ख़बर लिखने की कीमत पत्रकारों को धमकियों के रूप में चुकानी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के शामली में एक पत्रकार ने पुलिस चौकी इंचार्ज पर ख़बर से नाराज़ होकर धमकाने का आरोप लगाया है, वहीं झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में वन भूमि पर कथित अवैध निर्माण की तस्वीरें लेने गए एक संपादक को जान से मारने की धमकी मिली है।
शामली: ख़बर से नाराज़ चौकी इंचार्ज पर धमकाने का आरोप
एक न्यूज़ चैनल से जुड़े पत्रकार अभय कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर इंडस्ट्रियल एरिया चौकी के इंचार्ज उपनिरीक्षक विजेंद्र कुमार पर अभद्रता करने और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक अभय ने हाल में इंडस्ट्रियल एरिया चौकी क्षेत्र में कथित रूप से चल रही अनैतिक गतिविधियों और उनसे जुड़े कारोबार पर ख़बर प्रकाशित की थी। उनका आरोप है कि इसी से नाराज़ होकर चौकी इंचार्ज ने 15 नवंबर को उन्हें रास्ते में रोका, अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की धमकी दी। पत्रकार का कहना है कि यह उन्हें निष्पक्ष पत्रकारिता से रोकने और दबाव में लेने की कोशिश है।
अभय ने आशंका जताई है कि उन्हें आगे झूठे मुकदमों में फंसाया या बेवजह परेशान किया जा सकता है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच चौकी इंचार्ज से अलग किसी वरिष्ठ और निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए, घटना के समय की लोकेशन, सीसीटीवी फ़ुटेज और दूसरे सबूतों की पड़ताल हो, दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई हो और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस मामले में पुलिस का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।
सरायकेला: वन भूमि की ख़बर पर संपादक को जान से मारने की धमकी
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित वास्को नगर में एक स्थानीय हिंदी दैनिक के संपादक भरत सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है।
स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि वास्को नगर में वन भूमि पर लगातार अवैध निर्माण हो रहा है और बिना वैध दस्तावेज़ के निर्माण सामग्री की आपूर्ति की जा रही है। इसी शिकायत पर ख़बर जुटाने भरत सिंह मौके पर पहुंचे और तस्वीरें लीं। आरोप है कि इसके बाद शंभू महतो और उनके बेटे रोहित महतो ने फ़ोन पर उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। भरत सिंह के मुताबिक उनसे कहा गया कि ख़बर छापोगे तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। रोहित महतो पर ख़बर न चलाने के लिए धमकाने का भी आरोप है।
भरत सिंह का कहना है कि बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके फ़ोन में है, जिसे वे पुलिस या अदालत के सामने सबूत के तौर पर पेश करेंगे। उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। अभी तक किसी एफ़आईआर की जानकारी सामने नहीं आई है।
संबंधित विभाग के एक अधिकारी ने कहा है कि शिकायत मिली है, नियमों के तहत जांच की जाएगी और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई होगी। घटना को लेकर आदित्यपुर-गम्हरिया के पत्रकारों में नाराज़गी है और उन्होंने पुलिस अधीक्षक से दोषियों पर सख़्त कार्रवाई की मांग की है।
