Connect with us

Hi, what are you looking for?

सियासत

मुझे सोनिया गांधी से मोहब्बत भी है और जलन भी!

लेखिका-पत्रकार गीता श्री ने सोनिया गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी को लेकर अपनी पुरानी भावनाओं को याद किया है- होस्टल के दिनों से लेकर सोनिया के विदेशी मूल के मुद्दे तक।

लेखिका और पत्रकार गीता श्री

गीता श्री-

अनमनापन है… वरना सोनिया गांधी की तरफ से खूब लड़ती। जो लोग राहुल के भाषण को लेकर अश्लील बातें कर रहे, किताब पर उंगली उठा रहे, उनको जली-कटी सुनाती।

गीता यथार्थ ने सही पोस्ट लिखा है कि बिना माँ-बाप के सेक्स के तुम लोग पैदा हो गए हो? तुम्हारे माँ-बाप ने कभी प्रेम नहीं किया? ऐसे ही पैदा हो गए? अवतार लिए हैं सबके सब। अवतार परंपरा में पैदा हुई संतान बिना सेक्स के पैदा होती होगी 😀

मने हद दर्जे की मूर्खता और बेशर्मी है भाई। लड़ेंगे हम। जरा मन ठीक हो जाए।

फिलहाल जरा सोनिया और राहुल पर प्रेम लुटा दें। मुझे सोनिया गांधी से मोहब्बत भी है और जलन भी। उनसे सहानुभूति भी है और स्नेह संबंध भी। ये आज से नहीं…

बहुत पुरानी बात है। होस्टल डेज में हमें टीवी पर सिर्फ न्यूज़ देखने की छूट थी। न्यूज़ देखने में किसकी रुचि होती? मेरी भी दो कारणों से हुई। मेरी आदर्श इंदिरा गांधी दिख जाती थीं या फिर वो प्रथम पुरुष… जिसे देखते ही मैं स्क्रीन टच कर लेती थी।

और कोई नहीं… केवल एक… हिंदी सिनेमा के किसी हीरो में दम नहीं था जो मेरा क्रश बनता। सिर्फ और सिर्फ राहुल के पप्पा… 😀

एक गँवई लड़की फ़िदा हो गई थी सोनिया पति पर। और कॉलेज से भाग कर सीतामढ़ी में उनकी रैली देखने पहुँची। ज्यादातर ग्रामीण सोनिया गांधी को देखने के लिए बेहाल थे। ओ गे विदेसिनी…

सिर पर पल्लू रखे राजीव गांधी की हमसाया सोनिया… मैं देखती रह गई। हल्की जलन हुई। मगर आँखें जुड़ा गईं। दोनों की वो छवि आज भी कौंधती है। एकदम नज़दीक से देखा था।

वक़्त गुज़रा…
हादसा हुआ…

उसे याद नहीं करना चाहती। इंदिरा गांधी की मृत्यु को भी भुला नहीं पाई हूँ। मुझे इस पूरे परिवार से मोहब्बत है। कई कारण हैं।

मेरे बाबूजी हमेशा सबको कहते- “तीन बेटी हैं तो क्या। नेहरू जी का ख़ानदान कौन बेटा चला रहा है? बेटी ही न चला रही है। जमाना बदल गया है।”

मुझे हमेशा इंदिरा गांधी का उदाहरण देते रहे। उस नाम में गजब की निडरता थी… कि मेरे भीतर का सारा भय नष्ट हो गया। समाज, परिवार, लोग किसी का भय नहीं। इंदिरा सिर्फ नेता नहीं, साहस थीं मेरे लिए। हम स्त्रियों का स्वाभिमान। नेहरू जैसे पिता ही बेटियों का संसार बदलते हैं।

मेरे बचपन की ये दो बड़ी प्रेरक बातें थीं। बड़ी हुई तो राजीव गांधी आए। अब बुजुर्ग हुई तो ये राहुल बाबा रहा-सहा दिल जीत कर ले गया।

सोनिया से जलन अब भी हो रही है- एक लेखक के रूप में फिर सबको पीछे छोड़ दिया।

सोनिया को मैंने उसी तरह से भारतीय माना जैसे कोई भी बहू अपने ससुराल की मालकिन हो जाती है। जब उनके विदेशी मूल का मुद्दा उठा था तब बहुत तकलीफ हुई थी। हम हर जगह झगड़ते और दलील देते थे। वो भारतीय बहू हैं। उन्हें कब तक विदेशी कह कर अलगाते रहोगे। उस दौर में बहुत बौखलाहट होती थी। ऐसा लगता था कि हर बहू से उसका घर छीना जा सकता है।

वैसे ये वही समाज है जो बेटे की मृत्यु के बाद कई बार विधवा बहू से मुंह फेर लेता है।

एक स्त्री का घर कहां है? मायका छूटता है। ससुराल आती है। फिर घर कहां है? ससुराल ही घर होता है न। सोनिया का घर भारत है। उनका पूरा हक है यहां।

मैं दिल से चाहती थी कि जैसे दूसरे देशों में भारतीय मूल के लोग राजनीति में जाते हैं, सोनिया भी प्रधानमंत्री बनें। सोनिया मेरे लिए एक स्त्री भी हैं। अगर वो बनतीं तो गर्व से हम कहते कि भारत की दूसरी महिला प्रधानमंत्री। भारत की पुरुष प्रधान राजनीति कभी स्त्री को प्रधानमंत्री बनने नहीं देगी। रबड़ स्टाम्प भले बना दे।

सोनिया के इस त्याग को लोगों ने भले सराहा हो, मुझे ठीक नहीं लगा। मैंने तब भी लेख लिखा था अपने अख़बार में।

खैर…

फिर चाहा… राहुल बनें। ये दोनों सपने अधूरे। मेरे चाहने से एक पत्ता नहीं हिलता। वो कौन शायर था जो कहता था-

“तुम एक फूल को जुंबिश दोगे,
एक तारा काँप उठेगा”

यहाँ तो एक पत्ता भी नहीं काँपता। कुछ नहीं बदल रहा।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास