संदीप त्रिपाठी-
दैनिक जागरण कोलकाता के साथ नई पारी की शुरुआत कर दी है। वैसे तो दफ्तर में ज्वाइनिंग के लिए एक नवंबर को ही पहुंच गया था, लेकिन रविवार होने के कारण 2 नवंबर को ज्वाइनिंग का समय तय किया गया। यह तिथि इसलिए बता रहा हूं क्योंकि यह मेरे जीवन में बड़ा मायने रखती है। इसी दिन मेरा जन्मदिन पड़ता है। जन्मदिन के दिन ही दैनिक जागरण के साथ अपने करियर के नए पड़ाव की ओर अग्रसर होना पड़ेगा, ऐसा बिल्कुल नहीं सोचा था। लेकिन इसी दिन ज्वाइनिंग करवाई गई।
2 नवंबर को मेरा जन्मदिन, 4 नवंबर को बेटे का जन्मदिन और 6 नवंबर को पत्नी का जन्मदिन, यानी 2-4-6 नवंबर हम जैसे पत्रकारों के लिए क्या मायने रखता है, आप समझ सकते हैं। बेटे के जन्मदिन में शामिल नहीं हो सका। पत्नी को कोई उपहार नहीं दे सका। अपना जन्मदिन याद ही नहीं रहा। हृदय भाई ने याद दिलाया। लेकिन याद आने के बाद भी नए कार्यालय में पहुंचते ही कार्य में कुछ यूं रम गया कि सबसे पहले दिमाग और दिल में यही चल रहा था कि अपने नए संस्थान में बेहतर कार्य दे सकूं।
वैसे शुरू से ही मेरा यही प्रयास रहा है कि जहां भी रहूं, अपना सबसे बेस्ट परफॉर्मेंस देता रहूं। शायद इसलिए भी जहां भी रहा, वहां के सभी साथियों के साथ अपनापन कुछ खास हो जाता है। वर्तमान पत्रिका के बड़े से लेकर सभी छोटे साथियों के साथ कुछ ऐसा संपर्क रहा कि आते समय आंखों में मानो आंसू आ गए थे। लेकिन यदि आपको आगे बढ़ना है तो कठोर निर्णय लेने के लिए बाध्य होना पड़ता है।
फर्स्ट न्यूज, राजस्थान पत्रिका, प्रभात वार्ता, दैनिक जागरण कोलकाता, फिर से राजस्थान पत्रिका बेंगलुरु और उसके बाद कोयंबटूर में नए एडिशन की शुरुआत के समय फिर से राजस्थान पत्रिका में ट्रांसफर होकर पहुंचा। इसके बाद फिर से घर वापसी करते हुए सन्मार्ग में तकरीबन साढ़े सात से आठ साल रहा। एक बार फिर मौका मिला वर्तमान पत्रिका में लॉन्चिंग के समय जुड़ने का। वर्तमान पत्रिका में भी 4 साल से अधिक समय बीता।
ऐसे समय में, जबकि कई जगहों पर शायद प्रिंट मीडिया के भविष्य को लेकर चर्चा भी शुरू हो चुकी थी, परिस्थिति ऐसी नहीं है। दैनिक जागरण जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्र ने कोलकाता में अपने संस्करण की शुरुआत कर दी है। यहां भी लॉन्चिंग के समय शामिल होने का मौका मिला। दरअसल किसी भी समाचार पत्र के लिए लॉन्चिंग का समय काफी महत्वपूर्ण होता है। यह शायद वह अवधि होती है जब हमारे जैसे पत्रकारों की धड़कनें थोड़ी तेज हो उठती हैं। कई बार नर्वसनेस-सी फील होने लगती है। लेकिन यह सब शायद आपके अच्छे के लिए ही होता है।
यकीन मानिए, कभी सोचा नहीं था कि वर्तमान पत्रिका से इतनी जल्दी विदा ले लूंगा। लेकिन परिस्थितियां कुछ ऐसी बनीं कि दैनिक जागरण कोलकाता में फिर से जुड़ने का अवसर मिला। स्थानीय संपादक जयकृष्ण वाजपेयी सर के नेतृत्व में पहले भी काम करने का मौका मिला है। इस बार भी उन्होंने हौसला अफजाई करते हुए काम करने का अवसर प्रदान किया है। साक्षात्कार से लेकर लॉन्चिंग के दौरान अनेक वरिष्ठजनों से मुलाकात हुई। दैनिक जागरण के देश के विभिन्न हिस्सों से आए संपादकों और वरिष्ठ पत्रकार साथियों से मुलाकात हुई।
वैसे वर्तमान पत्रिका को छोड़ने से पहले एक बड़ा मोह-सा बन चुका था। बांग्ला वर्तमान और हिंदी वर्तमान पत्रिका ने मिलकर एक परिवार की तरह हमेशा पूरा सहयोग किया। एक ऐसा अपनापन वहां मिला, जिसे कभी भूल नहीं पाऊंगा, भूलना भी नहीं चाहूंगा। ऐसा माहौल बहुत लंबे समय बाद मिला। लेकिन करियर के कई पड़ावों में आपको बहुत बड़े और गंभीर निर्णय लेने के लिए बाध्य होना पड़ता है।
मुझे ऐसा प्रतीत होता है कि जीवन शायद इसी का नाम है। आपको चलते रहना है। जीवन चलने का ही नाम है। आगे बढ़ते ही रहना चाहिए। आपको कई बार बड़े और कड़े निर्णय लेने पड़ते हैं। जीवन की सच्चाई यही है। मैं वर्तमान पत्रिका के किसी साथी का नाम नहीं लूंगा, क्योंकि सभी से अपनत्व कुछ ऐसा है जिसे न वे कभी भूल पाएंगे, न मैं भूल पाऊंगा।
दैनिक जागरण कोलकाता संस्करण की शुरुआत के साथ ही एक बार फिर जीवन के नए पथ की ओर अग्रसर हो चुका हूं। हां, इस बार जिम्मेदारी शायद थोड़ी बड़ी मिली है, जिस पर मैं भी कई बार यकीन नहीं कर पा रहा हूं कि क्या मैं वास्तव में उस लायक हूं। लेकिन पूरा प्रयास होगा कि चीफ रिपोर्टर सिटी इंचार्ज के दायित्व का मेहनत और लगन के साथ निर्वहन करूं और दिए गए कार्यों को पूरा कर सकूं।
एक नई और ऊर्जावान टीम के साथ हम आप सबके सामने हैं। उम्मीद है कि हम समाज और आम लोगों की आवाज बनने का पूरा प्रयास करेंगे। आप अपनी बात आसानी से हम तक पहुंचा सकें, इसके लिए हमारी टीम अलग-अलग माध्यमों से आप तक पहुंचना शुरू कर चुकी है। उम्मीद है कि मुझे भी आप सबका सहयोग और आशीर्वाद पहले की तरह ही मिलता रहेगा।
