लखनऊ/बरेली। पत्रकार से विधायक बने उमेश कुमार के बड़े बेटे दक्ष शर्मा ने मीडिया की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। समाचार प्लस OTT के सीएमडी दक्ष शर्मा ने कथित तौर पर महज डेढ़-दो साल के भीतर आठ राज्यों में 3000 रिपोर्टर्स का नेटवर्क खड़ा कर मीडिया संस्थान के विस्तार को नई दिशा दी है।
मौका था लखनऊ स्थित समाचार प्लस OTT यूपी के प्रदेश कार्यालय के भव्य उद्घाटन का। समारोह में राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका और मीडिया जगत से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इस दौरान अपने बेटे की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उमेश कुमार शर्मा खासे उत्साहित नजर आए।
उमेश कुमार शर्मा लंबे समय तक पत्रकारिता में सक्रिय रहे और इसी दौरान समाचार प्लस की नींव रखी। बाद में राजनीति में आने के बाद उन्होंने मीडिया संस्थान की जिम्मेदारी अपने बड़े बेटे दक्ष शर्मा को सौंप दी। अब दक्ष संस्थान के विस्तार और संचालन की कमान संभाल रहे हैं।
‘लगा था राजनीति में आने के बाद समाचार प्लस खत्म हो जाएगा’
बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उमेश कुमार शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजनीति में आने के बाद उन्हें लगा था कि समाचार प्लस का नाम धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा। लेकिन उनके बड़े बेटे दक्ष ने न सिर्फ इस नाम को बनाए रखा, बल्कि उसे एक अलग मुकाम तक पहुंचाने का काम किया।
उमेश कुमार के मुताबिक, सबसे खास बात यह है कि दक्ष ने उनसे किसी तरह का सहयोग लिए बिना आठ राज्यों में 3000 रिपोर्टर्स का नेटवर्क तैयार किया और अलग-अलग राज्यों में रीजनल समाचार प्लस OTT लॉन्च किया।
पिता के मुताबिक, बेटे की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उसने अपने स्तर पर मीडिया नेटवर्क को विस्तार देने की कोशिश की और संस्थान को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाली।
लखनऊ में नए कार्यालय का उद्घाटन
लखनऊ में समाचार प्लस OTT यूपी के नए प्रदेश कार्यालय के उद्घाटन के दौरान उमेश कुमार शर्मा और दक्ष शर्मा ने कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह, भारत समाचार के ब्रजेश मिश्रा, जस्टिस शमशेर बहादुर सिंह, पूर्व चीफ कमिश्नर इनकम टैक्स एवं वर्तमान सदस्य RERA ट्रिब्यूनल, उत्तर प्रदेश रमेश्वर सिंह, पूर्व सांसद जौनपुर धनंजय सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, मंत्री अनिल कुमार, रामपुर विधायक आकाश सक्सेना, बरेली के मेयर उमेश गौतम एवं उनके बेटे पार्थ गौतम तथा पूर्व एडमिनिस्ट्रेटर योगेश्वर राम मिश्रा (रिटायर्ड IAS) सहित कई लोग मौजूद रहे।
समारोह में मीडिया संस्थान के विस्तार, क्षेत्रीय स्तर पर डिजिटल न्यूज नेटवर्क को मजबूत करने और नए प्रदेश कार्यालय के जरिए उत्तर प्रदेश में गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया गया।
पिता की पत्रकारिता से बेटे की मीडिया पारी तक
उमेश कुमार शर्मा का पत्रकारिता से राजनीति तक का सफर काफी चर्चित रहा है। अब उनके बेटे दक्ष शर्मा ने मीडिया संस्थान की कमान संभालकर इस सफर को आगे बढ़ाने की कोशिश शुरू की है।
एक तरफ पिता राजनीति में सक्रिय होकर सार्वजनिक जीवन में अपनी भूमिका निभा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बेटा मीडिया संस्थान को विस्तार देने में जुटा है। ऐसे में समाचार प्लस की अगली पारी को पिता की पत्रकारिता की विरासत और बेटे की डिजिटल मीडिया रणनीति के मेल के तौर पर देखा जा रहा है।


