सेवा में,
श्रीमान संपादक महोदय,
भड़ास4मीडिया
सादर नमस्कार
विषय: फर्जी मुकदमे, पत्रकारिता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के खिलाफ न्याय की गुहार
महोदय,
प्रार्थी दीपक चतुर्वेदी, के न्यूज़ इंडिया चैनल का बरेली जिला संवाददाता, यह प्रार्थना पत्र अत्यंत पीड़ा और अन्याय के अनुभव के पश्चात लिख रहा हूँ।
मैं अपने मित्र फैसल द्वारा फोन से सूचना दिए जाने पर एक खबर की कवरेज के लिए मिशन कंपाउंड गया था, जहाँ फैसल का अपहरण करने व जबरन पैसे ट्रांसफर करवाने के मामले में आरोपी शावेज, राजस्थान पत्रिका के पत्रकार अवनीश पांडेय के कार्यालय में छुपा हुआ पाया गया। यह गंभीर मामला पुलभट्टा थाने, उधमसिंह नगर, उत्तराखंड में अपराध संख्या 0061/2025, के तहत पंजीकृत है जिसमें अपहरण, फिरौती जैसी धाराएँ लगी हुई हैं और एक आरोपी जेल भी जा चुका है।
घटनास्थल से फैसल ने डायल 112 को बुलाया, और पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फैसल व शावेज दोनों को पुलिस कोतवाली बरेली ले गई। मैं, एक मित्र होने के नाते, वहां पहुँचा और कोतवाल श्री अमित पांडेय से बातचीत की। उन्होंने इसे एक आपसी विवाद बताकर धारा 151 में कार्यवाही करने की बात कही, और बताया कि दोनों बिटकॉइन व शेयर ट्रेडिंग का कार्य करते हैं।
कुछ समय बाद राजस्थान पत्रिका के अवनीश पांडेय ने अपने करीबी पत्रकारों—अभिनव सिंह (हिंदुस्तान), अमित सक्सेना (अमर उजाला), रजनेश सक्सेना (दैनिक जागरण), और दिग्विजय मिश्रा (अमृत विचार)—को थाने बुलवाया और कोतवाल पर दबाव बनवाया कि शावेज के पक्ष में मुकदमा दर्ज किया जाए। जबकि उत्तराखंड पुलिस की टीम मौके पर आ चुकी थी, फिर भी आरोपी शावेज को सौंपने से इंकार कर दिया गया।
अगले दिन, धारा 151 में कार्रवाई दिखाकर शावेज को “फरार” बता दिया गया जबकि फैसल पर झूठा मुकदमा अपराध संख्या 264/2025 के तहत दर्ज कर जेल भेज दिया गया, और पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और कारतूस दिखाकर गंभीर धाराएँ जोड़ दीं।


यह पूरी घटना एक पूर्व नियोजित षड्यंत्र का हिस्सा प्रतीत होती है, जिसकी अगुवाई पत्रकार अवनीश पांडेय कर रहे हैं, जिन पर पूर्व में फर्जी ड्रग इंस्पेक्टर बनकर उगाही का मामला अपराध संख्या 722/07, धारा 170, 419, 420, 386, थाना माधोटांडा, जिला पीलीभीत में दर्ज है और जिनकी गिरफ्तारी व जेल हो चुकी है।
यह भी उल्लेखनीय है कि बरेली क्लब में छह महीने पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ युवाओं ने इनकी फोटो सहित यह बताया था कि यह लोग मुकदमे का डर दिखाकर 25 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दिग्विजय मिश्रा ने आयोजित कराई थी, और इस गिरोह में जिले के कई क्राइम रिपोर्टर शामिल हैं, जो लगातार पुलिस पर दबाव डालते हैं और खबरों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत करते हैं।
महोदय, मैंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए ADG श्री रमित शर्मा और DIG श्री अजय साहनी से मुलाकात की है, जिन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। परंतु मुझे अपनी जान को खतरा महसूस हो रहा है और अगर भविष्य में मुझे कुछ होता है, तो इसकी जिम्मेदारी अवनीश पांडेय व उनका पत्रकार गिरोह होगा।
आपसे निवेदन है कि कृपया मेरी बात को प्रमुखता दें और इस प्रकरण को उजागर कर मुझे न्याय दिलाने में सहयोग करें।
सादर,
दीपक चतुर्वेदी
जिला संवाददाता
के न्यूज़ इंडिया, बरेली
मो.: 9675956867


