पटना। बिहार की राजधानी पटना में एक व्यक्ति ने विधायक अजय कुमार सिंह के पुत्र और बहू पर मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित दिग्विजय सिंह ने पटना के शास्त्री नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन में आ रही परेशानियों और जान पर खतरे का जिक्र किया है।
शादी के बाद से ही शुरू हुआ उत्पीड़न
दिग्विजय सिंह के अनुसार, उनकी शादी दिसंबर 2022 में पटना के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र (166) से भाजपा विधायक अजय कुमार सिंह की पुत्री ज्योति कुमारी के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी पत्नी, ससुर अजय कुमार सिंह, सास, और साले सूरज कुमार सिंह ने उनके साथ अनुचित व्यवहार शुरू कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि उनकी पत्नी जो कि एक न्यूज चैनल की पत्रकार भी है, बार-बार उन्हें तलाक देने की धमकी देती रही और उनके पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की बात कहती थी। इतना ही नहीं, उनके खिलाफ गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना का सिलसिला चलता रहा।
फोन पर धमकी और डराने की कोशिश
शिकायत के मुताबिक, 21 मार्च 2025 को शाम 5:18 बजे विजय सिंह की पत्नी ने उन्हें फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई। इसके तुरंत बाद साले सूरज कुमार सिंह ने उन्हें व्हाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज भेजे।
बाद में, जब विजय सिंह ने फोन कॉल का जवाब दिया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उनसे दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। कुछ ही देर बाद अनजान नंबर से कॉल आया और उन्हें डराने की कोशिश की गई।
ससुराल में जाने से रोक, मानसिक दबाव बढ़ाया
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उन्हें उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष द्वारा घर आने से रोक दिया गया। जब उन्होंने मिलने की कोशिश की, तो ससुर अजय कुमार सिंह ने कहा, “यहां तुम्हारा क्या काम है? तुम्हें यहां आने की कोई जरूरत नहीं है।”
विजय सिंह का कहना है कि उनकी पत्नी ज्योति कुमारी शादी के 45-50 दिनों के भीतर ही उनका घर छोड़कर अपने माता-पिता के घर चली गई और तब से वहां रह रही हैं।
मां के निधन पर भी पत्नी ने नहीं की कोई संवेदना
शिकायत में दिग्विजय सिंह ने उल्लेख किया कि 15 दिसंबर 2023 को उनकी माता जी का निधन हो गया, लेकिन जब उन्होंने अपनी पत्नी को यह जानकारी दी, तो उसने मिलने तक से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, वह अपनी मां के श्राद्ध में भी शामिल नहीं हुईं।
राजनीतिक प्रभाव का डर और पुलिस सुरक्षा की मांग
विजय सिंह का आरोप है कि विधायक अजय कुमार सिंह के राजनीतिक प्रभाव और उनके परिवार के रसूख का इस्तेमाल कर उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है। उनका कहना है कि उन्हें जान का खतरा है और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए मांग की है कि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए और उनके ससुराल पक्ष पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या राजनीतिक रसूख कानून से ऊपर है? अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
देखें शिकायती पत्र…






