नई दिल्ली। प्रभात खबर के पूर्व प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी के केंद्रीय सूचना आयुक्त नियुक्त होने के अवसर पर दिल्ली के जिमखाना क्लब में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के कई वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने उनके लंबे और समर्पित पत्रकारिता जीवन को याद करते हुए उनके योगदान को सराहा।
उल्लेखनीय है कि आशुतोष चतुर्वेदी को 14 दिसंबर 2025 को भारत सरकार द्वारा केंद्रीय सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया था। उनकी यह नियुक्ति पत्रकारिता और सूचना के अधिकार से जुड़े क्षेत्र में उनके गहन अनुभव और विश्वसनीयता की स्वाभाविक परिणति मानी जा रही है।
आशुतोष चतुर्वेदी को भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काम करने का विशिष्ट अनुभव प्राप्त है। वे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ कई महत्वपूर्ण विदेश यात्राओं का हिस्सा रहे हैं। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने हिंदी मीडिया के कई प्रतिष्ठित संस्थानों—माया, इंडिया टुडे, संडे ऑब्जर्वर, बीबीसी हिंदी और अमर उजाला—में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। वे एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्य भी रह चुके हैं।
प्रभात खबर को दिलाई नई पहचान
आशुतोष चतुर्वेदी के नेतृत्व में प्रभात खबर ने पत्रकारिता की नई ऊंचाइयों को छुआ। उनके कार्यकाल में अखबार ने निष्पक्षता, सामाजिक सरोकार और जनहित को केंद्र में रखते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने हमेशा उन मुद्दों को प्राथमिकता दी, जो सीधे आम जनता के जीवन से जुड़े थे।
नौ वर्षों का प्रभावशाली नेतृत्व
करीब नौ वर्षों तक प्रभात खबर के प्रधान संपादक के रूप में आशुतोष चतुर्वेदी ने न सिर्फ संपादकीय गुणवत्ता को मजबूत किया, बल्कि संस्थान के प्रबंधन और विस्तार को भी कुशलता से संभाला। तकनीकी नवाचार को अपनाते हुए प्रिंट मीडिया की मूल आत्मा और मूल्यों को बनाए रखना उनकी कार्यशैली की खास पहचान रही। उनके नेतृत्व में अखबार में आधुनिकता और परंपरा का संतुलित मिश्रण देखने को मिला।
बहुआयामी व्यक्तित्व
आशुतोष चतुर्वेदी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ क्रिकेट का भी गहरा ज्ञान रखते हैं। उन्हें साहित्य में विशेष रुचि है और वे नई तकनीकों को सीखने व अपनाने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। यही बहुआयामी दृष्टि उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता को अलग मुकाम देती है।
विदाई समारोह में उपस्थित पत्रकारों ने विश्वास जताया कि केंद्रीय सूचना आयुक्त के रूप में भी आशुतोष चतुर्वेदी पारदर्शिता, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएंगे।



