कुणाल शुक्ला-
छत्तीसगढ़ जनसंपर्क में कई ऐसे फ़र्ज़ी न्यूज़ पोर्टल एंपेनलमेंट हैं जिनका कोई अस्तित्व ही नहीं है, लेकिन पेमेंट बाकायदा निकल रहा है,जनसंपर्क की वेबसाइट में जा कर देखिए aapkanews.com जिसे एम्पेनलमेंट लिस्ट में बताया जा रहा है GoDaddy पर 995 डॉलर पर बिक रहा है, याने कि इस न्यूज़ पोर्टल का कोई अस्तित्व ही नहीं है।

लेकिन जनसंपर्क के बड़े बाबू रवि मित्तल की मेहरबानी से इसको लिस्ट में डाल दिया गया है!
दूसरी तरफ़ ग़रीब छत्तीसगढ़ी पत्रकार अपने न्यूज़ पोर्टल के लिए चप्पल फटकारते घूम रहा है। पर वो कमीशन देने में असमर्थ है इसलिए उसके न्यूज़ पोर्टल का नाम एंपेनेलमेंट लिस्ट में नहीं है।
उत्तराखंड की धामी सरकार द्वारा अपनी छवि चमकाने के लिए मीडिया पर जमकर धनवर्षा की गई। उत्तराखंड के बाद अब इसी तरह का प्रकरण छत्तीसगढ़ की विष्णु सरकार का सामने आया है। विष्णु सरकार ने भी अपना चेहरा चमकाने के लिए जनता के धन का खूब दुरुपयोग किया। यही कारण रहा कि जनसंपर्क विभाग ने कुल 67 न्यूज चैनलों को पानी की तरह करोड़ों रुपये के विज्ञापन बांटे। हद तो इस बात की है कि इनमें से अधिकतर न्यूज चैनल छत्तीसगढ़ में दिखते भी नहीं।
वैसे तो छत्तीसगढ़ में सिर्फ़ 8-10 न्यूज़ चैनल ही दिखाई देते हैं पर क्या आप जानते हैं जनसंपर्क द्वारा प्रतिमाह कुल 67 न्यूज़/TV चैनलों को विज्ञापन दिया जाता है वह भी करोड़ो का।
RTI से निकाला यह दस्तावेज देखिए, अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2024 तक इन 67 न्यूज़ /TV चैनलों को 18 करोड़ 57 लाख का भुगतान किया गया है।
झारखंड, कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा के न्यूज़/TV चैनल भी छत्तीसगढ़ के जनता की गाढ़ी कमाई दुह कर रहे हैं,इनमें से कइयों का तो आपने नाम भी नहीं सुना होगा ओमेगा ब्राडकास्ट, ओमेगा टीवी, संगीत ऑडियो, सौभाग्य मीडिया, सोफिया एंटरटेनमेंट, शार्प ऑय, ख़ुशी एडवर्टिजमेंट, केडीएम बिज़नेस, जयपुर मीडिया… तो क्या यहाँ भी 40% कमीशन का खेल है?


छत्तीसगढ़ जनसंपर्क द्वारा जुलाई 2023 से लेकर दिसंबर 2024 तक आश्रम चौक नई दिल्ली के Banyan infomedia Pvt Ltd को 3 करोड़ 11 लाख का भुगतान किया गया है।
ज्ञात हो की Banyan infomedia Pvt Ltd के यूट्यूब पर 532 सब्सक्राइबर का भारी भरकम योगदान है।
हज़ारों लाखों यूट्यूब सब्सक्राइबर वाला छत्तीसगढ़ी इन्हें इसलिए पसंद नहीं है क्योंकि वह 40 % कमीशन नहीं दे सकता है।


1 अप्रैल 2023 से लेकर 31 दिसंबर 2024 तक मुंबई के JVD फ़िल्म को छत्तीसगढ़ के जनसंपर्क ने 4 करोड़ 38 लाख का भुगतान किया है। ये ऐसी क्या फ़िल्म बना रहा है जिसके लिए करोड़ों का भुगतान किया जा रहा है,पता चलते ही बताऊंगा।
वैसे JVD फ़िल्म की खासियत यह है की यूट्यूब पर इसके भारी भरकम 20 सब्सक्राइबर हैं। इसकी प्रोपराइटर कोई डिंपल डुगर हैं जो की 2019 से ब्रह्मांड की एकमात्र राष्ट्रवादी पार्टी की सदस्य हैं।
20 सब्सक्राइबर वाले यूट्यूब चैनल धरे लोगों को करोड़ों का काम मिल रहा है और हज़ारों लाखों सब्सक्राइबर वाला छत्तीसगढ़ी यूट्यूबर चप्पल फटकारते घूम रहा है उसे मेरी सलाह है 40% कमीशन का ऑफर दे,उसे भी काम मिलेगा।






