यूपी की पहली पुलिस कमिश्ननर आईपीएस लक्ष्मी सिंह का ADG रैंक पर प्रमोशन हो गया है। आज रैंक प्रतीक चिन्ह लगाने का कार्यक्रम हुआ।
भारत के सभी पुलिस अधिकारियों के प्रेरणा स्रोत और विलक्षण पुलिस अधिकारी पूर्व DGP (यूपी पुलिस) श्री प्रकाश सिंह ने सीपी नोएडा लक्ष्मी सिंह को ADG रैंक पर पदोन्नति होने पर रैंक प्रतीक चिन्ह लगाकर शुभकामनाएं देते हुए गौरवान्वित किया।
देखें इस मौके की कुछ तस्वीरें-




लक्ष्मी सिंह का पूर्ण परिचय
यूपी पुलिस की ‘लेडी सिंघम’
उत्तर प्रदेश की पहली महिला पुलिस कमिश्नर, आईपीएस लक्ष्मी सिंह, न सिर्फ अपनी उपलब्धियों के लिए बल्कि अपने तेज़तर्रार अंदाज़ के लिए भी चर्चा में रहती हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद लक्ष्मी सिंह ने समाजशास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में टॉप कर 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला।
कैरियर की शुरुआत से ही दिखाया दम
वर्ष 2014 में उन्हें आगरा में डीआईजी पद पर प्रमोट किया गया। यहाँ उनके नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मिसालें आज भी दी जाती हैं। उनके प्रयासों ने न केवल अपराध पर नकेल कसी, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा किया।
योगी सरकार की भरोसेमंद अधिकारी
लक्ष्मी सिंह की ईमानदारी और सख्त निर्णय लेने की क्षमता ने उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भरोसेमंद अधिकारी बना दिया। 2018 में उन्हें आईजी पद पर प्रमोट किया गया और 2019 में लखनऊ की कानून व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया।
चुनौतीपूर्ण केस और तेज़ कार्रवाई
• विकास दुबे कांड: कुख्यात अपराधी विकास दुबे मामले में लक्ष्मी सिंह को जांच की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने अपराधियों को पकड़ने के लिए वर्दी के पीछे छुपे गुनहगारों तक को बेनकाब किया।
• उन्नाव का मामला: खेत में रस्सी से बंधी तीन लड़कियों के मामले की जांच में, उन्होंने महज तीन दिनों में अभियुक्तों को जेल तक पहुँचाया।
डकैतों का सफाया: बुंदेलखंड मिशन
डकैतों के खिलाफ कार्रवाई में उन्होंने मुखबिर नेटवर्क का बेहतरीन इस्तेमाल किया। उनके नेतृत्व में डकैतों के गिरोहों को तहस-नहस कर दिया गया।
नोएडा की सफल पारी जारी
1 दिसंबर 2022 को गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) की पहली महिला पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभालने वाली लक्ष्मी सिंह ने हाईटेक सिटी की कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए बहुत कुछ किया। उन्होंने नोएडा की चुनौतियों को समझकर यहां बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके नेतृत्व में नोएडा पुलिस बिना डरे बिना प्रभावित हुए बिना दबाव में आए अपनी ड्यूटी निभा कर शहरियों में भयमुक्त मानसिकता कायम की है।
पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के अपर पुलिस महानिदेशक के पद पर पदोन्नति होने पर पुलिस अधिकारीगण नोएडा पुलिस द्वारा CP Noida से भेंट कर पुष्प गुच्छ देकर शुभकामनाएं दी गई। देखें तस्वीरें-






