रायपुर- एक तरफ देश की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी आपातकाल की याद में संविधान हत्या दिवस मना रही है वही उनके शासित राज्य छत्तीसगढ़ में जनहित का मुद्दा उठाने वाले पत्रकार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन में हुए लगभग 2000 करोड़ के घोटाले का खुलासा करने और इसे लेकर निरंतर खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार देवेंद्र गुप्ता इस बार सरकार के निशाने पर आ गए हैं।
उनके द्वारा सोशल मीडिया में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग की कमी कमजोरी को लेकर लिखी गई बातों पर आपत्ति जताते हुए कानूनी कार्रवाई की पुलिसिया नोटिस उन्हें भेजी है।
छत्तीसगढ़ के चिरमिरी पुलिस ने यह नोटिस स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी के खास सिपहसालार द्वारिका जायसवाल जो कि खुद सीजीएमएससी में ठेकेदार हैं उनके द्वारा भेजा गया है। शिकायती पत्र के मुताबिक मंत्री जी पर देवेंद्र की टिप्पणी से द्वारिका जायसवाल ज्यादा आहत हुए हैं।
आपको बता दे कि विष्णुदेव साय सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की कार्यप्रणाली और कथित भ्रष्टाचार की खबरें आए दिन अखबारों की सुर्खियों में रहती है। इन खबरों को पत्रकार देवेंद्र भी ग्रामीण पत्रिका ग्राम क्रांति, समाचार पोर्टल राम राज में निरंतर प्रकाशित करते है साथ ही अपने व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट में भी वह अपना निजी राय रखते हैं।
देवेंद्र गुप्ता के फेसबुक अकाउंट में जाकर आप देख सकते हैं वे किस तरह से जनहित से जुड़ा मुद्दा लगातार उठा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग जनसाधारण से सीधा जुड़ा विभाग है इसलिए वहां की खबरें अपने आप में बड़ी हो जाती है और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हैं इसलिए स्वाभाविक तौर पर इस अव्यवस्था के जिम्मेदार वो ही है।
इस संबंध में देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि सत्ता में आने के पूर्व भाजपा ने छत्तीसगढ़ में हुए मेडिकल घोटाले के आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे डालने की बात कही थी परंतु सत्ता में आते ही भाजपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने श्यामबिहारी जयसवाल ने घोटाले के मुख्य आरोपी मोक्षित कारपोरेशन को बकाया में से 50 करोड़ का भुगतान करा दिया। और यहीं से उनकी बेईमानी शुरू हुई। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में घोटाले का क्रम निरंतर जारी है। हम भी पूरी मुस्तैदी के साथ अपना पत्रकारिता धर्म निभाते हुए कार्य कर रहे है और स्वास्थ्य विभाग की अमानक दवाईयां, मनमानी खरीदी, गुणवत्ता विहीन सामग्रियों की खरीदी,घटिया निर्माण, जीवन रक्षक दवाइयां की अनुपलब्धता जैसे विषयों पर जानकारों से बात कर अपनी राय रख रहे हैं।
मुझे भी पहना दो हथकड़ी, डाल दो जेल में! सरकार को आईना दिखाने की जुर्रत मैंने की है!
बीते सप्ताह आपातकाल को याद करते हुए वे लोग संविधान हत्या दिवस मना रहे थे। और सभाओं में चिल्ला चिल्ला कर बता रहे थे कि कैसे आपातकाल के दौरान संविधान की हत्या की गई थी। लोकतंत्र का गला घोटा गया था। सैकड़ो पत्रकारों को जेल में डालकर अभिव्यक्ति की आजादी कुचल दी गई थी। सरकार की खराब नीतियों और भ्रष्टाचार पर लिखने वाले पत्रकारों के हाथों से कलम छीनकर उन्हें हथकड़ियां पहना दी गई थी। ऐसा कहने वाले देखिए आज खुद क्या कर रहे हैं। एक मंत्री की कारगुजारियां, विभागीय भ्रष्टाचार उजागर करने पर मुझे पुलिसिया कार्रवाई का नोटिस भेजकर कानूनी कार्रवाई की धमक दिखा रहे है। गजब है न इन सत्ताधारियों का यह दोहरा चरित्र।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में चला आ रहा भ्रष्टाचार हर किसी को दिखाई दे रहा है। अमानक घटिया दवाइयां अस्पतालों में बट रही है जो शिकायतों के बाद ही वापस होती है। दवाईयों की मनमाने दर पर मनमाना खरीदी स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आने वाला छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन ने किया है। इस विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। ऐसे मैं जब मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई, अपने अखबार और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जगाने का प्रयास किया तो विभागीय मंत्री की बेचैनी बढ़ गई।
हम जैसे लोगों के प्रयासों के बाद ही रीएजेंट घोटाले पर जांच बैठी है और 5 कर्मचारी जेल में है। परंतु ये नाकाफी है। इसीलिए हम निरंतर भ्रष्ट तंत्र पर अपने कलम से वार कर रहे है।
मेरे खिलाफ पुलिस में जिस द्वारका जायसवाल ने शिकायत की है वो स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के बेहद करीबी उनके कार्यालय प्रभारी और क्षेत्र चिरमिरी के भाजपा नेता है। उनका चुनावी संचालन भी इनके ही जिम्मे रहता है। मेरी जानकारी के अनुसार वे CGMSC के ठेकेदार भी है कुछ करोड़ का काम उन्हें हाल ही में मिला हैं। इस बारिश में स्विमिंग पुल बन चुके चिरमिरी जिला अस्पताल का संधारण वो ही करवा रहे है।
अंत में यही कहूंगा कि आपातकाल पर संविधान हत्या दिवस मनाने वाले ही बताते है कि आपातकाल के दौरान सरकार से बड़ा माफिया और मंत्री से बड़ा गुंडा कोई नहीं था। आज के परिपेक्ष में कुछ ऐसा ही सोचने मै मजबूर हो रहा हूं। पर… मेरा भी वादा है
आपका यह देवेंद्र रुकेगा, झुकेगा और टूटेगा नहीं, भ्रष्टाचारियों के खिलाफ, छत्तीसगढ़ के लुटेरों के खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्ष करेगा।
साथ, सहयोग और समर्थन देने वाले साथियों का हृदय से आभार है।




