हमीरपुर | यूपी के हमीरपुर में बीजेपी के नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा दो पत्रकारों को बंधक बनाकर, निर्वस्त्र कर पिटाई करने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. घटना को लेकर कई पत्रकार संगठनों ने निंदा की है.
इस मामले में समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार को कानून व्यवस्था के नाम पर घेरा है. दूसरी तरफ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
मामला हमीरपुर के थाना जरिया क्षेत्र के सरीला नगर पंचायत का है. आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष पवन अनुरागी ने कस्बे के दो पत्रकारों को मुलाकात के बहाने घर बुलाकर बंधक बना लिया. इसके बाद बीजेपी नेता ने अपने गुर्गों की मदद से दोनों पत्रकारों को नंगा कर पिटाई करवा दी.
इतना ही नहीं, भाजपा नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए दोनों पत्रकारों पर एससी-एसटी की धारा में मुकदमा भी दर्ज करा दिया.
पेशाब पिलाने का आरोप
टीवी9 हिंदी की वेबसाइट में प्रकाशित रिपोर्ट में लिखा गया है कि सरीला निवासी पत्रकार अमित द्विवेदी और शैलेंद्र मिश्रा को सरीला नगर पंचायत अध्यक्ष पवन अनुरागी ने अपने एक बाबू की मदद से कंप्रोमाइज करनेके लिए घर बुलाया था. आरोप है कि जब पत्रकार उसके घर पहुंचे तो अध्यक्ष ने अपने गुर्गों की मदद से पहले उन्हें जबरन शराब पिलाई फिर निर्वस्त्र कर उनकी पिटाई कर दी गई. पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित पत्रकार अमित की माने तो उन्हें जबरन बंधक बनाकर पीटा गया और उन्हें पेशाब भी पिलाई गई.
एक गिरफ्तार बाकी की तलाश
घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने पीड़ित पत्रकारों की तहरीर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सहित 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है. इसके बाद पुलिस ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डालते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष की तहरीर पर पत्रकारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. जब मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया.
अपर एसपी मनोज गुप्ता ने कहा कि मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.


