नीरेंद्र नागर-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में कहा था कि हिंसा करने वालों को उनके कपड़ों से पहचाना जा सकता है। हम सब जानते हैं कि उनका इशारा किस तरफ़ था क्योंकि तब नागरिकता संशोधन क़ानून (CAA) के विरोध में आंदोलन चल रहा था और उस क़ानून का सबसे अधिक विरोध मुसलमान ही कर रहे थे।
लेकिन विडंबना देखिए कि जो बात उन्होंने मुसलमानों के लिबास के बारे में कही, वही बात उनके पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी लागू होती है जिनके सदस्यों को आज भी उनके कपड़ों से ही पहचाना जाता है… ख़ासकर उस ख़ाकी हाफ़ पैंट से जो सालों से संघ की पहचान बनी हुई है। जब भी आप संघ के बारे में सोचते हैं, आपके सामने काली टोपी और हाफ़ पैंट पहने किसी व्यक्ति की छवि ही सामने आती है।
साथ के चित्र में आप संघ के वर्तमान सरसंघचालक मोहन भागवत को उसी काली टोपी और हाफ़ पैंट में देख सकते हैं।

यह सही है कि 2016 के बाद संघ ने यह लिबास बदल दिया और उसके सदस्य अब हाफ़ पैंट की जगह फ़ुल पैंट पहनने लगे हैं। पैंट का ‘रंग भी ख़ाकी से भूरा हो गया हालाँकि संघ के या उनके कार्यकर्ताओं के ‘रंगढंग’ बिल्कुल नहीं बदले हैं, न बदलेंगे।
ख़ैर, हम यहाँ राजनीति की बात नहीं करेंगे। बात करेंगे उस हाफ़ पैंट की जिसे हिंदी मीडिया में निकर, निक्कर, नेकर और नैकर इन चार तरह से लिखा जाता है। अफ़सोस की बात यह भी है कि एक ही वेबसाइट की एक ख़बर में आपको नेकर दिखेगा, दूसरे में निकर, तीसरे में निक्कर। जैसे आजतक, NDTV हिंदी, इंडिया टीवी, नवभारत टाइम्स और जागरण में मुझे किसी ख़बर में निकर दिखा तो किसी में नेकर। बाक़ी साइटों में कहीं निकर, कहीं निक्कर, कहीं नेकर तो कहीं नैकर है।
आज की शब्दचर्चा 45 में हम जानेंगे कि हाफ़ पैंट के लिए सही शब्द क्या है -निकर, निक्कर, नेकर या नैकर?
हिंदी शब्दसागर के अनुसार सही शब्द है निकर और यह आया है अंग्रेज़ी शब्द KNICKERBOCKER (निकरबॉकर) से। निकरबॉकर ऐसी पतलूनों को कहते हैं जिन्हें घुटनों के ठीक नीचे से बाँधा जाता है। शब्दसागर में इसका अर्थ दिया हुआ है – एक प्रकार का घुटनों तक का खुला पायजामा। Knickerbocker आगे चलकर छोटा हो गया और अमेरिकी अंग्रेज़ी में इसे Knickers कहा जाने लगा। मतलब हो गया छोटी पतलूनें जिन्हें शॉर्ट्स भी कहते हैं।
लेकिन ब्रिटिश अंग्रेज़ी में KNICKERS का मतलब हाफ़ पैंट नहीं है। वहाँ उसका मतलब है महिलाओं का जाँघिया जिन्हें प्रचलित भाषा में पैंटी कहते हैं। कहीं यही कारण तो नहीं कि संघ ने 2016 में निकर को तिलांजलि दे दी। हो सकता है, किसी लंदनपलट भक्त ने संघ के कर्ताधर्ताओं को बताया हो कि वहाँ निकर का क्या मतलब होता है।
पिछली शब्दचर्चा…
शब्दचर्चा (पार्ट-42): राहुल को जिस Gen Z पर भरोसा है, उसे जेन ‘ज़ी’ कहेंगे या जेन ‘ज़ेड’?



