एचटी मीडिया लिमिटेड (HT Media Ltd.) के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) प्रवीण सोमेश्वर ने सात साल के नेतृत्व के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लिंक्डइन पर इस बात की जानकारी साझा की है।
अब प्रवीण सोमेश्वर यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के एमडी और सीईओ के रूप में नई भूमिका निभाते नजर आने वाले हैं।
अगस्त 2018 में जब प्रवीण सोमेश्वर ने HT Media की कमान संभाली, तब मीडिया इंडस्ट्री बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही थी। हिन्दुस्तान टाइम्स, मिंट और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख ब्रांड्स के साथ HT Media पहले से ही एक मजबूत पहचान रखता था, लेकिन प्रिंट मीडिया के घटते विज्ञापन और डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने संगठन को नई रणनीति अपनाने के लिए मजबूर किया।
सोमेश्वर, जिन्होंने पेप्सिको में भी रणनीतिक नेतृत्व किया था, ने इस बदलाव को चुनौती की बजाय अवसर के रूप में देखा और HT Media के डिजिटल विस्तार को तेज़ी से आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व में डिजिटल कंटेंट, विज्ञापन रणनीति और मीडिया प्लानिंग में बड़े सुधार हुए।
HT Media से विदाई के बाद प्रवीण सोमेश्वर अब United Spirits Limited (USL) में MD और CEO का पद संभालेंगे। USL, Diageo Group की सहायक कंपनी है और भारत में शराब निर्माण की अग्रणी कंपनियों में से एक है। सोमेश्वर की नई भूमिका को लेकर उद्योग जगत में उत्सुकता बनी हुई है, क्योंकि उनके नेतृत्व में डिजिटल और रणनीतिक बदलाव की मजबूत पृष्ठभूमि रही है।
पत्रकार दीपिका यादव ने छोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत
टीवी पत्रकार दीपिका यादव ने Times Now Navbharat में अपनी साढ़े तीन साल की पारी को विराम दे दिया है। वह यहां सीनियर करेसपॉन्डेंट के पद पर कार्यरत थीं और सुबह 7 बजे का प्राइम टाइम शो होस्ट कर रही थीं।
गुजराती मूल की दीपिका को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपनी पढ़ाई गुजरात में पूरी करने के बाद नेटवर्क18 (हैदराबाद) से अपने करियर की शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने एबीपी न्यूज और जी न्यूज जैसे न्यूज चैनलों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने के बाद उन्होंने कई महत्वपूर्ण समाचार कवरेज और शो को होस्ट किया, जिससे उनकी पहचान एक काबिल और प्रभावशाली टीवी पत्रकार के रूप में बनी।
हालांकि, वह अपनी नई पारी किस मीडिया संस्थान के साथ शुरू करेंगी, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।


