Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

हिंदी पत्रकारिता की 200वीं जयंती पर ताज प्रेस क्लब में वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन!

Group of men in traditional Indian attire paying respects to a framed painting of a goddess, with a lit lamp and flower garlands nearby.

आगरा: ताज प्रेस क्लब द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस की 200वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर शनिवार को ‘बदलती पत्रकारिता, बदलती जिम्मेदारी’ विषय पर एक भव्य वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्र द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर देश और शहर के तमाम वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। इससे पूर्व संगोष्ठी का विषय प्रवर्तन वरिष्ठ पत्रकार डा गिरिजा शंकर द्वारा किया गया ।

पत्रकारिता की साख और चुनौतियां:
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के समक्ष चुनौतियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने इस क्षेत्र में आ रहे अनभिज्ञ लोगों पर चिंता जताते हुए कहा कि पत्रकार संगठनों को स्वयं आगे आकर ऐसे तत्वों को दूर करना होगा और पत्रकारिता के गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखना होगा। सोशल मीडिया के प्रभाव पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही यह प्रचार का एक तीव्र माध्यम बन चुका है, लेकिन ऐतिहासिक और प्रामाणिक रिकॉर्ड के लिए आज भी समाचार पत्र ही सबसे विश्वसनीय उपयोगी साधन हैं। उन्होंने राजनेताओं और पत्रकारों के बीच के खट्टे-मीठे और सहयोगात्मक रिश्तों को रेखांकित किया और पूर्व में दिए गए आश्वासन को दोहराते हुए ताज प्रेस क्लब भवन में जल्द ही सोलर सिस्टम लगवाने की बात कही।

गिरावट को रोकना और गरिमा बनाए रखना जरूरी:
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने हिंदी पत्रकारिता के शानदार इतिहास को याद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज के अन्य क्षेत्रों की तरह पत्रकारिता के स्तर में भी गिरावट देखी जा रही है। चूंकि पत्रकार को समाज का दर्पण माना जाता है, इसलिए यह बेहद जरूरी है कि पत्रकार अपने गौरवशाली अतीत को याद रखें और अपनी गरिमा को बनाए रखें। वहीं, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भी इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारों को अपने बीच सक्रिय गैर-पत्रकारों को पहचानना होगा, क्योंकि ऐसे लोग समाज और पत्रकारिता दोनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने इस दिशा में ताज प्रेस क्लब की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

200 वर्षों की विकास यात्रा पर प्रकाश:
संगोष्ठी में मौजूद मीडिया विशेषज्ञों और वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता की दो शताब्दियों की लंबी यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी, सामाजिक चेतना जगाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में हिंदी पत्रकारिता का अप्रतिम योगदान रहा है। वर्तमान में प्रिंट मीडिया से लेकर डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में आए बदलावों के कारण पत्रकारों के सामने नई जिम्मेदारियां आ गई हैं। ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया और इस 200 वर्ष के सफर को पूरे मीडिया जगत के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्लब पत्रकारों के हितों और उनके पेशेवर विकास के लिए हमेशा समर्पित रहेगा।

वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान:
इस भव्य समारोह में सम्मानित होने वाले विशिष्ट अतिथियों में दिल्ली से आए वरिष्ठ पत्रकार राज कुमार सिंह, डॉ. प्रतीक मिश्र, राकेश आर्य, आशु सक्सेना, सुभाष यादव लखनऊ से गोलेश स्वामी और जयपुर से आए अभिषेक मेहरोत्रा शामिल रहे। इन सभी विभूतियों का सम्मान प्रेस क्लब की कार्यकारिणी के सदस्यों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन महासचिव विवेक कुमार जैन द्वारा किया गया और अंत में अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने सभी उपस्थित अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन