नवभारत टाइम्स की पहली महिला एडिटर बनने के लिए नमिता जोशी जी को बधाई। संडे एडिशन और फीचर समूह की प्रमुख बनीं।
हिंदी के जाने माने अखबार नवभारत टाइम्स को अब जाकर पहली महिला एडिटर मिल पाई है। सूत्रों के मुताबिक नमिता जोशी को नवभारत टाइम्स में संडे एडिटर के रूप में प्रमोट किया गया है। वह अगले हफ्ते से ये जिम्मेदारी संभाल सकती हैं। मौजूदा संडे एडिटर राजेश मित्तल के रिटायर होने के बाद नमिता को यह जिम्मेदारी मिल रही है।
नमिता जोशी अभी सीनियर एडिटर हैं और नवभारत टाइम्स के सभी एडिशन के फीचर सप्लिमेंट को हेड कर रही थीं। अब वह इस जिम्मेदारी के साथ ही संडे एनबीटी के एडिटर की भी जिम्मेदारी संभालेंगी।
अपने करियर की शुरूआत नमिता ने नवभारत टाइम्स से ही की है। एनबीटी में नमिता ने बतौर ट्रेनी जॉइन किया और अब पहली महिला एडिटर बन रही हैं। नमिता न्यूज डेस्क में भी रही हैं। वह पहले अखबार के फ्रंट पेज की टीम और नैशनल पेज की टीम को भी हेड कर चुकी हैं। वह अखबार के एडिट पेज में भी काम कर चुकी हैं। पिछले दस साल से नमिता फीचर टीम को हेड कर रही हैं।
नवभारत टाइम्स हर साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर ऑल विमिन बाइक रैली करता है, नमिता ही इस पूरे कैंपेन को लीड करती हैं। वह लगातार महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर लिखती हैं और अखबार में ‘कभी सोचा है…’ नाम से कॉलम लिखती हैं। जिसमें वो महिलाओं से जुड़े कई मुद्दे उठा चुकी हैं।
नवभारत टाइम्स पिछले कुछ वक्त से एक अलग तरह का कैंपेन चला रहा है- ‘बराबरी की भाषा’। इसमें वे हर प्रफेशन के लिए महिलाओं के लिए अलग नाम होने की बात कह रहे हैं, जैसे सैनिक और महिला सैनिक को सैनिका, कलाकार और महिला कलाकार को कलाकारा, इस तरह के कई नाम।
नमिता जोशी ही इस कैंपेन को लीड कर रही हैं और उनका हर लेख विचारोत्तजेक होता है। सोशल मीडिया में उनके कई आर्टिकल की चर्चा भी होती रही है। अब वे संडे एडिशन को लीड करेंगी तो देखना होगा कि इस अखबार के संडे एडिशन में क्या बदलाव देखने को मिलते हैं।



Jeevan joshi
August 29, 2025 at 9:19 pm
नमिता जी को बधाई
हर्षदेव
August 30, 2025 at 5:12 pm
नमिता जोशी जी को इस उपलब्धि के लिए बहुत-बहुत बधाई। वह गुणवान और संकल्पित हैं। यह उत्तरदायित्व निभाने में सक्षम हैं।