लखनऊ। वरिष्ठ टीवी पत्रकार और News18 India के पॉलिटिकल एडिटर व एंकर यतेंद्र शर्मा को भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश की नई प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति के बाद सोशल मीडिया पर पत्रकारिता की निष्पक्षता और राजनीतिक निकटता को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
दरअसल, गुरुवार को यतेंद्र शर्मा ने दोपहर करीब 12 बजे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट किया, जिसमें वह पत्रकार की भूमिका में नजर आए। इसके करीब एक घंटे बाद भाजपा ने अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें उन्हें प्रदेश मंत्री बनाया गया। दोनों घटनाओं के बीच बेहद कम समय होने के कारण सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाए।
आलोचकों का कहना है कि यदि कोई पत्रकार सक्रिय पत्रकारिता करते हुए सीधे किसी राजनीतिक दल में महत्वपूर्ण पद हासिल करता है, तो उसकी पहले की रिपोर्टिंग और राजनीतिक कवरेज की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने टिप्पणी की कि इससे यह बहस तेज हो गई है कि क्या ऐसे पत्रकार जनहित में रिपोर्टिंग कर रहे थे या किसी खास राजनीतिक विचारधारा अथवा दल के हित में।
कुछ यूजर्स ने इसे “पत्रकारिता से राजनीति में सहज संक्रमण” बताया, जबकि कुछ ने इसे “भक्ति का इनाम” जैसी तीखी टिप्पणियों से जोड़ा। वहीं, कई लोगों का मानना है कि किसी भी व्यक्ति को राजनीति में जाने का अधिकार है, लेकिन यदि पत्रकारिता से सीधे किसी दल में महत्वपूर्ण पद मिलता है, तो पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
यतेंद्र शर्मा लंबे समय से राजनीतिक पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2006 में S1 News से की थी। इसके बाद MH1 News, India News और News18 India जैसे संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। News18 India में वह पॉलिटिकल एडिटर और एंकर के रूप में कार्यरत थे।
फिलहाल, यतेंद्र शर्मा या News18 India की ओर से उनकी नियुक्ति और पत्रकारिता से राजनीतिक भूमिका में बदलाव को लेकर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ऐसे पत्रकारों ने जनहित में रिपोर्टिंग की होगी या एक पार्टी विशेष के हित में, ये जानना कोई रॉकेट साइंस नहीं है…
यूपी में चुनाव आ गए तो इनकी ‘प्रतिभा’ और ‘मीडिया कनेक्शन’ का पूरा फायदा उठाने का समय आ गया है…
खुला खेल फ़र्रूख़ाबादी…
-खुशदीप सहगल, वरिष्ठ पत्रकार

News 18 के पत्रकार यतेंद्र शर्मा ने आज 12 बजे ट्वीट किया जिसमें वो चैनल पर पत्रकार के तौर पर ज्ञान दे रहे थे और सिर्फ एक घंटे बाद 1 बजे बीजेपी ने ट्वीट किया जिसमें यतेंद्र शर्मा को यूपी में प्रदेश मंत्री बना दिया गया है…
-सौरभ यादव, पत्रकार

मूल खबर…
न्यूज़18 के पॉलिटिकल एडिटर यतेंद्र शर्मा को भाजपा ने यूपी का प्रदेश मंत्री बनाया!



