अयोध्या के वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रसाद के लड्डू पर एक्सपायरी डेट का सवाल उठाने वाली फेसबुक पोस्ट के बाद उन्हें फोन पर गाली दी गई और धमकी दी गई। उन्होंने इस बारे में अयोध्या पुलिस के संज्ञान के लिए पोस्ट लिखी है।
ओम प्रकाश सिंह ने अपनी जिस पोस्ट में प्रसाद के डिब्बे और लड्डुओं की तस्वीरें साझा की थीं, उसमें लिखा था- “इनके लिए नियम नहीं है कि लड्डू कितने दिन तक एक्सपायर नहीं होगा.. प्रसाद के नाम पर सब चोखा. (मंदिर की तरफ से पत्रकारों को बंटा)”
धमकी मिलने के बाद ओम प्रकाश सिंह ने लिखा-
गाली और धमकी दी गई है मुझको। एक कोई आशीष नाम के व्यक्ति हैं, जिनका टेलीफोन उनके व्हाट्सएप पर मेंशन है।
संघ से जुड़े एक मित्र ने एक दिन हमें प्रसाद दिया। मिठाई की दुकानों पर अब सरकार ने नियम बना दिया है कि उसकी एक्सपायरी भी लिखनी होगी। प्रसाद में लड्डू, बर्फी, पेड़ा भी मिठाई की श्रेणी में आते हैं, इसलिए मैंने एक पोस्ट लिखी कि क्या यह एक्सपायर नहीं होती है।
आज सुबह इसी नंबर से मुझे गाली दी गई और धमकी दी गई। एक साथी ने बताया कि यह मंदिर व्यवस्था से जुड़े हुए प्रभावशाली व्यक्ति हैं।
यह पोस्ट अयोध्या पुलिस के संज्ञान के लिए लिख रहा हूं (मेरे साथ कोई अप्रिय घटना न हो)। आगे से अगर इस तरह की कोई बात होगी तो इसकी लिखित शिकायत भी जिला प्रशासन से करूंगा।

प्रसाद में बताशा, गट्टा, इलायची दाना, मिसरी आदि खराब नहीं होते, बहुत दिन चलते हैं। इधर हाल ही में सरकार ने मिठाइयों पर एक नियम बनाया कि उन पर एक्सपायरी डेट लिखनी होगी। जब यह प्रसाद मुझे मिला, जो कि लड्डू था, तो इसलिए सवाल उठा कि इस पर भी डेट होनी चाहिए। है तो लड्डू ही, भले वह प्रसाद के रूप में हो।
बाकी गाली देने वाले महाशय से मेरी कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने अपनी ज़बान गंदी की, रामलला जानें। मैं ख़ुद किसी से भिड़ता नहीं।
इस मामले पर पत्रकार अभिषेक उपाध्याय ने कहा-
अयोध्या के वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश सिंह को दी गई धमकी बेहद ही गंभीर मामला है। ये कौन है जो ओमप्रकाश सिंह के खुलासों से इतना बौखलाया हुआ है कि धमकी देने पर उतर आया है? अयोध्या पुलिस को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए और कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।


