Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

टीवी

चार हफ्तों के लिए न्यूज़ चैनलों की TRP पर रोक

इजरायल–ईरान तनाव के बीच केंद्र सरकार का बड़ा कदम

नई दिल्ली। इजरायल–ईरान के बीच जारी तनाव और उससे जुड़ी खबरों में बढ़ती सनसनीखेज और अटकलों पर आधारित रिपोर्टिंग को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) को निर्देश दिया है कि न्यूज़ टीवी चैनलों की टेलीविजन रेटिंग पॉइंट्स (TRP) की रिपोर्टिंग तत्काल प्रभाव से चार सप्ताह के लिए रोक दी जाए।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से 6 मार्च 2026 को जारी निर्देश में कहा गया है कि इजरायल–ईरान संघर्ष के बीच कुछ न्यूज़ चैनल अनावश्यक सनसनी और अटकलों पर आधारित सामग्री प्रसारित कर रहे हैं, जिससे आम जनता में घबराहट फैलने की आशंका है। विशेष रूप से उन लोगों में चिंता बढ़ सकती है जिनके मित्र या परिजन प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे हैं।

मंत्रालय ने अपने आदेश में 16 जनवरी 2014 की ‘टेलीविजन रेटिंग एजेंसियों के लिए नीति दिशानिर्देश’ का हवाला देते हुए कहा कि इन दिशानिर्देशों के तहत रेटिंग एजेंसी को मंत्रालय द्वारा समय-समय पर जारी आदेशों, नियमों और निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। इसी प्रावधान के तहत BARC को न्यूज़ चैनलों की TRP रिपोर्टिंग फिलहाल रोकने का निर्देश दिया गया है।

सरकार के अनुसार यह कदम सार्वजनिक हित में उठाया गया है, ताकि टीआरपी की होड़ में सनसनीखेज रिपोर्टिंग को बढ़ावा न मिले और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्रोत्साहन मिल सके। यह रोक चार सप्ताह तक लागू रहेगी या मंत्रालय के अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगी, जो भी पहले हो।

यह निर्देश सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अतिरिक्त निदेशक (BP&L) गौरीशंकर केसरवानी द्वारा BARC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नकुल चोपड़ा को जारी किया गया है। आदेश के बाद मीडिया उद्योग में टीआरपी व्यवस्था और न्यूज़ चैनलों की रिपोर्टिंग शैली को लेकर नई बहस शुरू होने की संभावना है।

ईरान-इजरायल युद्ध की कवरेज ने भारतीय न्यूज चैनल की साख और भी गिरा दी है.. पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के दौरान न्यूज चैनलों ने जिस तरह से अपनी फजीहत कराई थी, वही आलम एक बार फिर सामने है..
पूरी दुनिया में भारतीय चैनलों की विश्वसनीयता और साख को कटघरे में खड़े करने वाले वीडियो बनाकर लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं..
शायद यही वजह है कि सरकार ने 4 हफ्ते के लिए टीआरपी बंद करा दी है.. भारत सरकार ने टीवी रेंटिग जारी करने वाली एजेंसी बार्क से 4 हफ्ते के लिए टीआरपी जारी न करने के निर्देश दिए हैं..
यानि अब गला फाड़कर चीखते न्यूज़ एंकर शायद धैर्य और संयम से, शांत रहकर अपनी बात रखें.. शायद अब सायरन 9 बजें.. सबसे पहले वीडियो फुटेज दिखाने की होड़ में शायद फर्जी AI वीडियो नजर न आएं..

-विवेक त्रिपाठी

Local News Community
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन