देवरिया। पूर्व आईपीएस अधिकारी और आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की सेहत को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। देवरिया कोर्ट में पेशी के दौरान के दो अलग-अलग वीडियो सामने आने के बाद उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सवाल तेज़ हो गए हैं।
पहला वीडियो करीब 23 सेकंड का है, वहीं दूसरा वीडियो 43 सेकंड का है, जो भड़ास4मीडिया को भेजा गए हैं। दोनों वीडियो में कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए अमिताभ ठाकुर की शारीरिक स्थिति सामान्य नहीं दिख रही, जिसे लेकर सोशल मीडिया और पत्रकारिता जगत में चर्चा तेज़ हो गई है।
कोर्ट में चाल-ढाल देख बढ़ी चिंता
सूत्रों के मुताबिक, देवरिया कोर्ट में पेशी के दौरान अमिताभ ठाकुर की चाल, हाव-भाव और शारीरिक संतुलन देखकर वहां मौजूद कई लोगों ने आशंका जताई कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। वीडियो सामने आने के बाद उनके समर्थकों और मानवाधिकार संगठनों में बेचैनी बढ़ गई है।
इसी बीच कुछ लोगों ने यह भी आशंका जताई है कि अमिताभ ठाकुर के जीवन को खतरा हो सकता है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जमानत पर सुनवाई, आईओ भी तलब
जानकारी के अनुसार, कोर्ट में अमिताभ ठाकुर की जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही है। अहम बात यह है कि कोर्ट ने मामले के विवेचक (IO) को भी तलब किया है। इनपुट के मुताबिक, कोर्ट यह जानना चाहता है कि इतने दिनों से केस में विवेचक ने क्या कार्रवाई की है, और इसको लेकर IO से सवाल-जवाब किए जा सकते हैं।
बताया जा रहा है कि अमिताभ ठाकुर की अगली पेशी भी कल ही होनी है, जिससे यह मामला और संवेदनशील हो गया है।
प्रशासन की चुप्पी, जांच और सुरक्षा की मांग
मानवाधिकार और नागरिक स्वतंत्रताओं के लिए मुखर आवाज़ रहे अमिताभ ठाकुर पहले भी कई मामलों में सत्ता और प्रशासन से टकराव को लेकर चर्चा में रहे हैं। ऐसे में कोर्ट परिसर में उनकी बिगड़ती सेहत और सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों ने चिंता और बढ़ा दी है।
फिलहाल प्रशासन या पुलिस की ओर से उनकी सेहत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन दो वीडियो सामने आने के बाद यह मांग तेज़ हो गई है कि अमिताभ ठाकुर की तत्काल मेडिकल जांच कराई जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।



