निर्मल कांत शुक्ल-
उत्तर प्रदेश की जनपद पीलीभीत से बड़ी खबर है। पीलीभीत कोषागार के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध बीसलपुर जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज के चपरासी इल्हाम उर्र रहमान शम्सी ने कूटरचना कर फर्जी एवं कूटरचित बेनिफिशियरी आईडी तैयार कर षड्यंत्रपूर्वक करीब 50 करोड़ से अधिक की शासकीय धनराशि के गबन को अंजाम दिया।
इस प्रकरण में जिनके बैंक खातों में चपरासी इल्हाम उर्र रहमान शम्सी ने सरकारी खजाने से दौलत की बरसात की, उनमें से सात खाता धारक महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिनमें उसकी दो पत्नियों के अलावा साली, सलहज, सास व दो परिचित महिलाएं हैं। इनके बैंक खातों में मुख्य कोषागार से कुल 8 करोड़ 14 लाख 93 हजार 223 रुपया भेजा गया था। सभी सातों महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उनको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
करोड़ों के इस घोटाले में कार्रवाई का खुलासा करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि कूट रचना कर फर्जी एवं कूट रचित बेनिफिशियरी आईडी तैयार कर षड्यंत्रपूर्वक शासकीय धनराशि के गबन के प्रकरण में संलिप्त 07 अभियुक्ताओं को थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि 13 फरवरी 2026 को जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार ने थाना कोतवाली पर सूचना दी कि इल्हाम उर्र रहमान शम्सी, जोकि जनता टेक्निकल इण्टर कॉलेज बीसलपुर, पीलीभीत में कार्यरत था विगत वर्षों से जिला विद्यालय निरीक्षक, पीलीभीत में अटैच था, इसके द्वारा वेतन बिल, टोकन जनरेशन आदि का कार्य देखा जा रहा था।
इसके द्वारा फर्जी एवं कूटरचित तरीके से वेतन मद से बेनिफिशियरी गलत तरीके से बनाकर 12 सितंबर 2024 से कुल 98 ट्रांजेक्शन के माध्यम से 1,01,95,135 रुपये की धनराशि प्रारंभिक जांच में अपनी पत्नी के खाते में ट्रेजरी के माध्यम से NEFT द्वारा आहरण एवं वितरण कर गबन किया गया। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 60/26 धारा 336(3)/316(5)/338/340(2) बीएनएस बनाम इल्हाम उर्र रहमान शम्सी व अर्शी खातून के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा अभियुक्त इल्हाम शम्सी द्वारा ट्रेजरी सरकारी धन गबन प्रकरण में अब तक प्रकाश में आये 53 खातों में संदिग्ध लेनदेन का लगभग 5,50,54,594 रुपए (पांच करोड़ पचास लाख चौवन हजार पांच सौ चौरानवे रू0) धनराशि फ्रीज करायी जा चुकी है। प्रकरण में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को थाना कोतवाली पुलिस ने अभियोग में वांछित अभियुक्ता लुबना, फातिमा, परवीन खातून, आशकारा परवीन, अजरा खान, नाहिद, आफिया खान को भिन्न भिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया। पूर्व में मुख्य अभियुक्त इल्हाम उर्फ रहमान शम्सी की पत्नी अर्शी खातून को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि अभियुक्त इल्हाम उर्फ रहमान शम्सी द्वारा ट्रेजरी, पीलीभीत के माध्यम से योजनाबद्ध तरीके से विभिन्न खातों में रुपये भेजे गये हैं जिसमें कुछ खातों में अपनी पत्नी व अन्य सम्बन्धियों के खाताओं में रुपये स्थानान्तरित किये है।
इल्हाम ने बीबियों के अलावा ससुराल वालों के खाते में भी बरसाई दौलत!
मुख्य आरोपी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध बीसलपुर के जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज के चपरासी इल्हाम उर रहमान शम्सी ने पत्नी लुबना के खाते में 2,37,12,640 रुपये,
पत्नी अजरा खान के खाते में 2,12,16,393 रुपये, साली फातिमा नवी के खाते में 10311672 रुपये, साला आफिया के खाते में 8068696 रुपये , परिचित परवीन खातून के खाते में 4855261 रुपये, सास नाहिद के खाते में 9528449 रुपये, परिचित आशकारा परवीन के खाते में 3800112 रुपये स्थानान्तरित किए गए।
इन महिलाओं को किया गिरफ्तार
(1) लुबना पत्नी इल्हाम उर्फ रहमान शम्सी पुत्री नूर नवी उम्र करीब 32 वर्ष निवासी मोहल्ला जगत थाना रामसती जनपद संभल
(2) फातिमा नवी पुत्री नूर नवी उम्र करीब 24 वर्ष निवासी मोहल्ला जगत थाना रामसती जनपद संभल
(3) परवीन खातून पत्नी मो0 अजीम उम्र करीब 40 वर्ष निवासी मो0 काजीपुरा थाना कोतवाली जनपद बिजनौर
(4) आशकारा परवीन पत्नी स्व0 जफर महमूद उम्र करीब 48 वर्ष निवासी ए – 110 2nd फ्लोर पार्श्वनाथ पैराडाइज मोहन नगर गाजियाबाद
(5) अजरा खान पत्नी इल्हाम उर्फ रहमान शम्सी उम्र करीब 37 वर्ष निवासी मोहल्ला जमालपुर थाना सिविल लाइन जनपद अलीगढ़ मूल निवासी मोहल्ला खावेश खान जामा मस्जिद जामुन वाली गली थाना खुर्जा जनपद बुलन्दशहर
(6) नाहिद पत्नी स्व0 इरशाद उम्र करीब 67 वर्ष निवासी मो0 खावेजखाना जामुन वाली गली थाना खुर्जा जिला बुलन्दशहर
(7) आफिया खान पत्नी शान मोहम्मद उम्र करीब 28 वर्ष निवासी मो0 खावेजखाना वाली गली थाना खुर्जा बुलन्दशहर
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में सदर कोतवाली के निरीक्षक (अपराध) सतीश कुमार, उप निरीक्षक मनवीर सिंह, उप निरीक्षक प्रकाश चन्द्र शर्मा, उप निरीक्षक सौरभ कुमार, उप निरीक्षक नरेन्द्र कुमार, महिला उप निरीक्षक भावना सिंह, महिला उप निरीक्षक गरिमा, मुख्य महिला आरक्षी प्रयाशी यादव, मुख्य महिला आरक्षी ज्योति गौड़, महिला आरक्षी अंजली निर्वाल, महिला आरक्षी आरजू, थाना सुनगढ़ी की महिला आरक्षी शिखा, थाना सुनगढ़ी की महिला आरक्षी जयप्रभा सहित 13 लोग शामिल रहे।
अभी और होगी गिरफ्तारियां
अपर पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) विक्रम दहिया ने बताया कि गिरफ्तार सातों महिलाओं से विस्तृत पूछताछ की गई। जांच/पूछताछ में आयी जानकारियों व साक्ष्यों के आधार पर अन्य खातों की जानकारी कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी एवं अन्य अभियुक्तगण के विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।


