नई दिल्ली: डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म News18.com ने वरिष्ठ पत्रकार राकेश राय को अपना नया प्रबंध संपादक (Managing Editor) नियुक्त किया है। वे Firstpost से News18 में आए हैं, जहां वह कार्यकारी संपादक के पद पर कार्यरत थे।
अपनी नई भूमिका में राकेश राय News18.com की वेबसाइट, वेब-सोशल मीडिया और मोबाइल ऐप के समग्र संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। News18.com अंग्रेजी, हिंदी समेत सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है और नेटवर्क18 के डिजिटल न्यूज़ इकोसिस्टम का एक अहम हिस्सा है।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब डिजिटल मीडिया उद्योग गहरे बदलावों के दौर से गुजर रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एल्गोरिदम आधारित प्लेटफॉर्म और बदलते न्यूज़ उपभोग पैटर्न ने पारंपरिक पत्रकारिता मॉडल को पूरी तरह चुनौती दी है। ऐसे में News18 ने राकेश राय को संपादकीय कौशल, उत्पाद सोच, तकनीकी समझ और परिवर्तनकारी नेतृत्व के संयोजन के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी है।
राय 2023 में Times Internet से Firstpost में शामिल हुए थे। वहां उन्होंने Firstpost को एक ग्लोबल न्यूज़ हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। नवंबर-दिसंबर 2025 में Firstpost के कुल पाठकों में से 60 फीसदी से अधिक विदेशी यूज़र थे, जबकि दो साल पहले यह आंकड़ा 10 फीसदी से भी कम था।
News18 में उनकी प्राथमिक चुनौतियों में प्लेटफॉर्म की एडिटोरियल यूनिकनेस को और मजबूत करना, डायरेक्ट यूज़र बेस बढ़ाना और News18 ऐप को ऐसा ऑल-इन-वन न्यूज़ डेस्टिनेशन बनाना शामिल है, जहां यूज़र अपनी सभी कंटेंट जरूरतें पूरी कर सकें।
राकेश राय टीवी न्यूज़ रूम के साथ बेहतर समन्वय पर भी काम करेंगे, खासकर अपने अधीन रिपोर्टर और स्ट्रिंगर नेटवर्क के जरिए बड़ी, एक्सक्लूसिव और इम्पैक्टफुल स्टोरीज़ विकसित करने पर फोकस रहेगा।
संगठनात्मक ढांचे के तहत हिंदी और अंग्रेजी वेबसाइटों तथा चुनिंदा वर्टिकल्स के संपादक — आलोक कुमार, संदीप बर्धन, तविशी पैतांडी और विनीत रामकृष्णन — सीधे राकेश राय को रिपोर्ट करेंगे। अन्य भाषा वेबसाइटों के संपादक अविनाश दत्त को रिपोर्ट करेंगे, जो राय के साथ समन्वय में काम करेंगे। अविनाश दत्त News18 ऐप और माइक्रो-लोकल पहलों का नेतृत्व करते रहेंगे।


