Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (44) : द ‘बैड्स ऑफ़ बॉलीवुड या द ‘बास्टर्ड्स’ ऑफ़ बॉलीवुड?

नीरेंद्र नागर-

कुछ दिनों पहले शाहरुख़ ख़ान के बेटे आर्यन ख़ान के लेखन और निर्देशन वाली एक वेब सीरीज़ आई नेटफ़्लिक्स पर जिसका नाम है The Ba***ds of Bollywood.

इस नाम को देखकर कोई भी समझ सकता है कि Ba***ds का मतलब Bastards है लेकिन हिंदी में अधिकतर वेबसाइटें इसे ‘द बैड्स ऑफ़ बॉलीवुड’ या केवल ‘बैड्स ऑफ़ बॉलीवुड’ लिख रही हैं। कुछ इक्का-दुक्का साइटों पर मैंने ‘द बास्टर्ड्स ऑफ़ बॉलीवुड’ भी देखा।

आप जानते होंगे कि Bastard एक गाली है जिसका शाब्दिक मतलब है हरामज़ादा लेकिन यह घटिया या कमीना के अर्थ में भी इस्तेमाल होता है।

आज की शब्दचर्चा 44 में हम यही जानेंगे कि The Ba***ds of Bollywood को हिंदी में ‘द बैड्स ऑफ़ बॉलीवुड’ लिखना उचित है या ‘द बास्टर्ड्स ऑफ़ बॉलीवुड’। या इन दोनों के अलावा कुछ और?

जो हिंदी वेबसाइटें इसे ‘द बैड्स ऑफ़ बॉलीवुड’ लिख रही थीं या लिख रही हैं, वे कह सकती हैं कि शाहरुख़ ख़ान और आर्यन ख़ान सहित सीरीज़ से जुड़ा कोई भी बंदा जब इसकी चर्चा करता था/है, तो वह भी Ba***ds को ‘बैड्स’ ही कहता था/है इसीलिए हम भी ‘बैड्स’ लिख रहे हैं।

हो सकता है। वैसे मुझे शक है कि शाहरुख़, आर्यन या कोई और अंग्रेज़ीदाँ व्यक्ति इसे ‘बैड्स’ कहता होगा क्योंकि अंग्रेज़ी में जब d से अंत होने वाले किसी शब्द का बहुवचन बनाया जाता है तो s का उच्चारण ‘स’ नहीं, ‘ज़’ होता है। यानी Bads का सही उच्चारण होगा ‘बैड्ज़’। लेकिन हिंदी में अंतिम s को ‘स’ ही बोला जाता है, सो ‘बैड्स’ भी चलेगा।

लेकिन ग़ौर कीजिए, हम यहाँ बोलने की नहीं, लिखने की बात कर रहे हैं। आप Ba***ds को ‘बैड्स’ बोलिए, कोई गड़बड़ नहीं है। लेकिन जब आप Ba***ds को ‘बैड्स’ लिखते हैं तो पाठकों को लगता है कि आप Bads (बुरों) की बात कर रहे हैं।

लेकिन टाइटल में Bads नहीं, Ba***ds है और हर कोई जानता है कि यह Bastards का आधा खुला, आधा छुपा हुआ रूप है। अंग्रेज़ी में जब किसी ‘सभ्य’ पत्रिका, अख़बार या वेबसाइट के सामने कोई गाली लिखने की मजबूरी आती है तो वे उसके शुरुआती और अंतिम लेटर के बीच में कुछ तारक चिह्न (*) डाल देते हैं ताकि गाली का भाव भी आ जाए और लिखने या पढ़ने वाले को भद्दा भी न लगे।

The Ba***ds of Bollywood में भी यही किया गया है। नाम में तारक चिह्न देकर कौतूहल का भाव बनाए रखा गया। जब किसी ने पूछा तो मौन बरता गया या व्यर्थ का कुछ भी कह दिया गया। लेकिन सीरीज़ का अंतिम एपिसोड आते-आते सबकुछ स्पष्ट हो गया और जिन दर्शकों ने अंतिम एपिसोड देख लिया है, वे जान गए हैं कि Ba***ds का मतलब Bastards ही है।

तो क्या इसका मतलब यह हुआ कि जो साइटें इसे शुरू से ‘द बास्टर्ड्स ऑफ़ बॉलीवुड’ लिख रही थीं, वे सही हैं? नहीं। वे भी सही नहीं थीं क्योंकि टाइटल में यह शब्द नहीं है।

इसलिए The Ba***ds of Bollywood को हिंदी में लिखने का सबसे अच्छा तरीक़ा यही था और यही है कि इसे भी वैसे ही लिखा जाए जैसा कि अंग्रेज़ी में लिखा गया है – ‘द बा***ड्स ऑफ़ बॉलीवुड’। इससे पाठक के मन में वही भाव आता है जो The Ba***ds of Bollywood देखकर आता है।

सोचिए, यदि सीरीज़ निर्माता ने यही शीर्षक हिंदी में इस तरह चलाया होता – ‘बॉलीवुड के हरा***दे तो क्या हिंदी वाले इसे ‘बॉलिवुड के हरादे’ लिखते? जब तक इसे ‘बॉलिवुड के हरा***दे’ नहीं लिखेंगे, गाली का वह भाव नहीं आएगा जो निर्माता इस शीर्षक से प्रेषित करना चाहता है।

इसीलिए अंग्रेज़ी के पत्रकारों ने इस सीरीज़ का नाम लिखते समय बीच के तारक चिह्नों को बनाए रखा है। इंस्ट्अग्रैम जैसी सोशल साइटों पर आपको The Bads of Bollywood लिखा मिल सकता है लेकिन किसी भी अच्छी और ज़िम्मेदार अंग्रेज़ी साइट पर आपको The Bads of Bollywood नहीं मिलेगा। सब The Ba***ds of Bollywood ही लिख रही हैं।

जाते-जाते एक रोचक जानकारी।

Of को भले ही हम हिंदीवाले ‘ऑफ़’ बोलते और लिखते हैं, लेकिन इसका उच्चारण ऑफ़ नहीं, ‘ऑव’ या ‘अव’ होता है। स्ट्रेस हो तो ‘ऑव’, नहीं हो तो ‘अव’। विश्वास न हो तो अंग्रेज़ी का कोई भी अच्छा-सा शब्दकोश देख लें।

हाँ, off spinner में जो off आता है, उसका उच्चारण ऑफ़ ही होता है।

पिछली शब्दचर्चा…

शब्दचर्चा (43) : भागवत ने इस तस्वीर में क्या पहन रखा है – निकर, निक्कर या नेकर?

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन