
कन्हैया शुक्ला-
पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड की जांच के लिए 11 सदस्यीय एस आई टी गठित, चार हफ्ते में जाँच पूरी कर चालान पेश कर स्पीड ट्रायल करवाया जाएगा– उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

एसआईटी के ग्यारह सदस्यों में से सात सदस्य बीजापुर में ही पहले से पदस्थ हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जो पुलिस प्रशासन अब तक सुरेश चंद्राकर की अवैध गतिविधियों से आंख मूँदे था, वह कितना निष्पक्ष तरीके से जाँच कर पाएगा। बड़े ठेकेदार सिस्टम को ओब्लाइज कर हैक कर लेते हैं। ऐसे में स्थानीय अफसरों की स्थिति संदेहास्पद हो जाती है। जिनके संरक्षण में सुरेश चंद्राकर फलाफूला अब वही लोग सुरेश चंद्राकर की जाँच करेंगे! ये काम कितनी ईमानदारी से कर पाएंगे, ये देखना अभी बाक़ी है। सवाल है कि इस एस आई टी पर बस्तर के पत्रकार कितना भरोसा कर पाएंगे! कुछ पत्रकार तो पहले ही एसपी और टीआई की भूमिका की जाँच की माँग कर चुके हैं।

पढ़िए आज उप मुखमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या क्या कहा-
रायपुर, 4 जनवरी, 2024। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बीजापुर जिले के पत्रकार मुकेश चंद्रकार की हत्या के मामले में बताया कि अब तक तीन आरोपियों रितेश चंद्रकार, दिनेश चंद्रकार और महेंद्र रामटेके को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच को तेज करने के लिए बीजापुर में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (आईपीएस) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 4 हफ्ते में चालान पेश कर स्पीडी ट्रायल करवाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अपराधी ठेकेदार सुरेश चन्द्राकर के सभी कार्यो की जांच कराने की बात उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह मामला 01 जनवरी 2025 की रात शुरू हुआ, जब पत्रकार श्री मुकेश चंद्रकार अपने घर से लापता हो गए। उनके बड़े भाई द्वारा 02 जनवरी को बीजापुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मृतक की अंतिम लोकेशन और संबंधित व्यक्तियों की पूछताछ की। जांच के दौरान सुरेश चंद्रकार के बाड़े में स्थित सेप्टिक टैंक से मृतक का शव बरामद किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेसी ठेकेदार सुरेश चंद्रकार, जो इस मामले में प्रमुख आरोपी है, और वर्तमान में छत्तीसगढ़ कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश सचिव के पद पर कार्यरत हैं, की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उसकी संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। अब तक आरोपी कांग्रेस नेता के तीन बैंक खातों को होल्ड कराया गया है और अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
उधर पत्रकार मुकेश चंद्राकर की जघन्य हत्या के ख़िलाफ़ बस्तर के पत्रकार सड़क पर… देखें वीडियो-
https://x.com/yashbhadas/status/1875545904813633994?s=46



