
संजय कुमार सिंह
दिल्ली में कल मतदान है। चुनाव प्रचार का आखिरी दिन कल था। आज ज्यादातर अखबारों की लीड यही है। लेकिन वोट तो सरकार के काम, वादों और उम्मीदों पर पड़ते हैं उसे बताने में हमारे अखबार कितने निष्पक्ष रहे इसका मोटा अंदाजा देने के लिए आज के अखबारों की लीड का शीर्षक देखिये। इंडियन एक्सप्रेस, हिन्दुस्तान टाइम्स, दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान और नवोदय टाइम्स में चुनाव प्रचार खत्म होने की खबर लीड है। आज जो दूसरी खबरें लीड हो सकती थीं उनमें एक द ट्रिब्यून में है। शीर्षक हिन्दी में कुछ इस तरह होगा, राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी ने ट्रम्प के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण प्राप्त करने के प्रयास किया इससे संसद बाधित हुई। यह खबर आज कुछ अखबारों में सेकेंड लीड है और जो हालात रहे हैं उसमें यह भी कम नहीं है। उसपर आने से पहले आज की दूसरी लीड बता दूं। दि एशियन एज का लीड चुनाव प्रचार खत्म होने पर ही है लेकिन इस प्रकार है, “दिल्ली में कल मतदान : केजरीवाल ने कहा भाजपा ‘झुग्गी झोपड़ी’ वाले मतदाताओं पर निशाना साधती है”। इसके मुकाबले अमर उजाला की लीड का शीर्षक है, “अपनी छवि चमकाने के लिए विद्यार्थियों के भविष्य से खेल रही है आप सरकार : मोदी”। इसके मुकाबले टाइम्स ऑफ इंडिया की लीड बिल्कुल अलग है, नूई की बहन चंद्रिका, 71 को चैन्ट एल्बम (खास धुन के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के एल्बम त्रिवेणी) के लिए ग्रैमी अवार्ड मिला। चंद्रिका भारतवंशी हैं और इंदिरा कृष्णमूर्ति नूई की बहन हैं जो पेप्सिको कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं और दुनिया भर की प्रभावशाली महिलाओं में एक है।
दैनिक जागरण की लीड का शीर्षक है, “बांग्लादेशी घुसपैठियों से दिल्ली में 147 जगह बदली जनसांख्यिकी”। उपशीर्षक के अनुसार यह जेएनयू-टिस का अध्ययन है और इसमें यह भी कहा गया है कि दिल्ली में अनियोजित झुग्गियों का विकास हुआ है। खबर में यह भी बताया गया है कि दिल्ली में बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान में जुटी पुलिस। कहने की जरूरत नहीं है कि बांग्लादेशियों की घुसपैठ एक दिन में नहीं हुई होगी और जब हो गई तो चुनाव में उसे मुद्दा बनाया गया है और अब उनकी पहचान की जा रही है जबकि सांसद के बंगलों में रहने वाले लोगों के कई नाम मतदाता सूची में शामिल किये जाने के आरोप हैं और उनकी जांच का भी पता नहीं है। बांग्लादेशी घुसपैठियों के बसे होने का आरोप भाजपा का है जबकि इसे रोकना भाजपा का ही काम था। जो भी हो, खबर यह बनती कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पांच साल घुसपैठ होने दी, उस बीच उनके मतदाता कार्ड भी बन गये (जिसकी जांच हो रही है) और अब इसके लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराकर चुनावी माहौल बनाने का प्रयास चल रहा है। आम आदमी पार्टी ने जवाब में यह सब कहा है लेकिन ….।
नवोदय टाइम्स की लीड का शीर्षक है, प्रचार थमने से पहले शक्ति प्रदर्शन। इस मुख्य शीर्षक के साथ तीनों प्रमुख दलों की खबरें हैं। इनमें आरोप और दावे जो भी हों, शामिल है। कायदे से चुनावी रिपोर्टिंग और प्रस्तुति ऐसी ही होनी चाहिये लेकिन दैनिक जागरण और अमर उजाला की रिपोर्टिंग सीधे तौर पर भाजपा का प्रचार लग रही है। इतने अखबारों में अकेले द टेलीग्राफ ने संसद में कल जो भाषण दिया उसे प्रमुखता से लीड के रूप में प्रकाशित किया है। फ्लैग शीर्षक है, “लोकसभा में राहुल गांधी ने ‘बार-बार’ की सरकार की आलोचना की और ज्यादा रोजगार, चीन पर फोकस की जरूरत बताई।” कहने की जरूरत नहीं है कि राहुल गांधी का भाषण अच्छा था और उन्होंने मुद्दों की बात की। वैसे ही जैसे पहले हुआ करती थी। और पिछले 10 साल में बमुश्किल देखी गई। इसे अखबारों में प्रमुखता मिली भी है। आइये उसे भी देख लें। नवोदय टाइम्स में यह खबर दूसरे पहले पन्ने पर लीड है। शीर्षक है, “बेरोजगारी पर जवाब नहीं दे सकीं सरकारें : राहुल”। इंडियन एक्सप्रेस में यह दो कॉलम की खबर है, “रोजगार, सीमा सुरक्षा को लेकर सरकार पर हमला करने के लिए राहुल ने चीन को मुद्दा बनाया”। इसके साथ एक्सप्रेस एक्सप्लेन्ड भी है, क्या यह नई राजनीति है? राहुल गांधी की सुलह की आवाज़ें पिछले सत्रों की कटुता से अलग थीं। उन्होंने बढ़ते तनाव के बीच इंडिया ब्लॉक को एक इकाई के रूप में पेश किया।
हिन्दुस्तान टाइम्स में यह खबर सेकेंड लीड है। शीर्षक गौर तलब है, चीन मॉडल, अमेरिकी संबंधों पर राहुल गांधी ने सरकार की आलोचना की तो विवाद। आज हिन्दुस्तान टाइम्स के साथ टाइम्स ऑफ इंडिया में भी पहले पन्ने से पहले के अधपन्ने की लीड मोदी ट्रम्प की मुलाकात पर है और खबरों के अनुसार इसकी संभावना 13 फरवरी को है। ट्रम्प रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया का शीर्षक है, मोदी 13 फरवरी को अमेरिका जाने, ट्रम्प से मिलने के लिए तैयार। टाइम्स ऑफ इंडिया में यह खबर नहीं है। सिंगल कॉलम की खबर का शीर्षक है, विदेश मंत्री ने शपथग्रहण के निमंत्रण पर राहुल क दावे के लिए उनकी आलोचना की। इसके साथ बताया गया है कि अंदर भाजपा सांसदों द्वारा सोनिया गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की सूचना दी गई है। दि एशियन एज में राहुल गांधी की खबर सेकेंड लीड है। अमर उजाला में टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर दूसरे पहले पन्ने पर सेकेंड लीड है, जयशंकर के अमेरिका दौरे पर टिप्पणी कर संसद में घिरे राहुल। यहां दिलचस्प है कि जिस आरोप के लिए राहुल गांधी घिरे बताया जा रहा है वह आरोप सुब्रमण्यम स्वामी कई बार और काफी पहले लगा चुके हैं।
इन खबरों में रुपया और गिरा तथा 87 से भी नीचे चला गया, टाइम्स ऑफ इंडिया के अधपन्ने पर है। इसके साथ बताया गया है कि अबकी बार ट्रम्प के टैरिफ वार (प्रमुख व्यापारिक साझेदारों से आयात पर शुल्क लगाने की घोषणा)के कारण सेनसेक्स भी गिर गया है और दो हफ्ते में एक दिन की सबसे बड़ी मंदी कल आई।


