Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

उत्तर प्रदेश

यूपी में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए बनेगा विशेष ऑनलाइन पोर्टल!

Split portrait of two men: left in a white shirt, smiling; right in a lavender shirt with pens in the pocket, with gold Hindi nameplates below.

सूचना निदेशक विशाल सिंह की पहल, सहायक सूचना निदेशक सुरेंद्रनाथ पाल ने वाराणसी के पत्रकारों से साधा संपर्क…

सुरेश गांधी-

वाराणसी। प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने की दिशा में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने बड़ी पहल की है। सूचना निदेशक विशाल सिंह के निर्देश पर लंबे समय से लंबित आयुष्मान कार्ड के मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके साथ ही पत्रकारों की सुविधा के लिए शीघ्र ही एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से आवेदन और लंबित प्रकरणों का निस्तारण अधिक सरल एवं पारदर्शी ढंग से किया जा सकेगा।

इस संबंध में सहायक सूचना निदेशक, वाराणसी सुरेंद्रनाथ पाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड का निर्माण लगभग एक वर्ष पूर्व ही पूरा हो चुका है। हालांकि वाराणसी में कुछ तकनीकी एवं प्रशासनिक कारणों से कई मामलों में कार्ड जारी नहीं हो सके। अब सूचना निदेशक विशाल सिंह के विशेष निर्देशों के बाद इन लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सुरेंद्रनाथ पाल ने बताया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों ने पहले ही आवेदन किया था, लेकिन उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर अपना स्टेटस अवश्य जांच लें। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित हो रहा है और किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है। इससे कार्ड जारी होने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।

उन्होंने बताया कि जिन पात्र पत्रकारों का आवेदन अभी तक लंबित है अथवा किसी कारणवश उनका कार्ड नहीं बन पाया है, उनके लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग शीघ्र ही एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ करने जा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से पत्रकार अपने संबंधित जिला सूचना कार्यालय के जरिए आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। पोर्टल प्रारंभ होते ही इसकी सूचना सभी जिलों के सूचना कार्यालयों के माध्यम से उपलब्ध करा दी जाएगी।

सहायक सूचना निदेशक ने कहा कि सूचना निदेशक विशाल सिंह का उद्देश्य है कि प्रदेश का कोई भी पात्र मान्यता प्राप्त पत्रकार आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से आवेदन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है, ताकि पत्रकारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ बिना किसी अनावश्यक परेशानी के मिल सके।

सूचना विभाग की इस पहल को पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेषकर वाराणसी में, जहां लंबे समय से आयुष्मान कार्ड बनने की प्रक्रिया अधूरी थी, वहां अब लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की उम्मीद बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद पात्र पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक तेज और प्रभावी होगी।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन