छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सडडू इलाके से संचालित होने वाले एशियन न्यूज़ चैनल में पार्टनर के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार शासकीय सेवा में रहे सुभाष मिश्रा ने कूटरचना के तहत एशियन न्यूज की स्थापना के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अरुण भद्रा को अपने जाल में फंसा कर करोड़ों रुपए का इन्वेस्टमेंट कराया और तरह-तरह के सपने दिखाए, क्योंकि अरुण भद्रा की पुत्री अंजलि भद्रा मीडिया क्षेत्र में अध्यनरत थी तो अरुण भद्रा अपनी बेटी के भविष्य को देखते हुए सुभाष मिश्रा की बातों में आ गए और उन पर विश्वास कर एशियन न्यूज़ के संचालन के लिए इन्वेस्ट करने पर सहमति प्रदान की। लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि सुभाष मिश्रा आस्तीन का सांप निकलेगा।

प्रारंभ में सुभाष मिश्रा ने एशियन न्यूज़ के संचालन के लिए लगभग 30 लाख रुपए जमा कराए फिर सतत प्रसारण के एवज में 11 लाख रुपए प्रतिमाह जमा करने को कहा। इन सब में अंजलि भद्रा और सुभाष मिश्रा की पार्टनरशिप थी लेकिन भद्रा परिवार इस बात से अनजान रहा कि सुभाष मिश्रा दिल्ली के तरुण जैन के साथ मिलकर किसी षड्यंत्र को अंजाम दे रहा है और कुछ दिनों बाद वह कुछ बड़ा फ्रॉड करने वाला है।





छत्तीसगढ़ में सरकार बदलते ही सुभाष मिश्रा को लगा कि अब उसके पुराने काले कारनामों के साथ इस षड्यंत्र का भी पर्दाफाश हो जाएगा तो उसने आवश्यक दस्तावेजों को एकत्रित कर चंपत हो जाने का निर्णय लिया और कूट रचना के तहत चैनल की पार्टनर अंजली भद्रा को स्वयं पार्टनरशिप से अलग कर दिया जो उनके अधिकार क्षेत्र के बाहर था।

जब यह बात अरुण भद्रा को पता चली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, उन्हें उन कर्मियों की चिंता सताने लगी जिनके घर एशियन न्यूज़ की तनख्वाह से चलते हैं। इन सब बातों को देखते हुए उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और धोखेबाज सुभाष मिश्रा के कृत्य से अवगत कराया। अरूण भद्रा ने जानकारी दी कि उन्होंने जन सरोकार के इस पुनीत कार्य के लिए सुभाष मिश्रा पर विश्वास किया लेकिन सुभाष मिश्रा ने उनसे विश्वास घात किया जिसके चलते उन्हें करोड़ों रुपए का चूना लग गया। इतने के बाद भी सुभाष मिश्रा ने सडडू से संचालित होने वाले एशियन न्यूज़ के प्रसारण को रुकवा दिया और नए पार्टनर के साथ अन्य स्थान से एशियन न्यूज़ का प्रसारण प्रारंभ कर दिया।
गौरतलब है कि सुभाष मिश्रा के खिलाफ EOW में भी लगभग चार करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हैं, पूर्व में सुभाष मिश्रा ने पाठ्य पुस्तक निगम छत्तीसगढ़ में यह धोखाधड़ी की थी, उसके बाद धोखाधड़ी की नीयत से श्री मिश्रा द्वारा श्री भद्रा के साथ एशियन न्यूज़ चैनल की फ्रेंचाइजी ली थी जो अपने आप में पहली बार है, जिसमें सैकड़ो लोग अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जिस तरह एशियन न्यूज़ में धोखाधड़ी के शिकार हुए अरुण भद्रा आज अपने आपको ठगा महसूस कर रहे हैं कहीं ऐसा ही व्यवहार सुभाष मिश्रा नए पार्टनर से भी ना कर दें।


