मुंबई | टाइम्स ऑफ इंडिया और इकोनॉमिक टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के प्रकाशक बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड (BCCL) ने मुंबई के सांताक्रूज़ (ईस्ट) स्थित कलपतरु इंफिनिया प्रोजेक्ट में लगभग 66,330 वर्ग फुट का ऑफिस स्पेस करीब 460 करोड़ रुपये में खरीदा है। यह जानकारी मनीकंट्रोल द्वारा एक्सेस किए गए संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों से सामने आई है।
इस डील में BCCL के साथ कंपनी के उपाध्यक्ष समीर जैन का नाम भी शामिल है। दस्तावेजों के मुताबिक, दोनों ने मिलकर कुल सात वाणिज्यिक यूनिट्स खरीदी हैं। हर यूनिट की कीमत लगभग 66 करोड़ रुपये और क्षेत्रफल करीब 9,500 वर्ग फुट है। इस सौदे में 98 पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं। सभी सौदे मार्च 2025 में संपन्न हुए।
गौरतलब है कि 2023 में परिवारिक समझौते के तहत समीर जैन को BCCL के प्रिंट बिजनेस का नियंत्रण मिला, जबकि उनके छोटे भाई विनीत जैन को ब्रॉडकास्ट और डिजिटल कारोबार सौंपा गया। दोनों भाइयों ने BCCL की देशभर की रियल एस्टेट संपत्तियों का मूल्यांकन कर उन्हें आपस में बांटने पर सहमति जताई थी।
टाइम्स ग्रुप का रियल एस्टेट पोर्टफोलियो मुंबई के लोअर परेल, ऐरोली और अन्य प्रमुख इलाकों में फैला हुआ है।
कलपतरु इंफिनिया, जिसे रियल एस्टेट कंपनी कलपतरु लिमिटेड ने विकसित किया है, फिलहाल निर्माण के अंतिम चरण में है। यह प्रोजेक्ट मुंबई के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के नजदीक स्थित है। क्षेत्र में एशियन पेंट्स जैसे बड़े कॉरपोरेट्स के हेडक्वार्टर और ग्रैंड हयात जैसे लग्जरी होटल मौजूद हैं।
हाल ही में MSK फैमिली ट्रस्ट ने भी इसी प्रोजेक्ट में दो यूनिट्स करीब 120 करोड़ रुपये में खरीदी थीं।
कलपतरु इंफिनिया में कुल 1.15 लाख वर्ग फुट स्पेस बिक्री/लीज के लिए उपलब्ध है, जिसमें से 29,000 वर्ग फुट कंपनी अपने पास रखेगी।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि BCCL जैसे बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा किया गया यह सौदा संकेत देता है कि कंपनियां एक बार फिर से रियल एस्टेट में पूंजी निवेश की ओर लौट रही हैं – एक ऐसा ट्रेंड जो कोविड-19 के बाद के वर्षों में काफी मंद पड़ गया था।
ब्रोकर्स के अनुसार, BFSI (बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर) के अलावा अब अन्य सेक्टर की कंपनियां भी दीर्घकालिक लीज और खरीद के लिए डेवलपर्स से बातचीत कर रही हैं, खासकर पश्चिमी उपनगरों में, ताकि वे कर्मचारियों के अधिक करीब रह सकें।



