रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के आईपीएस अधिकारी डॉ. संतोष कुमार सिंह की शोधपरक पुस्तक ‘संयुक्त राष्ट्र के शांति सुदृढ़ीकरण प्रयास’ का हाल ही में विमोचन हुआ। यह पुस्तक दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित मनक पब्लिकेशन से प्रकाशित हुई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमेश सिंह और डीजीपी अरुण देव गौतम की मौजूदगी में पुस्तक का औपचारिक लोकार्पण हुआ। डॉ. सिंह वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में डीआईजी (सीसीटीएनएस/एससीआरबी) के पद पर पदस्थ हैं।
इस पुस्तक में डॉ. सिंह ने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों और शांति निर्माण (Peacebuilding) के बदलते स्वरूप का विस्तृत अध्ययन प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया है कि शीत युद्ध के बाद संयुक्त राष्ट्र की भूमिका केवल संघर्षविराम और शांति स्थापना तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाजों के पुनर्निर्माण, संस्थाओं की मजबूती और समावेशी शासन व्यवस्था के निर्माण तक विस्तृत हो चुकी है।

डॉ. सिंह ने पुस्तक में दुनिया भर में हुए 49 भारतीय शांति अभियानों के योगदान का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार भारत ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के प्रयासों में अग्रणी भूमिका निभाई है।
यह पुस्तक वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को रेखांकित करते हुए यह बताती है कि कैसे भारतीय दृष्टिकोण, मूल्य और नीतियां संयुक्त राष्ट्र के शांति प्रयासों को एक नैतिक और स्थायी आयाम प्रदान करती हैं।
डॉ. संतोष सिंह ने अपने शोध में अंतरराष्ट्रीय संबंधों, वैश्विक नीतियों और संयुक्त राष्ट्र के Peacebuilding Commission की कार्यप्रणाली का गहन विश्लेषण किया है। उनका यह कार्य न केवल अकादमिक जगत बल्कि नीति-निर्माताओं के लिए भी उपयोगी माना जा रहा है।
डॉ. संतोष कुमार सिंह 2011 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एम.फिल और पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की है। वे संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय शांति अभियानों के विषय पर विशेषज्ञता रखते हैं। डॉ. सिंह का यह शोधकार्य भारत की वैश्विक शांति नीति को समझने का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक योगदान माना जा रहा है।



