Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

उत्तर प्रदेश

लखनऊ कोर्ट ने पत्रकार अंजना ओम कश्यप के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की एक अदालत ने मशहूर टीवी एंकर और आज तक चैनल की पत्रकार अंजना ओम कश्यप के खिलाफ परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। यह कार्रवाई रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की शिकायत पर हुई है।

ठाकुर का आरोप है कि अंजना ओम कश्यप ने 14 अगस्त 2025 को आज तक के कार्यक्रम ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ में “भारत विभाजन का मकसद पूरा क्यों नहीं हुआ” विषय पर ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया। उनके मुताबिक, इससे सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा मिला और देश की एकता व अखंडता पर प्रतिकूल असर पड़ा।

अदालत का आदेश

न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय की अदालत ने शिकायत को स्वीकार करते हुए परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने वादी के बयान के लिए 30 सितंबर 2025 की तारीख तय की है।

शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (धर्म के आधार पर वैमनस्य फैलाना) और धारा 197 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।

कार्यक्रम पर उठे सवाल

14 अगस्त को प्रसारित शो में दावा किया गया था कि विभाजन के दौरान सिर्फ 9.6 मिलियन मुस्लिम पाकिस्तान गए और बड़ा उद्देश्य अधूरा रह गया। इसमें ऐतिहासिक घटनाओं का हवाला भी दिया गया, जैसे—“अगर जिन्ना की स्वास्थ्य समस्या पहले पता चलती, तो शायद विभाजन टल सकता था।”

इस एपिसोड पर सोशल मीडिया में तीखी बहस छिड़ गई। वहीं, कई संगठनों और व्यक्तियों ने कार्यक्रम को मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाला करार दिया।

पुलिस ने FIR नहीं की थी दर्ज

इससे पहले अमिताभ ठाकुर ने लखनऊ के गोमती नगर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया।

बहस का नया दौर

इस मामले ने एक बार फिर ‘गोदी मीडिया’ बनाम स्वतंत्र पत्रकारिता की बहस को हवा दी है। आलोचकों का कहना है कि कुछ चैनल और एंकर जानबूझकर धार्मिक ध्रुवीकरण की पत्रकारिता कर रहे हैं। हालांकि, एक वर्ग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और ऐतिहासिक तथ्यों की पड़ताल के दायरे में भी देख रहा है।

फिलहाल, अंजना ओम कश्यप या आज तक की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि वह और उनकी टीम इस कानूनी कार्रवाई का क्या जवाब देती है…?

आगे की सुनवाई

कोर्ट ने अगली तारीख 30 सितंबर 2025 तय की है। तब तक यह मामला मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चा का अहम मुद्दा बना रहेगा।

मूल खबर और पूरा वीडियो नीचे देखें/पढ़ें…

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
2 Comments

2 Comments

  1. Lalit Arora

    September 10, 2025 at 6:27 pm

    ये अमिताभ ठाकुर को कोई पूछ नहीं रहा हैं तो वो अपने को limelight में लाने के लिए फालतू की बातें कर रहा है ऐसे लोगों को तो पहले यह ज़वाब देना चाहिए की उन्होंने देश के लिए क्या किया उनकी जो ये प्रॉपर्टी है वो किस माध्यम से आयी

  2. Awadhesh kr singh

    September 10, 2025 at 9:16 pm

    पहले दो-चार जयचंदो ने राष्ट्र को असीमित नुकसान पहुंचाया, आज तो जायचंदो का समूह छद्म-धर्मनीरपेच्छता की आड़ में खड़ा हो गया है। ऐसे में राष्ट्रभक्तों को आगे आने की अति आवश्यकता है। भारत माता की जय।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन