
डिजिटल पत्रकारिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। News18 की वेबसाइट पर प्रकाशित एक स्पोर्ट्स खबर में कथित तौर पर AI चैटबॉट का प्रॉम्प्ट दिखाई देने का मामला सामने आया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है।
मामला CNN-News18 के स्पोर्ट्स सेक्शन CricketNext से जुड़ा बताया जा रहा है। यहां प्रकाशित एक खबर— “Rs 101 Crore Prize Pool: How Much Cash India Will Pocket For Winning T20 World Cup” — में अंत में एक अजीब पंक्ति दिखाई दी, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया।
स्क्रीनशॉट में खबर के नीचे यह लाइन नजर आई—
“If you want, I can also tighten this further to typical sports desk copy (shorter sentences, punchier flow)….”
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह दरअसल किसी AI चैटबॉट (जैसे ChatGPT, Grok या Perplexity) का जवाब है, जो गलती से खबर में ही रह गया और उसे एडिट करते समय हटाया नहीं गया।
खबर में “Curated by” के तौर पर पत्रकार फेरोज खान का नाम दिया गया है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने सवाल उठाए कि क्या खबर AI से लिखवाई गई थी और संपादन के दौरान प्रॉम्प्ट हटाना भूल गए।
एक यूज़र ने तंज कसते हुए लिखा—
“अगर आपके पत्रकार AI से बेसिक न्यूज लिख रहे हैं, तो कम से कम सबूत तो मिटा दिया करें। पत्रकार ने चैटबॉट का प्रॉम्प्ट ही नहीं हटाया।”
इस स्क्रीनशॉट के वायरल होने के बाद डिजिटल पत्रकारिता में AI के बढ़ते इस्तेमाल और संपादकीय सावधानी को लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोग कह रहे हैं कि अगर मीडिया संस्थान AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे पारदर्शी तरीके से करना चाहिए और पब्लिशिंग से पहले कंटेंट की ठीक से जांच होनी चाहिए।
हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक News18 या संबंधित पत्रकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर यह स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है और इसे डिजिटल पत्रकारिता की “लापरवाही” का उदाहरण बताकर चर्चा की जा रही है।



