएल का अलग सौदा हुआ, जबकि वायुसेना के लिए 114 और रफ़ाएल ख़रीदने का प्रस्ताव आगे बढ़ रहा है।

सोशल मीडिया पर भी इस रिपोर्ट को लेकर तंज़ भरी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। मनीष सिंह ने लिखा है—

पेमेंट 36 रफाइल एयरक्राफ्ट का किया गया था। अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट आई है कि भारत के पास केवल 32 रफाइल हैं। अब चूँकि ऑपरेशन सिंदूर में हमने कोई एयरक्राफ्ट खोया नहीं, तो इसका एक ही मतलब है- 4 एयरक्राफ्ट का पैसा कोई खा गया।

-मनीष सिंह

इसी मुद्दे पर वरिष्ठ पत्रकार दिलीप ख़ान ने एक तीखी टिप्पणी लिखी है, जिसमें उन्होंने सरकार की डेढ़ साल की चुप्पी और मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। पढ़ें उनकी टिप्पणी—


वरिष्ठ पत्रकार दिलीप ख़ान की टिप्पणी

फ़्लाइटग्लोबल हर साल दुनिया भर की वायुसेनाओं का हिसाब छापती है। उसकी नई ‘वर्ल्ड एयर फ़ोर्सेज़’ डायरेक्टरी के मुताबिक़ भारतीय वायुसेना के पास अब 32 रफ़ाएल सक्रिय स्थिति में रह गए हैं। भारत ने 36 रफ़ाएल ख़रीदे थे। इसी डायरेक्टरी के पिछले संस्करण में यह संख्या 35 थी। ऑपरेशन सिंदूर को डेढ़ साल हो चुके हैं और यह गिनती वही बात कह रही है जो डिफ़ेंस पर नज़र रखने वाले लोग शुरू से जानते थे।

सिंदूर के आस-पास ही मैंने लिखा था कि भारत ने इस ऑपरेशन में 5 जहाज़ गंवाए हैं। अब यह संख्या 6 लग रही है। उस वक़्त भक्त से ज़्यादा लिबरल लोग टूट पड़े थे। कई ‘क्रांतिकारी’ यूट्यूबर भुजाएं फड़काते हुए अपना चैनल बचाने की ख़ातिर झूठ बेच रहे थे या सरकारी ज़ुबान उधार ले ली थी। टीवी की तो बात ही छोड़ दीजिए। वहां तो आसिम मुनीर गिरफ़्तार हो चुके थे और लाहौर और कराची फ़तह हो चुके थे। बाद में सुब्रमण्यम स्वामी ने भी जहाज़ गिरने की बात खुलेआम कही।

फिर एक-एक करके परतें खुलीं। सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने विदेश में जाकर माना कि नुक़सान हुआ है। इंडोनेशिया में भारत के डिफ़ेंस अताशे कैप्टन शिव कुमार ने कहा कि वायुसेना ने ‘राजनीतिक पाबंदियों’ की वजह से विमान गंवाए। एयर मार्शल ए.के. भारती ने कहा कि नुक़सान जंग का हिस्सा होता है। लेकिन कितने जहाज़ गिरे, यह आज तक सरकार ने देश को नहीं बताया। आज तक नहीं।

ट्रंप अपनी हर दूसरी सभा में भारत के गिरे हुए जहाज़ों की गिनती सुनाते रहे और मोदी सरकार मुंह सिलकर चुप रही।

अब रक्षा मंत्रालय कह रहा है कि फ़्लाइटग्लोबल के आंकड़े न मंत्रालय ने दिए, न वायुसेना ने। यह भी कहा जा रहा है कि जून में रफ़ाएल के रखरखाव का जो टेंडर निकला, वह सभी 36 विमानों के लिए था। ठीक है। तो फिर सरकार ख़ुद बता दे कि आज वायुसेना के पास कितने रफ़ाएल उड़ान भर रहे हैं।

डेढ़ साल से चुप्पी क्यों है?

सिंदूर भारत की एक बड़ी नाकामी थी, जिसे मोदी ने देशभक्ति के नाम पर सेंसर किए रखा है। उसकी असली चालाकी यह रही कि ऑपरेशन के राजनीतिक फ़ैसले और उसमें हुई चूक पर उठने वाले हर सवाल को सेना पर उठाया गया सवाल बना दिया गया। कैप्टन शिव कुमार जिन ‘राजनीतिक पाबंदियों’ की बात कर रहे थे, वे किसने लगाई थीं?

सेना ने या सरकार ने?

इस ऑपरेशन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की किरकिरी कराई और आसिम मुनीर का क़द बढ़ा दिया। जंग के कुछ ही दिन बाद पाकिस्तान ने उन्हें फ़ील्ड मार्शल बनाया और वह ईरान-अमेरिका युद्ध की मध्यस्थता कर रहा है। जिस आदमी को हमारे चैनल गिरफ़्तार करवा चुके थे, वह ठीक बाद वॉशिंगटन में ट्रंप के साथ दावत उड़ा रहा था।

भारत के काग़ज़ी लोकतंत्र में युद्ध के वक़्त सरकार से सवाल पूछना देश से सवाल पूछना मान लिया जाता है। और यह सर्टिफ़िकेट राइट विंग से भी ज़्यादा तेज़ी से लिबरल क्लास ने बांटते हैं। मुझे एक ‘क्रांतिकारी यूट्यूबर’ की ललकारने वाली भाषा याद आती है, जो दिन में दस बार लिखता था कि वह इस युद्ध में ‘भारत’ के साथ है। मतलब साफ़ था कि सरकारी नैरेटिव पर सवाल उठाने वाले ‘पाकिस्तान के साथ’ हैं।

अब वह पूछ रहा है कि भारत सरकार बताए कि रफ़ाएल कहां गिरे! डेढ़ साल बाद उस जैसे कई लोगों ने सरकारी ज़ुबान झोले में रखकर अब लिबरल ज़ुबान निकाली है। नाम मत पूछिएगा।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास