Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

सुख-दुख

पुण्यतिथि विशेष : पहली खुमारी में मैंने पूछ ही लिया – सर, क्या फिल्म ‘आंधी’ वाकई इंदिरा जी की असल कहानी थी?

दुलाराम साहाराम-

मैडम, मैं वही कमलेश्वर हूँ

जब मैंने भारतीय दूरदर्शन के एडीशनल डायरेक्टर जनरल (प्रोग्राम) के रूप में काम संभाला तो इंदिरा गाँधी ने विशेष तौर पर मुझे दस मिनट मिलने का समय दिया था ।

मैं उनसे निर्देश लेकर कार्यभार संभालना बेहतर समझता था । इस पर उन्होंने कहा था – “आप देखिए और तय कीजिए कि अपने देश में लोकतंत्र जीवित रहे। मेरे ऊपर आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को बाधित करने का बड़ा इल्ज़ाम है, लेकिन वह मेरी मजबूरी थी क्योंकि जयप्रकाश जी के साथ हिंदू सांप्रदायिक ताकतें शामिल हो गई थीं। संजय की वजह से कुछ ग़लतियाँ-ज़्यादतियाँ हुईं, वह पार्टीशन के बाद की नाज़ुक सच्चाइयों को नहीं समझता था ।

चलते-चलते मैंने उन्हें बताया, “मैडम, मैं वही कमलेश्वर हूँ जिसने ‘आंधी’ फ़िल्म लिखी थी, इसलिए आपको मेरे बारे में कोई ग़़लतफ़हमी नहीं होनी चाहिए । इससे पहले की कोई आपको मेरे बारे में बतलाए, मैंने यह बता देना अपना कर्त्तव्य समझा ।”

उन्होंने कहा, “डेमोक्रेसी में ज़िम्मेदाराना मतभेद भी होता है, उसको सुनना ज़रूरी है, अब आपके दूरदर्शन के मतभेद को भी मैं सुनूँगी. आप जाइए, ज्वाइन कीजिए और अपने को बात कहने के लिए आज़ाद समझिए।”


सौमित्र रॉय-

मेरे पहले संपादक कमलेश्वर जी। मुझे उन शुरुआती दिनों की याद अभी भी ताजा है, जब शनिवार को मैं और मेरा रूम मेट बिल्कुल खाली हो जाया करते थे।

दिल्ली उन दिनों आज की तरह रंगीन नहीं थी। खूब सोना, खाना लेकिन मिजाज़ नहीं बदल पाता था। नतीजतन, सोमवार की मीटिंग में बिना स्टोरी आइडिया के बुझा हुआ दिमाग।

न इंटरनेट, न सोशल मीडिया। प्रेस क्लब के लिए हम बच्चे थे। आईएनएस कॉफी और सस्ते साउथ इंडियन खाने की जगह थी।

एक दिन कमलेश्वर जी बोले–वीकेंड पर दोनों मेरे घर आ जाया करो। गप्पे हांकेंगे। किताबें भी मिलेंगी। पर शर्त यह है कि…

इससे पहले कि उनकी बात पूरी हो, मैं कह बैठा–बिल्कुल सर। हम आयेंगे।

कमलेश्वर जी का कमरा यानी किताब घर। उन दिनों “और कितने पाकिस्तान” लिखी जा रही थी। अंतिम चरण में।

बिस्तर पर और बिस्तर के नीचे बिखरी किताबें। साथ में ब्लैक लेबल की 3–4 बोतलें।

थोड़ी ही देर में मैडम पकौड़े लेकर आ गईं। उनके जाते ही कमलेश्वर जी ने मुझे आदेश दिया–बोतल उठाओ, तीनों के लिए पेग बनाओ।

मैं झिझक गया, तो बोले–मैं सब खबर रखता हूं। पकौड़े ठंडे हो जाएंगे। जल्दी करो। हमारे लोकल गार्जियन कमलेश्वर जी के कट्टर चेले थे।

अलमारी से निकले इंपोर्टेड ग्लास और उसमें उतरता ब्लैक लेबल। सुनहरा सा। चमकता नशा।

पहले पेग के बाद कमलेश्वर जी का चेहरा खिल उठा। गुलाबी सा।

मेरे दिमाग में एक सवाल अधूरा था। पहली खुमारी में ही पूछ लिया–सर, क्या फिल्म आंधी वाकई इंदिरा जी की असल कहानी थी?

पहले और दूसरे पेग के बीच करीब एक घंटे का फासला और सर की बातें… सत्ता, संगठन, जेपी, हिंदुत्व, इमरजेंसी और आरएसएस, साजिशें… शायद, जिंदगी में पहली बार किसी फिल्म की तरह सत्ता के गलियारे आंखों के सामने घूमने लगे।

दूसरा पेग और भी गर्मजोशी भरा रहा। भुने हुए काजू भारत की प्रशासनिक व्यवस्था, नौकरशाही के आजू–बाजू रहे।

कमलेश्वर जी कभी 3 से ज्यादा पेग नहीं पीते थे। इतने सुरूर में एक पूरी कहानी उनके दिमाग में फिल्म की तरह चल जाती थी।

फिर जब तक कमलेश्वर जी हमारे संपादक रहे, वीकेंड की हर शाम 2 और प्याले, प्यादों के साथ गुरुजी के पास होते। दोनों प्यादे जमीन पर बैठकर उनसे सीखते।

मैडम, बेहद शानदार खाना पकाती थी। भोजन के बाद कमलेश्वर जी मुझे एक किताब पकड़ा देते समीक्षा के लिए।

सारा नशा उतर चुका होता था, क्योंकि अगले 2 दिन में गुरुजी को समीक्षा भेजनी होती थी।

आज कमलेश्वर जी की पुण्यतिथि है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन