जौनपुर। जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में लोगों को सस्ते दाम पर कस्टम का सोना बेचने का झांसा देकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इजरी मोड़ के पास से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के तीन लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया है।
एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि शकरमंडी निवासी आकाश सेठ पुत्र भरत लाल ने जलालपुर थाने में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की और तीन लाख रुपये लूटने के बाद जान से मारने की धमकी दी।
मामले में जलालपुर थाने में अजय सिंह उर्फ पिंटू और अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच और पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को वारदात को अंजाम देने का अपना तरीका बताया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले लोगों को कस्टम से चुराया गया सोना सस्ते दाम पर बेचने का लालच देते थे। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर वे संभावित खरीदारों को अपने जाल में फंसाते थे। जब कोई व्यक्ति सोना खरीदने के लिए नकदी लेकर पहुंचता था, तो आरोपी पुलिस का डर दिखाकर उसके साथ मारपीट करते और रुपये लूटकर उसे वहां से भगा देते थे।
गिरोह के मुख्य आरोपी अजय सिंह उर्फ पिंटू पुत्र लाल बिहारी सिंह, निवासी इजरी, थाना जलालपुर, जौनपुर ने पूछताछ में पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले जेल जा चुका है और बाहर आने के बाद उसने दोबारा इसी तरह की आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं।
पुलिस का कहना है कि अजय सिंह उर्फ पिंटू के खिलाफ कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ जौनपुर के अलावा वाराणसी में भी मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपियों ने कथित तौर पर लूट की रकम से करीब एक महीने पहले एक फॉर्च्यूनर गाड़ी भी खरीदी थी।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनकी अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
अब इस प्रकरण में जो नया मोड़ आया है, वह दैनिक भास्कर के राजेश साहू से समझिए-
जौनपुर के आकाश सेठ के मोबाइल पर फोन आया, कहा कि डिस्काउंट पर सोना लेना है तो इजरी गांव आ जाओ। आकाश अपने साथी सौरभ प्रताप के साथ उस जगह पहुंच गए।
इजरी में अजय सिंह, शुभम सिंह, इंद्रजीत सरोज व विशाल सिंह ने दोनों के साथ मारपीट की। 3 लाख रुपए छीन लिया। स्थानीय थाने पर शिकायत की कोशिश की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
आकाश ने वाराणसी रेंज DIG वैभव कृष्णा को फोन कर दिया। DIG साहब ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच करवाई। पता चला कि पुलिस वाले तो कार्रवाई ही नहीं किए।
प्रशासन को टाइट किया। 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक की गिरफ्तारी के लिए खोज जारी है। पता चला कि ये पहले भी इस तरह से घटना को अंजाम दे चुके हैं।
इस मामले में थाना जलालपुर के पुलिसकर्मियों ने लापरवाही बरती। इसलिए 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।


