अभिषेक गौतम- आदरणीय गुलाब कोठारी सर, आपने अपने लेख में झूठ, लूट और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। सत्ता और व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं। यही असली पत्रकारिता है और मैं इसकी सराहना भी करता हूं, लेकिन क्या यह कसौटी पत्रकारिता के बड़े संस्थानों पर भी लागू होती है? क्या भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी पर सवाल सिर्फ दूसरों से पूछे जाएंगे या अपने संस्थान से भी जवाब मांगा जाएगा?
करीब आठ साल पहले मैंने लखनऊ में भिखारियों की जिंदगी पर एक सप्ताह तक भिखारी बनकर स्टिंग ऑपरेशन किया था।

इस खबर को राजस्थान पत्रिका ने सराहा और मई 2021 में मेरे काम के लिए प्रतिष्ठित ‘कर्पूर चंद्र कुलिश इंटरनेशनल अवॉर्ड’ देने की घोषणा की। अखबार और टीवी चैनल पर इसकी बाकायदा कवरेज भी की गई। पुरस्कार के साथ 11 हजार अमेरिकी डॉलर की धनराशि देने का ऐलान हुआ था।

लेकिन विडंबना देखिए कि घोषणा के करीब पांच साल बीत जाने के बावजूद न तो मुझे अब तक पुरस्कार प्रदान किया गया और न ही घोषित 11 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि मिली। इस दौरान मैंने कई बार इंतजार किया। जीवन में कई उतार-चढ़ाव आए। आर्थिक चुनौतियां भी सामने आईं। उम्मीद थी कि इस पुरस्कार से मिलने वाली धनराशि मुश्किल समय में कुछ राहत देगी।
लेकिन अब तक न कोई पुरस्कार समारोह आयोजित हुआ, न कोई स्पष्ट सूचना मिली और न ही मेरी ओर से उठाए गए सवालों का संतोषजनक जवाब दिया गया।
मेरा सवाल किसी संस्थान की छवि को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि एक प्रतिष्ठित मीडिया समूह से जवाबदेही की अपेक्षा करना है। जब कोई संस्थान समाज, सत्ता और सरकार से पारदर्शिता की उम्मीद करता है, तो क्या उसकी अपनी जिम्मेदारी नहीं बनती कि वह अपनी घोषित प्रतिबद्धताओं को भी पूरा करे?
आज मन में यह सवाल उठता है कि जिस संस्थान ने कभी मेरे काम को अंतरराष्ट्रीय सम्मान के योग्य समझा, उसी संस्थान की ओर से पांच साल तक कोई जवाब न मिलना आखिर किस तरह देखा जाए? एक युवा पत्रकार के लिए किसी प्रतिष्ठित संस्थान से मिलने वाला सम्मान केवल एक प्रमाणपत्र या धनराशि नहीं होता, बल्कि उसकी मेहनत और संघर्ष की एक छोटी-सी सराहना होती है, जो उसे पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
आदरणीय गुलाब कोठारी सर, आपसे मेरा सवाल बेहद विनम्रता के साथ है। जिस पुरस्कार की घोषणा मई 2021 में हुई थी, वह आज तक मुझे क्यों नहीं मिला? 11 हजार अमेरिकी डॉलर की घोषित पुरस्कार राशि का भुगतान कब होगा? क्या इस संबंध में कोई निर्णय लिया गया है?
इस मामले पर सुधीर मिश्रा ने लिखा:
गुलाब जी को इस पर ध्यान देना चाहिए। खुद मैंने भी इस बारे में कई बार राजस्थान पत्रिका के संपादकों और वरिष्ठों से बात की। अभिषेक ने सही मौके पर यह बात उठाई है। आखिर इतने पुराने ब्रांड के अखबार प्रबंधन को एक युवा पत्रकार के साथ ऐसा नहीं करना चाहिए था। खासतौर पर तब, जब यह अवॉर्ड संस्थान के बड़े-बुजुर्गों के नाम से हो।
– सुधीर मिश्रा
पिछली/संबंधित खबरें:


