अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से हनी-ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला और एक पत्रकार ने मिलकर एक बिल्डर को फंसाया, उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाईं और फिर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने इस मामले में महिला और पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य महिला, जो इस साजिश की मास्टरमाइंड बताई जा रही है, फरार है।
क्या है पूरा मामला?
साइबर क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान सुनीता राजपूत के रूप में हुई है, जो कई व्यवसाय चलाती है। आरोप है कि सुनीता ने अहमदाबाद के एक बिल्डर को हनी-ट्रैप में फंसाया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और इसी दौरान सुनीता ने बिल्डर की जानकारी और सहमति के बिना उसके न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
अंग्रेजी वेबसाइट इंडिया डॉट कॉम के अनुसार, पुलिस ने बताया कि- सुनीता केवल 12वीं पास है। बाद में उसने ये वीडियो अश्विन चौहान को सौंप दिए, जो गुजरात प्रदेश एनसीपी के उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं और एक स्थानीय अखबार में बतौर संपादक काम करते हैं।
पत्रकार ने दी धमकी, मांगे 10 करोड़
एसीपी हार्दिक मांकडिया (साइबर क्राइम ब्रांच) ने बताया कि अश्विन चौहान ने बिल्डर को आपत्तिजनक वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू किया। आरोप है कि उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की।
लगातार मिल रही धमकियों से मानसिक रूप से परेशान बिल्डर ने आखिरकार अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई।
दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनीता राजपूत और अश्विन चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सुनीता की एक सहेली, जिसे इस पूरे हनी-ट्रैप और ब्लैकमेलिंग की मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस तरह के और भी पीड़ित हैं।



