उत्तर प्रदेश में 2019 से निलंबित चल रहे IPS अधिकारी जसवीर सिंह बहाल हो गए हैं। 1992 बैच के ADG रैंक के इस अधिकारी को 14 फरवरी 2019 को निलंबित किया गया था। करीब आठ साल बाद शासन ने 16 नवंबर को उनकी बहाली का आदेश जारी किया। फिलहाल उन्हें कोई नई तैनाती नहीं दी गई है और प्रतीक्षारत रखा गया है।
जसवीर सिंह पहली बार चर्चा में तब आए थे, जब सपा सरकार में फूड सेल के एसपी रहते हुए उन्होंने विभागीय मंत्री राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले की जांच शुरू की थी। इस घोटाले में कोटे का राशन, यहां तक कि मिड डे मील का अनाज भी सीधे बाजार में बेच दिए जाने की बात सामने आई थी। इससे पहले प्रतापगढ़ के एसपी रहते हुए भी उन्होंने संबंधित विधायक की कुछ फाइलें खोली थीं।
जसवीर सिंह खुद एक इंटरव्यू में बता चुके हैं कि 2002 में महराजगंज के एसपी रहते हुए उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर रासुका लगाने की संस्तुति की थी, जिसका खामियाजा उन्हें लंबे समय तक भुगतना पड़ा।
उनके निलंबन की कहानी जनवरी 2019 से शुरू होती है। उस समय वे ADG (रूल्स एंड मैनुअल्स) के पद पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक अंग्रेजी न्यूज पोर्टल को इंटरव्यू दिया, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली, एनकाउंटर नीति और अफसरों की तैनाती पर सवाल उठाए। शासन ने इसे अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन माना और नोटिस देकर सफाई मांगी।
सफाई मांगे जाने के बीच जसवीर सिंह छुट्टी पर चले गए। सरकारी आदेश के मुताबिक वे 4 फरवरी 2019 से बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति और पूर्व सूचना के ड्यूटी से गैरहाजिर रहे। इसी आधार पर 14 फरवरी 2019 को उन्हें निलंबित कर दिया गया।
निलंबन के बाद वे पंजाब के होशियारपुर में अपने परिवार के साथ रहने लगे। 2021 में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर और सामाजिक कार्यकर्ता नूतन ठाकुर ने उनकी बहाली की मांग उठाई थी और कार्रवाई को बदले की भावना से प्रेरित बताया था। 2024 में उन्हें सेवा से हटाए जाने की प्रक्रिया की खबरें भी आई थीं। लेकिन अब शासन ने उन्हें बहाल कर दिया है।
पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में इस अचानक बहाली की खूब चर्चा है। सवाल यही है कि एनकाउंटर नीति पर सवाल उठाने वाले इस अफसर की वापसी के बाद क्या कोई नई कथा शुरू होगी?

