मनीष दुबे-
वरिष्ठ पत्रकार पलकी शर्मा के Firstpost की मैनेजिंग एडिटर पद से इस्तीफ़ा देने के बाद मीडिया इंडस्ट्री में अटकलों का दौर तेज़ हो गया है। माना जा रहा है कि पलकी शर्मा अपने पति, जाने-माने पत्रकार संकेत उपाध्याय के साथ मिलकर एक नया डिजिटल मीडिया वेंचर शुरू कर सकती हैं।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले संकेत उपाध्याय भी डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘The Red Mike’ से अलग हो चुके हैं। उस वक्त नई पारी को लेकर संकेत ने स्पष्ट किया था कि वह जल्द ही अपना खुद का नया प्लेटफॉर्म शुरू करने जा रहे हैं।
अब पलकी शर्मा के Firstpost छोड़ने और खुद का वेंचर शुरू करने की पुष्टि के बाद, दोनों घटनाओं को जोड़कर देखा जा रहा है। मीडिया हलकों में यह चर्चा ज़ोर पकड़ रही है कि संकेत और पलकी मिलकर एक संयुक्त डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म लॉन्च कर सकते हैं।
दोनों ही पत्रकारों की अपनी-अपनी मजबूत पहचान है। संकेत उपाध्याय जहां अपनी तीखी राजनीतिक टिप्पणियों और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं, वहीं पलकी शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर आधारित शो ‘Vantage’ के जरिए Firstpost को वैश्विक पहचान दिलाई।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों काफी समय से किसी स्वतंत्र और वैकल्पिक मीडिया प्लेटफॉर्म को लेकर विचार कर रहे थे, जहां कंटेंट पर कॉरपोरेट या संस्थागत दबाव कम हो और पत्रकारिता को ज्यादा आज़ादी के साथ किया जा सके।
हालांकि अभी तक पलकी या संकेत की ओर से किसी संयुक्त प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इंडस्ट्री में यह लगभग तय माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में दोनों एक साथ किसी बड़े डिजिटल मीडिया स्टार्टअप के साथ सामने आ सकते हैं।
अगर ऐसा होता है, तो यह भारतीय डिजिटल मीडिया स्पेस में एक बड़ा घटनाक्रम होगा, क्योंकि पहली बार दो हाई-प्रोफाइल पत्रकार दंपति मिलकर स्वतंत्र मीडिया ब्रांड खड़ा करते नजर आएंगे।
पलकी शर्मा और संकेत उपाध्याय: पत्रकारिता में साझेदारी और पारिवारिक झलक

वरिष्ठ पत्रकार पलकी शर्मा उपाध्याय और उनके पति संकेत उपाध्याय दोनों ही भारतीय मीडिया जगत के जाने-माने नाम हैं। दोनों ने अलग-अलग मीडिया संस्थानों में लंबा और प्रभावशाली करियर बनाया है, और साथ ही पारिवारिक जीवन को भी संतुलित तरीके से निभाया है।
शादी और पारिवारिक जीवन
पलकी शर्मा और संकेत उपाध्याय ने 2008 में विवाह किया था और तब से वे एक साथ जीवन और करियर की राह चल रहे हैं। इस दम्पति के दो बच्चे हैं—एक बेटी और एक बेटा। परिवार दिल्ली में ही रहता है और दोनों मीडिया-जर्नलिज़्म के बीच अपने परिवार को भी वरियता से प्राथमिकता देते हैं।
पलकी शर्मा का करियर
पलकी शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत 2002 में दूरदर्शन से की थी और इसके बाद Hindustan Times, CNN-News18, iTV Networks और अंतरराष्ट्रीय चैनल WION में विभिन्न वरिष्ठ जिम्मेदारियों को संभाला। उन्होंने WION पर “Gravitas” जैसे शो को प्रस्तुत कर वैश्विक मुद्दों पर गहरी रिपोर्टिंग से पहचान बनाई। बाद में वे Firstpost की मैनेजिंग एडिटर बनीं और शो “Vantage with Palki Sharma” को होस्ट कर रही थीं।
शिक्षा की बात करें तो उन्होंने Communication and Journalism में मास्टर्स किया है और फ्रेंच भाषा में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
संकेत उपाध्याय का सफर
संकेत उपाध्याय भी पत्रकारिता में लंबे अनुभव वाले पत्रकार हैं। उन्होंने अपनी शुरुआत 2003 में हिंदुस्तान टाइम्स से की और बाद में NDTV, Times Now, TV Today Network जैसे बड़े मीडिया हाउस में वरिष्ठ भूमिकाएँ निभाईं। उन्होंने The Big Debate जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों का प्रोडक्शन और एंकरिंग भी की।
2023 में संकेत ने ट्रेडिशनल मीडिया से अलग होकर The Red Mike नाम से एक स्वतंत्र डिजिटल प्लेटफॉर्म की सह-स्थापना की, जिसका उद्देश्य स्वतंत्र और सटीक पत्रकारिता को बढ़ावा देना है।
पेशेवर पहचान और समर्पण
दोनों का करियर पत्रकारिता के उच्च मानकों, तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग और व्यावसायिक निष्पक्षता की छाप से जुड़ा रहा है। जहां पलकी ने वैश्विक मुद्दों और अंतरराष्ट्रीय खबरों को भारतीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया, वहीं संकेत ने समाचार विश्लेषण और बहस आधारित कार्यक्रमों के ज़रिये दर्शकों की सोच को प्रभावित किया।


