Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आवाजाही

सारण जिला पत्रकार संघ के चुनाव में विद्या भूषण अध्यक्ष व जाकिर अली महासचिव बने

छपरा (सारण), बिहार। सारण जिला पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन शहर के रामकृष्ण मिशन आश्रम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव अतिदेवानंद महाराज व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. (प्रो.) एचके वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर निवर्तमान महासचिव पंकज कुमार द्वारा विगत वर्ष का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।

सारण जिला पत्रकार संघ के इतिहास में द्विवार्षिक चुनाव में पहली बार गुप्त मतदान प्रक्रिया से गांधी जयंती के दिन यानी मंगलवार को अध्यक्ष, महासचिव व संगठन सचिव के पद का चुनाव संपन्न हुआ। जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही प्रत्याशी के चुनाव मैदान में होने के कारण कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया।

वर्ष 2018-20 के लिए शहर के रामकृष्ण आश्रम में सम्पन्न द्विवार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर प्रतिष्ठापरक इस चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष व “दि टेलिग्राफ” के जिला संवाददाता राकेश कुमार सिंह पराजित हो गए। सारण जिला पत्रकार संघ के इतिहास में पहली बार मतदान से हुए चुनाव में अध्यक्ष पद पर “राष्ट्रीय सहारा” अखबार के ब्यूरो प्रमुख डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव भारी मतों से विजयी हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राकेश कुमार सिंह को 93 वोटों के अंतर से पराजित किया। मतगणना के दौरान विजयी प्रत्याशी डॉ विद्या भूषण श्रीवास्तव को 117 और राकेश कुमार सिंह को मात्र 24 मत प्राप्त हुए।

मतगणना के दौरान महासचिव पद पर जाकिर अली विजयी घोषित किए गए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मुकेश कुमार यादव उर्फ सोनू को मात्र तीन मतों के अंतर से पराजित किया। जाकिर अली को 72 और मुकेश कुमार यादव को 69 मत प्राप्त हुए।

संगठन सचिव पद पर डॉ. बसंत कुमार सिंह निर्वाचित घोषित हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मनोकामना सिंह को सात वोटों के अंतर से पराजित किया। बसंत कुमार सिंह को 74 और मनोकामना सिंह को 67 मत प्राप्त हुए। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर चंद्रशेखर निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। निर्वाचन अधिकारी व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. एचके वर्मा ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। निर्वाचन मण्डल में डॉ. वर्मा के अलावा वरीय पत्रकार वीरेंद्र कुमार यादव व श्रीराम तिवारी शामिल थे। पत्रकार संघ के निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन अधिकारी की ओर से प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव ने विजयी घोषित होने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह का चरण स्पर्श करके उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।

निवर्तमान अध्यक्ष श्री सिंह ने अपना आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि डॉ. श्रीवास्तव को अबतक के अनुभव के द्वारा मार्गदर्शन किया जाता रहेगा एवं हर संभव सहयोग भी पत्रकार हित में करेंगे। उधर नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव ने अपनी जीत पर अपने गुरु व मार्गदर्शक वरिष्ठ पत्रकार डॉ. लालबाबू यादव व जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व वेब पोर्टल के पत्रकार साथियों के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि पत्रकार हितों के लिए विशेष रूप से प्रखंड स्तरीय पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे।

इस बीच नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन मंडल के सदस्यों के अलावा सारण जिला पत्रकार संघ के निवर्तमान अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह व निवर्तमान महासचिव पंकज कुमार के अलावा नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (बिहार) (एनयूजेआई) के सारण जिला इकाई के अध्यक्ष व “प्रभात खबर” के ब्यूरो प्रमुख ठाकुर संग्राम सिंह, अम्बालिका न्यूज़ के प्रधान संपादक के. के. सिंह सेंगर, अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, पत्रकार गुड्डू राय, अखिलेश्वर परमार, मनोरंजन पाठक, अमित रंजन, वीरेश सिंह, मनोज सिंह, रामेश्वर गोप, सुनील कुमार, मंजीत नारायण सिंह, संजय सिंह, सुहैल अहमद, तारकेश्वर सिंह आदि ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी है।

छपरा (सारण), बिहार से कमल कुमार सिंह सेंगर की रिपोर्ट.

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
2 Comments

2 Comments

  1. Vijay srivastava

    October 5, 2018 at 5:58 am

    मेरी ओर से भी सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई. सारण मेरा गृह ज़िला है.

  2. K. K. Singh Sengar

    October 8, 2018 at 1:50 am

    सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं :
    के. के. सिंह सेंगर, पत्रकार, छपरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन