-अशोक झा
ब्रो का नाम रजत शर्मा है और ब्रो खुद को देश का सबसे निष्पक्ष और वरिष्ठ पत्रकार कहते हैं, लेकिन दिल्ली के प्रदूषण पर ब्रो की क्रांतिकारी पत्रकारिता का सफरनामा देख लेंगे तो गिरगिट भी किसी कोने में जाकर अपनी बिरादरी पर शर्म से पानी-पानी हो जाएगा! जरा ब्रो के सिद्धांतों की टाइमलाइन पर नजर डालिए—

साल 2013 में जब दिल्ली की गद्दी पर शीला दीक्षित की सरकार थी, तब ब्रो बड़े गुस्से में तमतमाते हुए कहते थे कि शीला दीक्षित ने दिल्ली को गैस चैंबर बना दिया है। फिर दिल्ली में सत्ता बदली और केजरीवाल आए, तो 2017 में ब्रो को अचानक पर्यावरण की इतनी फिक्र हुई कि ब्रो ने सवाल दाग दिया कि आखिर केजरीवाल सरकार पटाखे बैन क्यों नहीं करवाती?
इसके बाद साल 2020 आया और जब कोरोना की मजबूरी में पूरा देश घरों में कैद हुआ, तो ब्रो ने उसमें भी तुरंत अपने आकाओं के लिए मास्टरस्ट्रोक ढूंढ निकाला और वाहवाही लूटते हुए बोले कि मोदी जी के लॉकडाउन लगाने से दिल्ली का AQI कितना अच्छा हो गया है! साल 2024 तक ब्रो का यह आक्रोश पूरे उफान पर रहा और ब्रो सरकार की छाती पर चढ़कर चीखते रहे कि क्या केजरीवाल दिल्ली को मरने के लिए छोड़ रहे हैं, आखिर इतने भयानक प्रदूषण में आम इंसान जिंदा कैसे रहेगा?
लेकिन भाई साहब, असली चमत्कार तो इसके बाद शुरू हुआ! जैसे ही सियासी समीकरण बदले, ब्रो के अंदर का पत्रकार अचानक ‘भूगोल का प्रोफेसर’ बन गया—साल 2025 में ब्रो ने सरकार से सवाल पूछने के बजाय करोड़ों साल पुरानी अरावली की पहाड़ियों को ही कटघरे में खड़ा कर दिया कि इन्हीं पहाड़ियों के कारण दिल्ली में प्रदूषण है, क्योंकि ये जहरीली हवा को बाहर नहीं जाने देतीं! और अब 2026 का हाल देखिए, जब डॉक्टर हाथ जोड़कर चेतावनी दे रहे हैं कि दिल्ली में प्रदूषण जानलेवा हो चुका है और हो सके तो कुछ दिन के लिए दिल्ली छोड़ दीजिए, तब ऐसे भयावह माहौल में भी ब्रो बड़ी मासूमियत से टेलीप्रॉम्प्टर से ज्ञान बांच रहे हैं कि इसमें किसी का दोष नहीं है, दरअसल दिल्ली की भौगोलिक स्थिति ही ऐसी है जिसके कारण प्रदूषण होता है!
मतलब हद है ब्रो! 2024 तक जो आदमी प्रदूषण के नाम पर चुनी हुई सरकार की गर्दन पकड़ता था, आज अपने आकाओं पर आंच आते ही वही ब्रो अरावली के पहाड़ों और दिल्ली के नक्शे को कोस रहा है, और जिस रफ्तार से ब्रो रंग बदल रहे हैं, कल को ये स्टूडियो में बैठकर यह भी कह देंगे कि दिल्ली वालों के बार-बार सांस लेने की वजह से ही हवा खराब हो रही है, इसमें आका की कोई गलती नहीं है!
अपने ही कहे शब्दों से किस तरह बेशर्मी से पलटा जाता है, यह कला कोई इनसे सीखे; आखिर कोई इंसान इतना बड़ा ‘पलटू’ कैसे हो सकता है, ब्रो की यह मौसम-वैज्ञानिक पत्रकारिता सच में मतलबी और स्वार्थी होने की पराकाष्ठा है!
