रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. समरेंद्र शर्मा की नई पुस्तक ‘ओटीटी का अक्कड़-बक्कड़ : मनोरंजन या मायाजाल’ जल्द ही पाठकों के बीच आने वाली है। ओटीटी (ओवर द टॉप) प्लेटफॉर्म के तेजी से बढ़ते प्रभाव और मनोरंजन की बदलती दुनिया पर केंद्रित यह पुस्तक समकालीन डिजिटल समाज के एक महत्वपूर्ण विषय को विमर्श के केंद्र में लाने का प्रयास है।
पिछले कुछ वर्षों में ओटीटी प्लेटफॉर्म ने मनोरंजन की पारंपरिक परिभाषा को बदल दिया है। फिल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों के साथ-साथ वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री और विभिन्न प्रकार के डिजिटल कंटेंट ने दर्शकों के सामने मनोरंजन के नए विकल्प प्रस्तुत किए हैं। अब दर्शक अपनी सुविधा, पसंद और समय के अनुसार अपनी पसंद का कंटेंट देख सकते हैं। लेकिन इस बदलाव के साथ कंटेंट की प्रकृति, उसकी विषयवस्तु, प्रस्तुति और सामाजिक स्वीकार्यता को लेकर कई सवाल भी खड़े हुए हैं।
इस किताब में ओटीटी की इसी बदलती दुनिया को विभिन्न दृष्टिकोणों से समझने का प्रयास किया गया है। इसमें मनोरंजन के नाम पर प्रस्तुत किए जा रहे कंटेंट, उसकी विषयवस्तु, भाषा, हिंसा, अश्लीलता, बोल्ड दृश्यों और विवादित प्रस्तुतियों जैसे पहलुओं के साथ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और रचनात्मकता की सीमाओं से जुड़े प्रश्नों पर विमर्श किया गया है। पुस्तक का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि ओटीटी पर उपलब्ध सामग्री का बच्चों, युवाओं, परिवार और सामाजिक व्यवहार पर किस तरह का प्रभाव पड़ रहा है।
पुस्तक में यह विचारणीय प्रश्न भी सामने आता है कि क्या ओटीटी ने दर्शकों को मनोरंजन के अधिक विकल्प देकर उनकी स्वतंत्रता बढ़ाई है या फिर कंटेंट की बढ़ती प्रतिस्पर्धा में दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने की होड़ ने मनोरंजन के स्वरूप को ही बदल दिया है? क्या दर्शक अपनी पसंद से कंटेंट चुन रहे हैं या एल्गोरिदम और लगातार परोसी जा रही सामग्री उनकी पसंद और देखने की आदतों को प्रभावित कर रही है? डिजिटल मनोरंजन की इस दुनिया में अभिभावकों की भूमिका, बच्चों की कंटेंट तक पहुंच, सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों तथा नियमन की आवश्यकता जैसे विषय भी इस विमर्श को प्रासंगिक बनाते हैं।
पुस्तक का उद्देश्य ओटीटी को केवल नकारात्मक या सकारात्मक नजरिये से देखना नहीं, बल्कि उसके विभिन्न पहलुओं पर तार्किक और समग्र दृष्टि से विचार करना है। तकनीक और रचनात्मक अभिव्यक्ति ने मनोरंजन के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोली हैं, लेकिन इनके साथ सामाजिक जिम्मेदारी और दर्शकों के हितों का सवाल भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ‘मनोरंजन या मायाजाल’ इसी द्वंद्व को समझने और पाठकों को सोचने के लिए प्रेरित करने वाली पुस्तक है।
डॉ. समरेंद्र शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में ढाई दशकों से अधिक का अनुभव है। उनकी स्कूली एवं महाविद्यालयीन शिक्षा रायपुर में हुई। उन्होंने पत्रकारिता में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त वे अंग्रेजी में स्नातकोत्तर तथा विधि स्नातक (एलएलबी) भी हैं।
अपने लंबे पत्रकारिता करियर में उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के कई प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे टाइम्स नाउ नवभारत, पी7, सहारा समय, जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ और आईबीसी24 जैसे समाचार चैनलों के साथ देशबंधु, दैनिक भास्कर, दैनिक छत्तीसगढ़, द पायनियर और नई दुनिया जैसे समाचार पत्रों में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की पत्रिका ‘जनमन’ में वरिष्ठ संपादकीय सलाहकार के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
वर्ष 2011 में उन्होंने साबरमती से दांडी तक लगभग 240 मील की पदयात्रा की विशेष रिपोर्टिंग की थी। इसके साथ ही रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित डिफेंस कॉरेस्पॉन्डेंट कोर्स में भी सहभागिता की है।
छत्तीसगढ़ के बस्तर, सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी विशेष रिपोर्टिंग जनजीवन, सामाजिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय सरोकारों पर केंद्रित रही है। संपादकीय प्रबंधन, राजनीतिक एवं सामाजिक पत्रकारिता तथा जमीनी रिपोर्टिंग उनके अनुभव के प्रमुख क्षेत्र रहे हैं।
डॉ. शर्मा की यह नई पुस्तक जल्द ही प्रकाशित होकर पाठकों के लिए उपलब्ध होगी। पुस्तक की उपलब्धता, ऑनलाइन खरीद और विमोचन से संबंधित जानकारी शीघ्र ही साझा की जाएगी।


